चुनाव प्रचार छोड़कर सोनिया गांधी से मिलीं कुमारी शैलजा; दिल्ली आवास पर अचानक मुलाकात, हरियाणा में कैंपेन का आज आखिरी दिन

Kumari Selja met Sonia Gandhi

Kumari Selja met Sonia Gandhi In Delhi Leaving Haryana Congress Campaign

Kumari Selja met Sonia Gandhi: हरियाणा में जितनी चर्चा विधानसभा चुनाव की है, उतनी ही चर्चा कांग्रेस नेता कुमारी शैलजा की भी है। दरअसल, कांग्रेस नेतृत्व भले ही हरियाणा संगठन के अंदर सब कुछ ठीक दिखाने की कोशिश कर रहा है मगर फिर भी शैलजा की नाराजगी और हुड्डा गुट से खींचतान सुर्खियों में बनी हुई है। इस बीच कुमारी शैलजा को लेकर हलचल तब और तेज हो गई है। जब आज हरियाणा में चुनाव प्रचार का आखिरी दिन है। लेकिन कुमारी शैलजा चुनाव प्रचार छोड़कर सोनिया गांधी से मिलने के लिए अचानक दिल्ली जा पहुंची है। जबकि खड़गे, राहुल गांधी, प्रियंका समेत पार्टी के राष्ट्रीय नेता हरियाणा में प्रचार के लिए मौजूद हैं।

दिल्ली आवास पर सोनिया से शैलजा की मुलाकात

हरियाणा से कांग्रेस की वरिष्ठ नेता और सिरसा से सांसद कुमारी शैलजा ने दिल्ली के 10 जनपथ आवास में सोनिया गांधी से मुलाक़ात की है। दोनों के बीच आवास के अंदर काफी देर तक बातचीत चली। इस दौरान सोनिया गांधी से मुलाक़ात को लेकर शैलजा ने मीडिया से कोई बातचीत नहीं की। इसलिए दोनों के बीच क्या बातचीत हुई, दोनों में किस बात को लेकर मुलाक़ात हुई। इसे लेकर कोई जानकारी नहीं मिली है। लेकिन यह माना जा रहा है कि, शैलजा पार्टी में अपनी उपेक्षा से नाराज हैं। वह संगठन में हुड्डा गुट के साथ सहज नहीं हो पा रहीं हैं। सोनिया से शैलजा की मुलाकात के कई राजनीतिक मायने निकाले जा रहे हैं।

चुनाव लड़ना चाहती थीं, लेकिन टिकट नहीं मिली

कुमारी शैलजा ने हरियाणा विधानसभा चुनाव में उतरने की इच्छा जताई थी। लेकिन उन्हें टिकट नहीं दी गई। ऐसा कहना खुद कुमारी शैलजा का ही है। वह उकलाना से चुनाव लड़ने की इच्छुक थीं। शैलजा पिछले दिनों में दिए गए कई इंटरव्यूज में विधानसभा चुनाव लड़ने की बात कह चुकी हैं। उन्होंने टिकट न मिलने को लेकर पार्टी के अपने ही कुछ नेताओं पर धीरे से निशाना भी साधा। जिनके चलते उन्हें टिकट नहीं मिल पाई। इसलिए पार्टी के अंदर शैलजा की नाराजगी का पहला कारण तो यही रहा कि, उन्हें चुनाव से किनारे कर दिया गया। जबकि वह इतनी सीनियर नेता हैं और सीडबल्यूसी की सदस्य हैं।

प्रभारी से बात नहीं होती- कुमारी शैलजा

कुमारी शैलजा ने एक इंटरव्यू में बयान दिया है कि, उनकी हरियाणा कांग्रेस प्रभारी दीपक बाबरिया से बातचीत नहीं होती है। शैलजा से जब कहा गया कि, आप इतनी वरिष्ठ नेता हैं और आप कह रहीं हैं कि, प्रदेश प्रभारी से बात नहीं होती है? इस पर शैलजा ने कहा कि, उनसे बहुत दिनों से हमारी बातचीत नहीं है। शैलजा ने कहा कि, दीपक बाबरिया तो मुझसे भी पहले से कह रहे हैं कि, उनकी मेरे साथ बातचीत नहीं है। मैं इसमें कुछ नया नहीं कह रहीं हूं। बता दें कि, दीपक बाबरिया ने ही बयान दिया था कि सांसदों को चुनाव नहीं लड़ाया जाएगा।

राहुल गांधी ने 'ऑल इज वेल' का संदेश देने की कोशिश की

हाल ही में राहुल गांधी ने पार्टी में गुटबाजी की तस्वीर को खारिज करते हुए एकजुटता और 'ऑल इज वेल' का संदेश देने की कोशिश की थी। राहुल गांधी ने नारायनगढ़ में रैली के दौरान शैलजा का हाथ पकड़ हुड्डा के हाथ से मिलाया था और इस तरह से लोगों के सामने पार्टी की तरफ से एकजुटता की तस्वीर पेश की। राहुल गांधी ने यह दिखाया कि, पार्टी में कोई गुटबाजी नहीं हैं। हरियाणा में कांग्रेस एक और एकजुट है।

दरअसल, कुमारी शैलजा और भूपेंद्र हुड्डा के बीच नाराजगी और गुटबाजी किसी से छिपी नहीं है और समय-समय यह गुटबाजी खुलकर भी सामने आई है। वहीं हरियाणा में विधानसभा चुनाव के बीच कुमारी शैलजा और भूपेंद्र हुड्डा में गुटबाजी उस वक्त और तेज हो गई। जब दिल्ली में ​​​​​​​टिकट बंटवारे के दौरान हुड्डा ने अपनी चलाई और इस दौरान शैलजा की अनदेखी की गई। इसके बाद हुड्डा गुट के लोगों द्वारा अपने खिलाफ जातिसूचक शब्दों से भी शैलजा बेहद आहत हुईं।

जिसका परिणाम यह हुआ कि, शैलजा ने चुनाव प्रचार से बिलकुल दूरी ही बना ली। शैलजा प्रचार में दोबारा तब एक्टिव हुईं। जब हाल ही में राहुल गांधी ने करनाल के असंध में रैली की। तब वह राहुल के साथ मंच पर नजर आईं। फिलहाल, राहुल गांधी के माध्यम से कुमारी शैलजा और भूपेंद्र हुड्डा को एक ही मंच पर लाने की कोशिश है। अंदरूनी कलह के कारण कांग्रेस को कोई नुकसान न हो जाए। इसलिए राहुल गांधी गुटबाजी को भी दूर करने में जुट गए हैं।

शैलजा एक बड़ा दलित चेहरा, करीब 20 सीटों पर प्रभाव

हरियाणा में कुमारी शैलजा एक बड़ा दलित चेहरा और साथ ही कांग्रेस की तरफ से एक बड़ी दलित नेता भी। शैलजा के अपमान से हरियाणा का दलित समाज भी अपना गुस्सा जाहिर कर रहा है। हरियाणा में करीब 20 फीसदी दलित वोट हैं. हरियाणा में अनुसूचित जातियों के लिए 17 सीटें रिजर्व हैं लेकिन उनका 35 से 37 सीटों पर असर है। इस लिहाज से कांग्रेस के लिए शैलजा काफी अहम हैं। हरियाणा में 20 से ज्यादा सीटें कुमारी शैलजा के प्रभाव वाली मानी जाती हैं.

हरियाणा में विधानसभा चुनाव-2024 के लिए 5 अक्टूबर को वोटिंग

हरियाणा विधानसभा चुनाव-2024 के लिए 5 अक्टूबर को वोटिंग होनी है। जबकि वोटों की गिनती 8 अक्टूबर को होगी। यानि 8 अक्टूबर के दिन उम्मीदवारों की तकदीर और बदलती तस्वीर का निर्णय हो जाएगा। साथ ही यह भी साफ हो जाएगा कि हरियाणा की जनता ने अबकी बार किसको सत्ता सौंपी है। गौरतलब है कि, इलेक्शन कमीशन (ECI) ने हाल ही में विधानसभा चुनाव के शेड्यूल में बदलाव किया था। इलेक्शन कमीशन (ECI) की ओर से नया शेड्यूल जारी किया गया. इससे पहले हरियाणा विधानसभा चुनाव के लिए 1 अक्टूबर को वोटिंग होनी थी और 4 अक्टूबर को रिजल्ट घोषित किया जाना था।

हरियाणा में कितने पोलिंग स्टेशन और कितने वोटर

मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार ने जानकारी दी है कि, हरियाणा के 22 जिलों में कुल 90 विधानसभा सीटों पर वोटिंग होगी। इन 90 सीटों में 73 जनरल, 0 ST और 17 SC सीटें हैं। वहीं हरियाणा में कुल वोटरों की संख्या 2.01 करोड़ है। इन कुल वोटरों में 1.06 करोड़ पुरुष और 0.95 करोड़ महिला वोटर शामिल हैं। वहीं हरियाणा में युवा वोटरों (उम्र-20 से 29) की संख्या 40.95 लाख है। जबकि फ़र्स्ट टाइम वोटरों (उम्र-18 से 19) की संख्या 4.52 लाख है। इसके साथ ही पीडबल्यूएस, बुजुर्ग और थर्ड जेंडर वोटर भी शामिल हैं। इसके अलावा हरियाणा में 10 हजार 495 लोकेशन पर 20 हजार 629 पोलिंग स्टेशन बनाए गए हैं। जहां लोग वोट डालने के लिए आएंगे।

हरियाणा में इस बार जल्दी विधानसभा चुनाव

हरियाणा में मौजूदा विधानसभा का कार्यकाल 3 नवंबर 2024 को समाप्त होने वाला है। यानि हरियाणा में मौजूदा सरकार का कार्यकाल 3 नवंबर, 2024 को समाप्त हो जाएगा। हरियाणा में विधानसभा की कुल 90 सीटों पर पिछला विधानसभा चुनाव साल 2019 में हुआ था। तब चुनाव आयोग ने 27 सितंबर को चुनावी नामांकन के लिए अधिसूचना जारी की थी और 4 अक्टूबर तक नामांकन दाखिल किए गए थे। वहीं 7 अक्टूबर नामांकन वापस लेने की तिथि थी। जबकि 2019 में हरियाणा विधानसभा चुनाव के लिए वोटिंग 21 अक्टूबर को हुई थी। जिसके बाद 24 अक्टूबर को विधानसभा चुनाव में पड़े वोटों की गिनती की गई और रिजल्ट डिक्लेयर कर दिया गया था।

किसी भी पार्टी को नहीं मिला था बहुमत

2019 के हरियाणा विधानसभा चुनाव में किसी भी पार्टी को बहुमत हासिल नहीं हुआ था। हरियाणा की कुल 90 विधानसभा सीटों में बहुमत के लिए किसी पार्टी को अकेले दम पर 46 सीटों की जरूरत होती है। लेकिन रिजल्ट के बाद सत्ताधारी पार्टी बीजेपी ने 40 सीटें जीतीं, कांग्रेस ने 31 सीटें, जेजेपी ने 10 और अन्य ने 9 सीटें हासिल की थी। जिसके बाद बीजेपी और जेजेपी ने आपस में गठबंधन किया और राज्य में सीएम मनोहर लाल के नेतृत्व में गठबंधित सरकार चलाई। इस दौरान जेजेपी प्रधान महासचिव दुष्यंत चौटाला हरियाणा के डिप्टी सीएम रहे।

लेकिन यह गठबंधित सरकार इस साल लोकसभा चुनाव से पहले बिखर गई। 12 मार्च को बीजेपी ने जेजेपी से गठबंधन तोड़ लिया और इसके साथ ही मनोहर लाल खट्टर ने मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया। जिसके बाद उसी दिन नायब सिंह सैनी ने सरकार बनाने के लिए तय विधायकों की संख्या के हरियाणा के नए मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली। इस समय नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में हरियाणा में बीजेपी सरकार है। वहीं इस बार के हरियाणा विधानसभा चुनाव 2024 में बीजेपी कांग्रेस, जेजेपी और आप के बीच चौतरफा मुकाबला होने की संभावना है। उधर इनेलो भी इस बार पूरी दमखम के साथ मैदान में है।

इनेलो और मायावती की बीएसपी पार्टी गठबंधन के साथ चुनाव मैदान में उतरे हैं। इस बार देखना यह होगा हरियाणा की जनता किस पार्टी को सत्ता में बैठाती है। ज्ञात रहे कि, हरियाणा लोकसभा चुनाव में बीजेपी को बड़ा झटका लग चुका है। 2019 के लोकसभा चुनाव में जहां बीजेपी ने राज्य की सभी 10 लोकसभा सीटें जीतीं थीं तो वहीं 2024 के लोकसभा चुनाव में बीजेपी को 5 सीटों पर हार का सामना करना पड़ा। ये सीटें कांग्रेस के खाते में गईं। जिसे 2019 में एक भी लोकसभा सीट नहीं मिली थी।