मंत्री बनने के लिए दिल्ली दरबार में लॉबिंग कर रहे विधायक

MLAs lobbying in Delhi Darbar to become ministers

MLAs lobbying in Delhi Darbar to become ministers

MLAs lobbying in Delhi Darbar to become ministers- चंडीगढ़। हरियाणा में नई सरकार के शपथ ग्रहण से पहले विधायकों ने मंत्री बनने के लिए लॉबिंग तेज कर दी हे। भाजपा के चुनाव प्रभारी एवं केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान तथा केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल का आवास हरियाणा की गतिविधियों का केंद्र बिंदु बना हुआ है।

90 विधायकों वाली हरियाणा विधानसभा में मुख्यमंत्री समेत 14 मंत्री बनाए जा सकते हैं। इस बार के चुनाव परिणाम में आठ पंजाबी नेता विधायक बनकर सदन में पहुंचे हैं। चुनाव परिणाम के बाद अटकलें लगाई जा रही थी कि वरिष्ठता के आधार पर अनिल विज को उपमुख्यमंत्री बनाया जा सकता है। इसके अलावा एक अन्य समुदाय के मंत्री को डिप्टी सीएम का दर्जा दिया जा सकता है। भाजपा में हुई बैठकों के बाद फिलहाल इस विचार को रोक दिया गया है। इस संबंध में अंतिम निर्णय प्रधानमंत्री मोदी व गृहमंत्री अमित शाह करेंगे।

बहरहाल 15 अक्टूबर को होने वाले शपथ ग्रहण समारोह में मुख्यमंत्री तथा कैबिनेट मंत्री शपथ लेंगे। मंत्री पद हासिल करने के लिए विधायकों द्वारा दिल्ली में लगातार लॉबिंग की जा रही है। हरियाणा के विधायक लगातार पूर्व मुख्यमंत्री एवं केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल व धर्मेंद्र प्रधान से मुलाकात कर रहे हैं। शुक्रवार को भी राज्य सभा सांसद किरण चौधरी, पूर्व मंत्री मूल चंद शर्मा, राज्य सभा सांसद कृष्ण लाल पंवार समेत कई नेता दिल्ली में दिखाई दिए।

पहली बार विधायक बनी किरण चौधरी की बेटी श्रुति चौधरी ने मीडिया से बातचीत में कहा कि मंत्री बनना उनकी कोई मांग नहीं है। भाजपा में आने के बाद उन्हें बहुत मान-सम्मान मिला है। पार्टी जो भी फैसला देगी मंजूर होगा। हरियाणा के लोगों ने बिना खर्ची, बिना पर्ची वाली सरकार को जनादेश दिया है। पिता-पुत्र के कारण कांग्रेस की हार हुई है।

राज्य सभा सांसद किरण चौधरी ने कहा कि उन्हें पता था कि हुड्डा के कारण कांग्रेस को बुरी तरह से हार का सामना करना पड़ेगा। कांग्रेस में चौधरी बंसीलाल की विचारधारा को खत्म करने की कोशिश की जा रही थी। भाजपा ने यह चुनाव संगठन के बल पर लड़ा है। श्रुति चौधरी के मंत्री बनाने पर किरण ने कहा कि अब मैं संसद में और श्रुति विधानसभा में जनता की बात रखेंगे।

इसराना के विधायक एवं राज्य सभा सांसद कृष्ण लाल पंवार ने कहा कि भाजपा ने अपने संकल्प पत्र में जो भी वादे किए हैं उनको जल्द से जल्द पूरा करना ही सबसे बड़ी प्राथमिकता होगी। कांग्रेस के चुनाव आयोग की शिकायत को लेकर पंवार ने कहा कि चुनाव नतीजे से दो दिन पहले मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी कह दिया था कि परिणाम चौंकाने वाले आएंगे और कांग्रेस वाले ईवीएम की शिकायत करते हुए नजर आएंगे। पंवार ने कहा कि भाजपा ने यह चुनाव जीतने के लिए लड़ा है और कांग्रेस ने चुनाव की बजाए मुख्यमंत्री पद की लड़ाई लड़ी है।

बल्लभगढ़ से तीसरी बार विधायक बने पूर्व मंत्री मूलचंद शर्मा ने कहा कि अगले दो साल में बल्लभगढ़ एक अलग रूप में नजर आएगा।2027 तक बल्लभगढ़ को पूरी तरह से विकसित शहर बनाने का फैसला लिया जा चुका है। शपथ ग्रहण समारोह को लेकर मूलचंद शर्मा ने कहा कि नायब सैनी दूसरी बार सीएम बनने जा रहे हैं यह उन्हें पता है लेकिन मंत्री कौन-कौन बनेगा और उनका नाम होगा या नहीं इसके बारे में कोई जानकारी नहीं है।