हरियाणा पुलिस ने पकड़े तीन लाख 43 हजार फर्जी बैंक खाते
3 Lakh 43 Thousand Fake Bank Accounts
रोजाना 21 साइबर अपराधियों को पहुंचाया जा रहा है सलाखो के पीछे
चंडीगढ, 12 मार्च। 3 Lakh 43 Thousand Fake Bank Accounts: राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल के माध्यम से हरियाणा पुलिस ने तीन लाख 43 हजार फर्जी बैंक खातों की पहचान की गई है। हरियाणा पुलिस द्वारा इसका डेटा संबंधित बैंको को जांच व कानूनी कार्रवाई के लिए भेजा गया है। पुलिस ने सभी खाताधारको को चेतावनी दी है कि वे अपने बैंक खाता संबंधी निजी जानकारी किसी के साथ सांझा न करें।
पुलिस महानिदेशक शत्रुजीत कपूर ने बुधवार को चंडीगढ़ में जारी जानकारी में बताया कि हरियाणा में फरवरी-2024 की तुलना में फरवरी-2025 में साइबर ठगों द्वारा ठगी गई राशि में आधे से भी अधिक गिरावट दर्ज की गई है। फरवरी-2024 में जहां 78.48 करोड़ रूपये की ठगी गई थी वही यह राशि फरवरी-2025 में घटकर 38.97 करोड़ रूपये रह गई जोकि आधे से भी कम है।
इसी प्रकार साइबर ठगों के चंगुल से बचाई गई राशि जो फरवरी-2024 में 21.57 प्रतिशत थी वह फरवरी-2025 में बढक़र 23.01 प्रतिशत हो गई है। इसके साथ ही, हरियाणा पुलिस द्वारा साइबर अपराधियों पर भी कड़ी कार्यवाही की जा रही है। वर्ष-2022 में जहां रोजाना 3 साइबर अपराधियों की गिरफतारी की जा रही थी वहीं वर्ष-2025 में यह आंकड़ा बढक़र 21 तक पहुंच गया है। उन्होंने बताया कि हरियाणा पुलिस द्वारा फरवरी -2024 की अपेक्षा फरवरी-2025 में लगभग 3 गुना साइबर अपराधियों को सलाखों के पीछे पहुंचाया गया है। कपूर ने कहा कि विदेशों खासतौर पर कंबोडिया, पाकिस्तान, श्रीलंका आदि से आने वाली व्हाट्सएप वीडियो व ऑडियो कॉल को न उठाएं।