हरियाणा विधानसभा चुनाव का रिजल्ट यहां LIVE; BJP की इस सीट पर पहली जीत, 50 पर आगे, कांग्रेस का भी 1 सीट पर खाता खुला

Haryana Election Result 2024 LIVE 90 Seats Votes Counting Update

Haryana Election Result 2024 LIVE 90 Seats Votes Counting Update

Haryana Election Result 2024 LIVE: हरियाणा विधानसभा चुनाव-2024 का रिजल्ट आज जारी हो रहा है। हरियाणा की सभी 90 विधानसभा सीटों पर वोटों की गिनती सुबह 8 बजे से शुरू हो गई है। इस दौरान किसी अप्रिय स्थिति से बचाव के लिए सभी मतगणना केन्द्रों पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई है। मतगणना केन्द्रों पर पुलिस बल के साथ पैरामिलिट्री फोर्स के जवान तैनात हैं। मतगणना केन्द्रों के अलावा और जगहों पर भी सुरक्षा व्यवस्था पुख्ता है। हरियाणा में 5 अक्टूबर को एक फेज में वोटिंग हुई थी। इस बार हरियाणा में कुल 67.90 वोटिंग दर्ज की गई।

LIVE अपडेट यहां...

सुबह 8 बजे वोटों की गिनती खुलने के साथ जहां शुरुवाती रुझानों में कांग्रेस अपनी बढ़त के साथ बीजेपी से काफी आगे दिख रही थी तो वहीं इस समय बीजेपी आगे हो गई है। चुनाव आयोग की आधिकारिक रिपोर्ट के मुताबिक, सत्ताधारी बीजेपी अभी 1 सीट (जींद- कृष्ण लाल मिड्ढा) पर जीत के साथ 50 सीटों पर आगे है। जबकि कांग्रेस 1 सीट (नूंह-आफताब अहमद) पर जीत के साथ 33 सीटों पर अपनी बढ़त बनाए हुए है. इसी के साथ आईएनएलडी-बीएसपी गठबंधन इस समय 1 सीट पर आगे है। जबकि 3 सीटों पर आजाद उम्मीदवारों ने बढ़त बनाई हुई है। वहीं जजपा बुरी तरह से पिछड़ रही है।

वीआईपी सीटों पर कौन आगे-पीछे

वीआईपी सीटों में लाडवा सीट से नायब सैनी आगे चल रहे हैं, अंबाला कैंट में अनिल विज पीछे हैं। यहां निर्दलीय चित्रा सरवारा ने बढ़त बनाई हुई है। इसी प्रकार पंचकूला सीट से ज्ञानचंद गुप्ता आगे चल रहे हैं। यहां कांग्रेस के चन्द्र मोहन पहले बढ़त बनाए हुए थे। अब वह पीछे हैं। वहीं गढ़ी सांपला किलोई से भूपेंद्र सिंह हुड्‌डा आगे चल रहे हैं। जुलाना से पहलवान विनेश फोगाट बीजेपी के योगेश कुमार फिर से आगे हो गईं हैं। हिसार के उचाना से पूर्व डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला पीछे हैं।

चुनावी लड़ाई आज अपने निर्णायक मोड़ पर

बहराल, हरियाणा की चुनावी लड़ाई आज अपने निर्णायक मोड़ पर है। हरियाणा में बीजेपी और कांग्रेस में सीधा मुक़ाबला है। आज यह तय हो जाएगा कि, हरियाणा में 10 साल के अंतराल के बाद कांग्रेस वापस हो रही है या फिर बीजेपी लगातार तीसरी बार सत्ता में अपनी वापसी कर रही है। हरियाणा में सरकार बनाने के लिए बहुमत का जादुई आंकड़ा 46 है। यानि किसी भी पार्टी को अपनी सरकार बनाने के लिए कुल 46 सीटों की जरूरत है। फिलहाल, शुरुवाती रुझानों में बीजेपी पीछे है। सभी सीटों पर रुझान आने शुरू हो गए हैं। देखें कौन आगे-पीछे चल रहा है।

90 सीटों पर 1031 उम्मीदवारों का फैसला आज

हरियाणा विधानसभा चुनाव में इस बार कुल 1031 उम्मीदवार अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। जिनमें से 930 पुरुष और 101 महिलाएं हैं। वहीं 464 निर्दलीय उम्मीदवार हैं। वहीं विधानसभा चुनाव के लिए प्रमुख उम्मीदवारों में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी (लाडवा), विपक्ष के नेता भूपेंद्र सिंह हुड्डा (गढ़ी सांपला-किलोई), इनेलो के अभय सिंह चौटाला (ऐलनाबाद), जजपा के दुष्यंत चौटाला (उचाना कलां), भाजपा के अनिल विज (अंबाला कैंट) और ओपी धनखड़ (बादली) एवं कांग्रेस की विनेश फोगट (जुलाना) शामिल हैं। निर्दलीय उम्मीदवारों में सावित्री जिंदल (हिसार), रंजीत चौटाला (रानिया) और चित्रा सरवारा (अंबाला कैंट) शामिल हैं। जिनकी साख दांव पर है।

2019 में किसी भी पार्टी को नहीं मिला था बहुमत

2019 के हरियाणा विधानसभा चुनाव में किसी भी पार्टी को बहुमत हासिल नहीं हुआ था। हरियाणा की कुल 90 विधानसभा सीटों में बहुमत के लिए किसी पार्टी को अकेले दम पर 46 सीटों की जरूरत होती है। लेकिन रिजल्ट के बाद सत्ताधारी पार्टी बीजेपी ने 40 सीटें जीतीं, कांग्रेस ने 31 सीटें, जेजेपी ने 10 और अन्य ने 9 सीटें हासिल की थी। जिसके बाद बीजेपी और जेजेपी ने आपस में गठबंधन किया और राज्य में सीएम मनोहर लाल के नेतृत्व में गठबंधित सरकार चलाई। इस दौरान जेजेपी प्रधान महासचिव दुष्यंत चौटाला हरियाणा के डिप्टी सीएम रहे।

लेकिन यह गठबंधित सरकार इस साल लोकसभा चुनाव से पहले बिखर गई। 12 मार्च को बीजेपी ने जेजेपी से गठबंधन तोड़ लिया और इसके साथ ही मनोहर लाल खट्टर ने मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया। जिसके बाद उसी दिन नायब सिंह सैनी ने सरकार बनाने के लिए तय विधायकों की संख्या के हरियाणा के नए मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली। फिलहाल, इस बार यह देखना होगा कि, हरियाणा की जनता किस पार्टी को सत्ता में बैठाती है।

लोकसभा चुनाव में BJP को लगा था झटका

ज्ञात रहे कि, इसी साल लोकसभा चुनाव में बीजेपी को बड़ा झटका लग चुका है। 2019 के लोकसभा चुनाव में जहां बीजेपी ने हरियाणा की सभी 10 लोकसभा सीटें जीतीं थीं तो वहीं 2024 के लोकसभा चुनाव में बीजेपी को 5 सीटों पर हार का सामना करना पड़ा। हरियाणा की 5 ये सीटें कांग्रेस के खाते में गईं। जिसे 2019 में एक भी लोकसभा सीट नहीं मिली थी। लोकसभा चुनाव के इस रिजल्ट को देखते हुए यह माना जाने लगा था कि, हरियाणा में कांग्रेस का ग्राफ बढ़ना शुरू हो गया है और बीजेपी की नैया गोते खाने लगी है।