हरियाणा में महिलाओं के कपड़े उतरवा अश्लील वीडियो बनाए; घर में लूट करने घुसे थे बदमाश, गन पॉइंट पर छेड़छाड़, लाखों का सोना ले उड़े

Haryana Rewari Robbery Case Miscreants Made Women Obscene Videos
Haryana Rewari Robbery Case: हरियाणा में एक घर में लूट करने घुसे बदमाशों ने महिलाओं के साथ बेहद गंदी हरकत की। दरअसल, यह मामला रेवाड़ी का है। जहां बदमाशों ने लूट की बड़ी वारदात को तो अंजाम दिया ही साथ ही घर की महिलाओं के कपड़े भी उतरवा दिए। बदमाशों के हाथों में हथियार थे। उन्होंने गन पॉइंट पर महिलाओं के कपड़े उतरवाए। इसके बाद उनसे छेड़छाड़ भी की और इस दौरान अश्लील वीडियो भी बनाए। घर के सभी लोग इतना डरे हुए थे कि शोर नहीं मचा पाये। वहीं जाते-जाते बदमाश घर से लाखों का सोना लूट ले गए।
आधी रात को अचानक बोला धावा
बताया जाता है कि, आधी रात एक बजे के करीब करीब 7 बदमाश धारदार हथियारों और बंदूकों के साथ घर में दाखिल हुए। इसके बाद बदमाशों ने घर के सभी सदस्यों को गन पॉइंट पर ले लिया और धमकी दी कि अगर शोर मचाने की कोशिश की तो पूरे परिवार को जान से मार देंगे। इसके बाद बदमाशों ने एक महिला के पति को बंधक बनाकर एक अलग कमरे में भी बंद कर दिया और मारपीट की। वहीं दूसरी तरफ बदमाशों ने शर्मनाक हरकत करते हुए महिलाओं से कहा कि, वह अपने कपड़े उतारें। आरोप है कि, बदमाशों ने कपड़े उतरवाने के साथ महिलाओं के साथ छेड़छाड़ की और अश्लील वीडियो बनाए।
जमीन खोदकर निकाल ले गए ज्वेलरी
इधर, बदमाशों ने डरा-धमकाकर महिलाओं से घर में रखी ज्वेलरी को लेकर जानकारी मांगी। जहां डर के मारे उन्होंने भी वो जगह बता दी। जहां ज्वेलरी रखी हुई थी. इसके बाद बदमाशों ने फर्श खोदकर सारी ज्वेलरी निकाल ली और लेकर फरार गए। जानकारी यह दी जा रही है कि, करीब 18 लाख की ज्वेलरी बदमाश ले गए हैं। हालांकि, पुलिस जांच-पड़ताल कर रही है। इस वारदात से इलाके में हड़कंप मच गया है। साथ ही महिलाओं के साथ बदमाशों ने जो कुछ किया, उसे सुनकर लोग सन्न रह जा रहे हैं।
जाते-जाते अश्लील वीडियो वायरल करने की धमकी दे गए
आरोप है कि, बदमाश जब घर से जाने लगे तो वह घर के CCTV कैमरों की डीवीआर भी उखाड़कर ले गए ताकि पुलिस को कोई सुराग न लगे। इसके अलावा बदमाशों ने जाते-जाते धमकी दी कि अगर पुलिस को बताया तो वे महिलाओं के अश्लील वीडियो वायरल कर देंगे। फिलहाल, सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने छानबीन शुरू कर दी है। आसपास के CCTV फूटेज खंगाले जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि, बदमाशों को जल्द ही पकड़ लिया जाएगा। फिलहाल, इस वारदात से घर की महिलाएं बेहद डरी-सहमी हुईं हैं।