हरियाणा पुलिस के सब-इंस्पेक्टर की मौत; किसानों के प्रदर्शन में ड्यूटी थी, अचानक तबीयत बिगड़ी, अब तक 3 पुलिस कर्मियों की जान गई

Haryana Police SI Death Duty In Farmers Protest News Update
Haryana Police SI Death: किसानों के प्रदर्शन के दौरान हरियाणा पुलिस के एक और पुलिसकर्मी की मौत हो गई है। हरियाणा पुलिस ने खुद यह जानकारी दी है। बताया गया है कि, सब इंस्पेक्टर विजय कुमार की ड्यूटी के दौरान अचानक तबीयत बिगड़ने से जान चली गई है। किसानों के प्रदर्शन को लेकर विजय कुमार टोहाना बॉर्डर पर तैनात थे। हरियाणा पुलिस के DGP शत्रुजीत कपूर ने सब इंस्पेक्टर विजय कुमार की मौत पर दुख जताया है।
इससे पहले मंगलवार को हरियाणा पुलिस ने शंभू बॉर्डर पर तैनात एक पुलिसकर्मी की मौत की जानकारी दी थी। हरियाणा पुलिस ने बताया था कि शंभू बॉर्डर पर किसानों के प्रदर्शन में तैनात ESI कौशल कुमार की ड्यूटी के दौरान अचानक तबीयत बिगड़ने से मौत हुई है। कौशल कुमार को तबीयत बिगड़ने के बाद अस्पताल ले जाया गया था लेकिन वहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। हरियाणा पुलिस ने कहा कि, अब तक कि 3 पुलिस कर्मियों की जान जा चुकी है। तीनों पुलिस कर्मी किसानों के प्रदर्शन में ड्यूटी दे रहे थे।
#हरियाणापुलिस के सब इंस्पेक्टर विजय कुमार का देर सांय हुआ निधन। किसान आंदोलन के दौरान टोहाना बॉर्डर पर तैनात थे विजय कुमार। ड्यूटी के दौरान अचानक हुई तबीयत खराब, आंदोलन में अब तक तीन पुलिस अधिकारियों का हो चुका देहांत। पुलिस महानिदेशक ने किया दुख व्यक्त। @ssk303 @anilvijminister pic.twitter.com/j1f0pQsjJJ
शंभू और जींद-खनौरी बॉर्डर पर हालात तनावपूर्ण
पंजाब-हरियाणा के शंभू और जींद-खनौरी बॉर्डर पर हालात तनावपूर्ण हो चुके हैं। प्रदर्शनकारी किसान दिल्ली जाने के लिए आगे बढ्ने की कोशिश कर रहे हैं। जहां इस दौरान उन्हें तितर-बितर करने के लिए हरियाणा पुलिस और पैरामिलिट्री फोर्स के सुरक्षा कर्मी लगातार आंसू गैस के गोले और रबड़-प्लास्टिक की गोलियां बरसा रहे हैं। फिलहाल किसानों और सुरक्षा कर्मियों के बीच भयंकर टकराव हो रहा है।
बताया जा रहा है कि, जींद-खनौरी बॉर्डर पर सबसे ज्यादा हालात खराब हुए हैं। यहां एक युवा किसान 24 वर्षीय शुभकरण सिंह की मौत की भी खबर है। शुभकरण बठिंडा के बल्लो गांव का रहने वाला था। कहा जा रहा है कि, शुभकरण सिंह को सुरक्षा कर्मियों की गोली लगी। इसके साथ ही दो अन्य किसानों की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिन्हें पटियाला के राजेंद्र अस्पताल ले जाया गया है। जहां उनका इलाज जारी है। इसके अलावा और कई किसान भी घायल हैं, जिनका मौके पर ही इलाज चल रहा है।
हरियाणा पुलिस ने कहा- मौत की खबर अफवाह
हरियाणा पुलिस ने कहा- अभी तक की प्राप्त जानकारी के अनुसार आज किसानों के प्रदर्शन में किसी भी किसान की मृत्यु नहीं हुई है। यह मात्र एक अफवाह है। पुलिस ने कहा कि दाता सिंह-खनोरी बॉर्डर पर दो पुलिसकर्मियों तथा एक प्रदर्शनकारी के घायल होने की सूचना है जो उपचाराधीन हैं।