Haryana Vidhan Sabha Chunav 2024 Voting LIVE Today News Update

हरियाणा विधानसभा चुनाव के लिए आज वोटिंग जारी; CM सैनी और मनोहर लाल समेत कई दिग्गजों ने डाला वोट, मैदान में 1031 उम्मीदवार

Haryana Vidhan Sabha Chunav 2024 Voting LIVE Today News

Haryana Vidhan Sabha Chunav 2024 Voting LIVE Today News

Haryana Chunav 2024 Voting LIVE: हरियाणा में विधानसभा चुनाव-2024 के लिए आज वोटिंग हो रही है। 90 विधानसभा सीटों के लिए सुबह 7 बजे से 20 हजार से ज्यादा पोलिंग बूथों पर लोग वोट डालने पहुंच रहे हैं। शाम 6 बजे तक वोट डाले जा सकेंगे। वहीं हरियाणा के सीएम नायब सैनी और केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर समेत कई दिग्गजों ने भी अपना वोट डाल दिया है। लाडवा से बीजेपी उम्मीदवार सीएम सैनी अंबाला के नारायणगढ़ वोट डालने पहुंचे तो वहीं खट्टर ने करनाल में मतदान किया। इसी प्रकार केंद्रीय मंत्री कृष्ण पाल गुर्जर ने हरियाणा के फरीदाबाद में अपना वोट डाला। गुजरात के राज्यपाल आचार्य देवव्रत ने कुरुक्षेत्र में विधानसभा चुनाव के लिए मतदान किया।

हिसार में कांग्रेस सांसद कुमारी शैलजा, भिवानी में तोशाम विधानसभा क्षेत्र से बीजेपी उम्मीदवार श्रुति चौधरी और तोशाम से कांग्रेस उम्मीदवार अनिरुद्ध चौधरी चुनाव के लिए मतदान किया। वहीं बीजेपी सांसद किरण चौधरी ने भी यहां अपना वोट डाला। इसी तरह कैथल में यहां से कांग्रेस प्रत्याशी आदित्य सुरजेवाला ने अपने परिवार के साथ मतदान किया। वहीं पंचकूला विधानसभा सीट से कांग्रेस उम्मीदवार चंद्र मोहन ने भी अपने परिवार के साथ मतदान किया। वहीं पहलवान और जुलाना विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस उम्मीदवार विनेश फोगाट ने चरखी दादरी में अपना वोट डाला।

हरियाणा विधानसभा चुनाव के ये हैं प्रमुख उम्मीदवार

हरियाणा विधानसभा चुनाव में इस बार कुल 1031 उम्मीदवार अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। जिनमें से 930 पुरुष और 101 महिलाएं हैं। वहीं 464 निर्दलीय उम्मीदवार हैं। वहीं विधानसभा चुनाव के लिए प्रमुख उम्मीदवारों में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी (लाडवा), विपक्ष के नेता भूपेंद्र सिंह हुड्डा (गढ़ी सांपला-किलोई), इनेलो के अभय सिंह चौटाला (ऐलनाबाद), जजपा के दुष्यंत चौटाला (उचाना कलां), भाजपा के अनिल विज (अंबाला कैंट) और ओपी धनखड़ (बादली) एवं कांग्रेस की विनेश फोगट (जुलाना) शामिल हैं। निर्दलीय उम्मीदवारों में सावित्री जिंदल (हिसार), रंजीत चौटाला (रानिया) और चित्रा सरवारा (अंबाला कैंट) शामिल हैं। जिनकी साख दांव पर है।

हरियाणा विधानसभा चुनाव-2024 का रिजल्ट 8 को

हरियाणा विधानसभा चुनाव-2024 का रिजल्ट 8 अक्टूबर को जारी किया जाएगा। यानि इस दिन वोटों की गिनती होगी। 8 अक्टूबर के दिन उम्मीदवारों की तकदीर और बदलती तस्वीर का निर्णय हो जाएगा। साथ ही यह भी साफ हो जाएगा कि हरियाणा की जनता ने अबकी बार किसको सत्ता सौंपी है। गौरतलब है कि, इलेक्शन कमीशन (ECI) ने हाल ही में विधानसभा चुनाव के शेड्यूल में बदलाव किया था। इलेक्शन कमीशन (ECI) की ओर से नया शेड्यूल जारी किया गया. इससे पहले हरियाणा विधानसभा चुनाव के लिए 1 अक्टूबर को वोटिंग होनी थी और 4 अक्टूबर को रिजल्ट घोषित किया जाना था।

हरियाणा में कितने पोलिंग स्टेशन और कितने वोटर

हरियाणा के 22 जिलों में कुल 90 विधानसभा सीटों में 73 जनरल, 0 ST और 17 SC सीटें हैं। वहीं हरियाणा में कुल वोटरों की संख्या 2.01 करोड़ है। इन कुल वोटरों में 1.06 करोड़ पुरुष और 0.95 करोड़ महिला वोटर शामिल हैं। वहीं हरियाणा में युवा वोटरों (उम्र-20 से 29) की संख्या 40.95 लाख है। जबकि फ़र्स्ट टाइम वोटरों (उम्र-18 से 19) की संख्या 4.52 लाख है। इसके साथ ही पीडबल्यूएस, बुजुर्ग और थर्ड जेंडर वोटर भी शामिल हैं। इसके अलावा हरियाणा में 10 हजार 495 लोकेशन पर 20 हजार 629 पोलिंग स्टेशन बनाए गए हैं।

हरियाणा में इस बार जल्दी विधानसभा चुनाव

हरियाणा में मौजूदा विधानसभा का कार्यकाल 3 नवंबर 2024 को समाप्त होने वाला है। यानि हरियाणा में मौजूदा सरकार का कार्यकाल 3 नवंबर, 2024 को समाप्त हो जाएगा। हरियाणा में विधानसभा की कुल 90 सीटों पर पिछला विधानसभा चुनाव साल 2019 में हुआ था। तब चुनाव आयोग ने 27 सितंबर को चुनावी नामांकन के लिए अधिसूचना जारी की थी और 4 अक्टूबर तक नामांकन दाखिल किए गए थे। वहीं 7 अक्टूबर नामांकन वापस लेने की तिथि थी। जबकि 2019 में हरियाणा विधानसभा चुनाव के लिए वोटिंग 21 अक्टूबर को हुई थी। जिसके बाद 24 अक्टूबर को विधानसभा चुनाव में पड़े वोटों की गिनती की गई और रिजल्ट डिक्लेयर कर दिया गया था।

2019 में किसी भी पार्टी को नहीं मिला था बहुमत

2019 के हरियाणा विधानसभा चुनाव में किसी भी पार्टी को बहुमत हासिल नहीं हुआ था। हरियाणा की कुल 90 विधानसभा सीटों में बहुमत के लिए किसी पार्टी को अकेले दम पर 46 सीटों की जरूरत होती है। लेकिन रिजल्ट के बाद सत्ताधारी पार्टी बीजेपी ने 40 सीटें जीतीं, कांग्रेस ने 31 सीटें, जेजेपी ने 10 और अन्य ने 9 सीटें हासिल की थी। जिसके बाद बीजेपी और जेजेपी ने आपस में गठबंधन किया और राज्य में सीएम मनोहर लाल के नेतृत्व में गठबंधित सरकार चलाई। इस दौरान जेजेपी प्रधान महासचिव दुष्यंत चौटाला हरियाणा के डिप्टी सीएम रहे।

लेकिन यह गठबंधित सरकार इस साल लोकसभा चुनाव से पहले बिखर गई। 12 मार्च को बीजेपी ने जेजेपी से गठबंधन तोड़ लिया और इसके साथ ही मनोहर लाल खट्टर ने मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया। जिसके बाद उसी दिन नायब सिंह सैनी ने सरकार बनाने के लिए तय विधायकों की संख्या के हरियाणा के नए मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली। इस समय नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में हरियाणा में बीजेपी सरकार है। वहीं इस बार के हरियाणा विधानसभा चुनाव 2024 में बीजेपी कांग्रेस, जेजेपी और आप के बीच चौतरफा मुकाबला होने की संभावना है। उधर इनेलो भी इस बार पूरी दमखम के साथ मैदान में है।

इनेलो और मायावती की बीएसपी पार्टी गठबंधन के साथ चुनाव मैदान में उतरे हैं। इस बार देखना यह होगा हरियाणा की जनता किस पार्टी को सत्ता में बैठाती है। ज्ञात रहे कि, हरियाणा लोकसभा चुनाव में बीजेपी को बड़ा झटका लग चुका है। 2019 के लोकसभा चुनाव में जहां बीजेपी ने राज्य की सभी 10 लोकसभा सीटें जीतीं थीं तो वहीं 2024 के लोकसभा चुनाव में बीजेपी को 5 सीटों पर हार का सामना करना पड़ा। ये सीटें कांग्रेस के खाते में गईं। जिसे 2019 में एक भी लोकसभा सीट नहीं मिली थी।