हरियाणा के मुख्यमंत्री को जान से मारने की धमकी; व्हाट्सएप पर मैसेज भेजा- गोली मार दूंगा, नई सरकार का शपथ ग्रहण समारोह 17 को

Haryana CM Death Threat

Haryana CM Death Threat New Government Oath Ceremony 17 Oct Panchkula

Haryana CM Death Threat: हरियाणा के मुख्यमंत्री को जान से मारने की धमकी दी गई है। बताया जा रहा है कि, व्हाट्सएप पर जुलाना हल्के के नाम से बने ग्रुप में इस तरह की धमकी भेजी गई। धमकी देने वाले शख्स ने लिखा- हरियाणा में तीसरी बार बीजेपी सरकार बनने पर जो भी मुख्यमंत्री बनेगा। उसको मैं गोली मार दूंगा। शख्स ने यह भी कहा था कि, हरियाणा के मुख्यमंत्री का हाल वैसा ही होगा जैसा महात्मा गांधी का हुआ था। जिस तरह से गोडसे ने महात्मा गांधी को गोली मारी थी, उसी तरह से मैं मुख्यमंत्री को गोली मारुंगा।

पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया

रिपोर्ट्स के मुताबिक, धमकी की जानकारी मिलते ही हरियाणा पुलिस तत्काल एक्शन में आ गई थी। जिसके बाद आरोपी को ट्रेस को किया गया और उसे धर दबोचा गया। पुलिस ने मुख्यमंत्री को धमकाने वाले आरोपी शख्स को गिरफ्तार कर लिया है और आगे की कार्रवाई की है। बताया जाता है कि, जिस दिन 8 अक्टूबर को विधानसभा चुनाव का परिणाम आ रहा था। उसी दिन हरियाणा के मुख्यमंत्री को यह धमकी दी गई। इस बारे में पुलिस को एक शिकायतकर्ता ने शिकायत दी।

शिकायतकर्ता ने पुलिस को बताया कि, जुलाना हल्के के नाम से व्हाट्सएप ग्रुप बनाया गया और उसमें हरियाणा के मुख्यमंत्री को धमकी दी गई। आरोपी शख्स ने जब ग्रुप में मैसेज डाला तो इसके बाद बवाल होने के चलते मैसेज डिलीट कर दिया और कहा कि शराब के नशे में उसने ऐसा लिख दिया था। लेकिन होश आने के बाद उसने मैसेज डिलीट कर दिया है। आरोपी शख्स का नाम अजमेर बताया जा रहा है।

बता दें कि, जुलाना हल्के से ओलंपियन पहलवान विनेश फोगाट ने पहली बार विधानसभा चुनाव जीता है। पुलिस का कहना है कि, ग्रुप का या उस आरोपी शख्स का विनेश फोगाट से कोई लेना-देना नहीं है। इसके अलावा आरोपी शख्स का कोई आपराधिक रेकॉर्ड भी नहीं पाया गया है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच पड़ताल कर रही रही है।

हरियाणा में नई सरकार का शपथ ग्रहण समारोह 17 को

हरियाणा में नई सरकार का शपथ ग्रहण समारोह अब 17 अक्टूबर को होने जा रहा है। इससे पहले शपथ ग्रहण के लिए 15 अक्टूबर की तारीख सामने आई थी। जबकि पहले 12 अक्टूबर की तारीख भी तय की गई थी। लेकिन अब फाइनल तारीख 17 अक्टूबर है। इस दिन पंचकूला में नई सरकार का शपथ ग्रहण समारोह सुबह 10 बजे से होगा। जहां सीएम समेत तमाम मंत्री शपथ ग्रहण करेंगे।

नायब सैनी ही अगले सीएम बनने जा रहे हैं। सैनी दूसरी बार सीएम पद की शपथ लेंगे। वहीं कैबिनेट के लिए 10 से ज्यादा मंत्री शपथ ग्रहण कर सकते हैं। हरियाणा मंत्रिमंडल में मुख्यमंत्री समेत अधिकतम कुल 14 मंत्री ही रह सकते हैं। बता दें कि, हरियाणा में नई सरकार के शपथ ग्रहण समारोह में पीएम मोदी, अमित शाह समेत कई केंद्रीय मंत्री और अन्य राज्यों के मुख्यमंत्री शामिल होने के लिए आएंगे।

हरियाणा में BJP को 48 सीटें, बहुमत पार

हरियाणा का चुनावी रिजल्ट चौंकाने वाला है। कांग्रेस लहर के दावे और तमाम एग्जिट पोल फेल साबित हुए हैं। बीजेपी ने कांग्रेस को 37 सीटों पर समेट दिया। जबकि बीजेपी ने बहुमत पार कर 48 सीटों पर अपना कब्जा जमाया है। हरियाणा में किसी भी पार्टी को अपनी सरकार बनाने के लिए कुल 46 सीटों की जरूरत होती है। बता दें कि, बीजेपी और कांग्रेस के अलावा इनेलो ने 2 सीटों पर जीत हासिल की है। जबकि 3 सीटों पर आजाद उम्मीदवार जीते हैं।