हरियाणा की 15वीं विधानसभा का पहला सत्र आज, सदन में होंगे पांच वकील, तीन डॉक्टर और 53 एमएलए ग्रेजुएट

First session of Haryana's 15th Assembly today

First session of Haryana's 15th Assembly today

First session of Haryana's 15th Assembly today- चंडीगढ़। हरियाणा की 15वीं विधानसभा में युवा जोश और अनुभव का पूरा सुमेल होगा। शुक्रवार को विधानसभा का विशेष सत्र आयोजित होने जा रहा है। जिसमें सभी नए सदस्यों को प्रोटेम स्पीकर रघुवीर कादियान द्वारा शपथ दिलाई जाएगी। इसके अलावा स्पीकर तथा डिप्टी स्पीकर के पदों का चुनाव किया जाएगा।

इस विधानसभा में वकील, डाक्टर तथा किसान समेत हर तरह के नेता दिखाई देंगे। विधानसभा के 90 विधायकों में से 40 ऐसे हैं जो पहली बार विधायक बनकर सदन में पहुंचे हैं।

जिन चालीस नेताओं ने पहली बार चुनाव जीता है, उनमें भाजपा के 23 और कांग्रेस के 13 विधायक शामिल हैं। पचास विधायकों में से कई ऐसे हैं जो दो, तीन, चार, पांच, छह बार विधायक बने हैं। सात बार विधायक बनने वाले दो ही विधायक हैं। इनमें बेरी से कांग्रेस के डॉ़ रघुबीर सिंह कादियान और अंबाला कैंट से भाजपा के अनिल विज हैं।

पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा छठी बार विधानसभा पहुंचे हैं। कैथल से कांग्रेस टिकट पर विधायक बने आदित्य सुरजेवाला इस विधानसभा के सबसे युवा विधायक होंगे। वे महज 25 साल की उम्र में विधानसभा पहुंचे हैं। वहीं सबसे उम्रदराज यानी 80 वर्ष के रघुबीर सिंह कादियान हैं। रघुबीर सिंह कादियान ने बेरी हलके से लगातार छठी बार जीत हासिल की है। इसी तरह 21 विधायक दूसरी, 14 विधायक तीसरी, चार विधायक चौथी, 5 विधायक 5वीं और एक विधायक छठी बार विधानसभा पहुंचा है।

कादियान के अलावा छह और ऐसे विधायक हैं, जिनकी उम्र 70 साल से अधिक है। इनमें सफीदों से भाजपा के रामकुमार गौतम 78, गढ़ी-सांपला-किलोई से कांग्रेस के भूपेंद्र सिंह हुड्डा 77, हिसार से निर्दलीय विधायक सावित्री जिंदल 74 तथा राई से भाजपा की कृष्णा गहलोत 73, इंद्री से भाजपा के रामकुमार कश्यप और अंबाला कैंट से भाजपा के अनिल विज 71 वर्ष के हैं।

इनेलो टिकट पर डबवाली से चुनाव जीते आदित्य देवीलाल चौटाला व रानियां से अर्जुन चौटाला भी पहली बार सदन में दस्तक देंगे। इसी तरह दो निर्दलीय विधायक गन्नौर से देवेंद्र सिंह कादियान और बहादुरगढ़ से राजेश जून भी पहली बार चुने गए हैं। चौदहवीं विधानसभा में नब्बे में से 43 विधायक पहली बार चुने गए थे। इस बार 20 पूर्व विधायकों ने भी जीत हासिल की है।

एक विधायक पांचवीं और 13 दसवीं पास

नई विधानसभा में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी व पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा सहित पांच वकील, तीन डॉक्टर और 53 ग्रेजुएट विधायक हैं। सिविल इंजीनियर, पोस्ट ग्रेजुएट के अलावा 8 विधायक केवल 12वीं पास हैं। वहीं एक पांचवीं और 13 ने दसवीं तक की ही पढ़ाई की हुई है।

चार पूर्व विधायकों की पत्नियां भी सदन पहुंची

पंद्रहवीं विधानसभा में हरियाणा के चार पूर्व विधायकों की पत्नी भी इस बार विधानसभा पहुंचने में कामयाब रही हैं। पूर्व केंद्रीय मंत्री व अंबाला सिटी से विधायक रहे विनोद शर्मा की पत्नी शक्ति रानी शर्मा कालका से भाजपा टिकट पर चुनाव जीती हैं। पूर्व मुख्य संसदीय सचिव व कांग्रेस के कार्यकारी प्रदेशाध्यक्ष रामकिशन गुर्जर की पत्नी शैली चौधरी नारायणगढ़ हलके से लगातार दूसरी बार विधायक बनी हैं। अंबाला से कांग्रेस सांसद वरुण चौधरी की पत्नी पूजा चौधरी मुलाना हलके से पहली बार चुनी गई हैं। इसी तरह नांगल-चौधरी हलके से पूर्व विधायक चौ़ मूलाराम की पत्नी मंजू चौधरी कांग्रेस टिकट पर चुनाव जीतकर विधानसभा पहुंची हैं।

इस बार भी सदन में एक खिलाड़ी

चौदहवीं विधानसभा की तरह इस बार भी एक खिलाड़ी विधानसभा में नजर आएगा। 2019 में पिहोवा हलके से भाजपा टिकट पर हॉकी प्लेयर सरदार संदीप सिंह चुनाव जीतकर विधानसभा पहुंचे थे। इस बार कांग्रेस टिकट पर जुलाना हलके से ओलंपियन विनेश फोगाट चुनाव जीतकर विधानसभा पहुंची हैं।