हरियाणा में कोई योजना बंद नहीं होगी: नायब सैनी

No scheme will be stopped in Haryana

No scheme will be stopped in Haryana

No scheme will be stopped in Haryana- चंडीगढ़। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने शुक्रवार को चंडीगढ़ स्थित हरियाणा सिविल सचिवालय में मंत्रियों को उनके कार्यालय में विधिवत रूप से पदभार ग्रहण करवाया।

सभी मंत्रियों ने पदभार ग्रहण करने के बाद मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जनता ने जिस आशाओं व अपेक्षाओं के साथ भारतीय जनता पार्टी को तीसरी बार सरकार बनाने का अवसर दिया है, उनकी उम्मीदों पर हम खरे उतरेंगे।

मुख्यमंत्री ने सर्वप्रथम अनिल विज को पदभार ग्रहण कराया और लड्डू खिलाकर मुबारकबाद दी। अनिल विज ने मुख्यमंत्री के साथ मीडिया से बात करते हुए कहा कि आज ख़ुशी का दिन है। वर्तमान सरकार पहले के दो कार्यकाल की भांति केवल नॉन -स्टॉप ही नहीं चलेगी बल्कि  मैट्रो की स्पीड से दौड़ेगी। एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि उन्हें जो भी जिम्मेदारी दी जाती है उसे वे पूरी निष्ठा से निभाते आए हैं और आगे भी इसे निभाते रहेंगे।

विज ने कहा कि लगभग 25 हजार नौकरियों का जो रिजल्ट निकला है उसको लेकर प्रदेश ही नहीं देश में चर्चा हो रही है। उन्होंने मेरिट के आधार पर दी जा रही नौकरियों को देश में मेरिट-क्रांति करार दिया है।

संविधान सुरक्षित हाथों में:पंवार

कार्यभार संभालने के बाद पत्रकारों से बातचीत में कैबिनेट मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने कहा कि हमारी सरकार ने कार्यभार संभालते ही युवाओं को रोजग़ार प्रदान करने का अपना वायदा पूरा किया है। इसके तहत ही सरकार ने लगभग 25 हजार युवाओं को नौकरी देकर दीवाली का तोहफा दिया है। केंद्र सरकार और राज्य सरकार संविधान के अनुरूप कार्य कर रही है और संविधान सुरक्षित हाथों में है।

गुरुग्राम में खत्म होगी जलभराव की समस्या:राव नरबीर

पदभार ग्रहण करने के बाद कैबिनेट मंत्री राव नरबीर सिंह ने कहा कि संकल्प पत्र में जो वादे प्रदेश की जनता से किए थे, उन्हें पूरा करने की प्राथमिकता रहेगी। वहीं प्रदेश की आर्थिक राजधानी के रूप में पहचाने जाने वाले गुरुग्राम में जलभराव जैसी समस्या का भी जल्द हल किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पर्यावरण का संरक्षण सरकार का ही नहीं आम जनता की भी जिम्मेवारी है।

किसानों को हर प्रकार से देंगे राहत:महीपाल ढांडा

कैबिनेट मंत्री महीपाल ढांडा ने कहा कि हमारी सरकार का लक्ष्य जरूरतमंद, गरीब, युवाओं व किसानों के जीवन को सुगम बनाना है। युवाओं को बिना खर्ची-पर्ची के नौकरियां दी हैं और भविष्य में भी इसी संकल्प के साथ नौकरियां दी जाएंगी। किसानों की फसलों की एमएसपी के तहत खरीद की जा रही है, जिससे किसानों को राहत मिली है।

जनता के विश्वास पर खरा उतरूंगा:विपुल गोयल

कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल ने कहा कि वह प्रदेश की जनता के विश्वास पर खरे साबित होंगे। उन्होंने जनता को आश्वासन दिया कि उनकी प्राथमिकता भाजपा के संकल्प पत्र को लागू करना है। वह केवल विकास की नीति में विश्वास रखते हैं। वह अब फरीदाबाद को विकसित शहर बनाने का काम करेंगे। साथ ही विकास के कार्यों को भी प्राथमिकता से पूरा करेंगे।

हर व्यक्ति की क्षमता अनुसार करूंगा मदद:अरविंद शर्मा

कैबिनेट मंत्री डॉ अरविंद कुमार शर्मा ने पदभार ग्रहण करने उपरान्त कहा कि लोगों ने भारतीय जनता पार्टी की नीतियों में विश्वास व्यक्त किया है। अब मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने जनता की सेवा करने का जो अवसर उन्हें दिया है उस कसौटी पर वे खरा उतरने का प्रयास करेंगे।मंत्री रहते हुए उनका प्रयास रहेगा कि हर व्यक्ति की अपनी क्षमता अनुसार मदद कर सकें।

सभी 36 बिरादारी के कल्याण को बनेंगी योजनाएं:राणा

कैबिनेट मंत्री श्याम सिंह राणा ने इस अवसर पर कहा कि आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का नाम पूरे विश्व में है और यही कारण है कि तीसरी बार प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी का परचम लहराया है। उन्होंने कहा यह सरकार किसी एक वर्ग की नहीं सभी 36 बिरादरी की सरकार है। इसलिए मंत्री रहते हुए सभी वर्गों का ख्याल रखा जाएगा।

संकल्प पत्र को पहल के आधार पर करेंगे लागू:गंगवा

कैबिनेट मंत्री रणबीर गंगवा ने कहा कि बरवाला हलके की मुख्य समस्याओं के निदान करवाने के अलावा पार्टी के संकल्प पत्र में की गई घोषणाओं को पूरा करवाना उनका प्रथम उद्देश्य रहेगा। रणबीर गंगवा ने इस दौरान कहा कि तीसरी बार प्रदेश में बनी बीजेपी सरकार विकास के नये आयाम लिखने का काम करेगी। उन्होंने कहा कि जनता ने जो विश्वास उन पर जताया हैं, उस पर वो पूरी तरह खरा उतरेंगे।  

महिला सशक्तिकरण व किसान कल्याण टॉप एजेंडे में:श्रुति चौधरी

कैबिनेट मंत्री श्रुति चौधरी ने कहा कि महिला सशक्तिकरण व किसान कल्याण हमारी सरकार की प्राथमिकतायें होंगी। उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव में लोगों ने अपने वोट के माध्यम से कांग्रेस पार्टी को करारा जवाब दिया है। उन्होंने कहा कि आज का दिन मेरे लिए ऐतिहासिक दिन है। मंत्रिमंडल में शामिल करने के लिए मैं प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी व मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी का आभार व्यक्त करती हूँ। उन्होंने कहा कि तोशाम के लोगों को वे अपना परिवार मानते हैं और सभी आवश्यकताओं को पूरा करने व वहां का विकास करवाने की पूरी कोशिश करेंगे।

जनता की सेवा को बखूबी करूंगी:आरती राव

कैबिनेट मंत्री कुमारी आरती राव  ने  कहा कि मुझे हरियाणा की जनता का सेवा करने का मौका मिला है जिसे मैं बखूबी निभाऊंगी। मैं प्रदेश की जनता का धन्यवाद  भी करती हूं जिन्होंने पिछले 10 वर्षों से इतनी मेहनत कर मुझे इस मुकाम पर पहुंचाया है। आरती राव ने कहा कि दक्षिण हरियाणा के लोगों की समस्याओं के समाधान हेतु कोई कसर नहीं छोड़ेंगी।

सीएम के नेतृत्व में टीम की तरह करेंगे काम:गौतम

राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभारी गौरव गौतम ने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में हम एक टीम की तरह कार्य करेंगे। उन्होंने कहा कि हमें विश्वास है हरियाणा नॉन स्टॉप आगे बढ़ेगा और हमारा राज्य देश के अग्रिम राज्यों में अपना नाम स्वर्णिम अक्षरों में दर्ज करेगा।