हरियाणा के लिए कांग्रेस उम्मीदवारों की लिस्ट वायरल; रणदीप सुरजेवाला और चंद्रमोहन जैसे 16 नाम शामिल, मगर फेक बताई जा रही

Haryana Congress Candidates Fake List Viral Vidhan Sabha Chunav 2024
Haryana Congress Candidates List: हरियाणा विधानसभा चुनाव के लिए बीजेपी ने अब तक अपने उम्मीदवारों की घोषणा नहीं की है। लेकिन इस बीच कांग्रेस उम्मीदवारों की एक लिस्ट सामने आई है। यह लिस्ट जमकर वायरल है। कांग्रेस उम्मीदवारों की इस लिस्ट में राज्यसभा सांसद रणदीप सुरजेवाला और चंद्रमोहन जैसे 16 नाम शामिल हैं। लिस्ट में ऑल इंडिया कांग्रेस कमेटी (AICC) की मुहर भी लगी है लेकिन किसी के साइन नहीं हैं।
फिलहाल, कांग्रेस उम्मीदवारों की लिस्ट फेक बताई जा रही है। हरियाणा कांग्रेस के आधिकारिक अकाउंट से इस लिस्ट का खंडन किया गया है। हरियाणा कांग्रेस ने कहा- 10 साल से हरियाणा को ठग रहे ठगों से सावधान रहें... सतर्क रहें। बता दें कि, हरियाणा विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस उम्मीदवारों को लेकर अभी मंथन चल रहा है। आज फिर से उम्मीदवारों को लेकर कांग्रेस स्क्रीनिंग कमेटी की बैठक हुई है। स्क्रीनिंग कमेटी की यह चौथी बैठक है।
स्क्रीनिंग कमेटी से उम्मीदवारों के नाम फाइनल होने के बाद सभी नामों के पैनल कांग्रेस की केंद्रीय चुनाव समिति को भेजे जाएंगे। उम्मीदवारों को लेकर आखिरी फैसला वहीं से होकर आना है। सितंबर के पहले सप्ताह में कांग्रेस उम्मीदवारों की पहली लिस्ट जारी हो सकती है। इस बीच बीजेपी भी अपने उम्मीदवारों की घोषणा करेगी।
10 साल से हरियाणा को ठग रहे ठगों से सावधान रहें...सतर्क रहें।#अक्टूबर_चार_भाजपा_बाहर#fakenews pic.twitter.com/crw95lB3zV
हरियाणा में विधानसभा चुनाव का शेड्यूल बदला
हरियाणा विधानसभा चुनाव-2024 के शेड्यूल में बदलाव किया गया है। इलेक्शन कमीशन (ECI) ने अब नया शेड्यूल जारी किया है। जहां नए शेड्यूल के मुताबिक, हरियाणा में विधानसभा चुनाव के लिए 5 अक्टूबर को वोट डाले जाएंगे। जबकि वोटों की गिनती 8 अक्टूबर को होगी। इससे पहले 1 अक्टूबर को वोटिंग होनी थी और 4 अक्टूबर को रिजल्ट घोषित किया जाना था।
हरियाणा में कितने पोलिंग स्टेशन और कितने वोटर
मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार ने जानकारी दी है कि, हरियाणा के 22 जिलों में कुल 90 विधानसभा सीटों पर वोटिंग होगी। इन 90 सीटों में 73 जनरल, 0 ST और 17 SC सीटें हैं। वहीं हरियाणा में कुल वोटरों की संख्या 2.01 करोड़ है। इन कुल वोटरों में 1.06 करोड़ पुरुष और 0.95 करोड़ महिला वोटर शामिल हैं।
वहीं हरियाणा में युवा वोटरों (उम्र-20 से 29) की संख्या 40.95 लाख है। जबकि फ़र्स्ट टाइम वोटरों (उम्र-18 से 19) की संख्या 4.52 लाख है। इसके साथ ही पीडबल्यूएस, बुजुर्ग और थर्ड जेंडर वोटर भी शामिल हैं। इसके अलावा हरियाणा में 10 हजार 495 लोकेशन पर 20 हजार 629 पोलिंग स्टेशन बनाए गए हैं। जहां लोग वोट डालने के लिए आएंगे।
हरियाणा में इस बार जल्दी विधानसभा चुनाव
हरियाणा में मौजूदा विधानसभा का कार्यकाल 3 नवंबर 2024 को समाप्त होने वाला है। यानि हरियाणा में मौजूदा सरकार का कार्यकाल 3 नवंबर, 2024 को समाप्त हो जाएगा। हरियाणा में विधानसभा की कुल 90 सीटों पर पिछला विधानसभा चुनाव साल 2019 में हुआ था। तब चुनाव आयोग ने 27 सितंबर को चुनावी नामांकन के लिए अधिसूचना जारी की थी और 4 अक्टूबर तक नामांकन दाखिल किए गए थे। वहीं 7 अक्टूबर नामांकन वापस लेने की तिथि थी। जबकि 2019 में हरियाणा विधानसभा चुनाव के लिए वोटिंग 21 अक्टूबर को हुई थी। जिसके बाद 24 अक्टूबर को विधानसभा चुनाव में पड़े वोटों की गिनती की गई और रिजल्ट डिक्लेयर कर दिया गया था।
किसी भी पार्टी को नहीं मिला था बहुमत
2019 के हरियाणा विधानसभा चुनाव में किसी भी पार्टी को बहुमत हासिल नहीं हुआ था। हरियाणा की कुल 90 विधानसभा सीटों में बहुमत के लिए किसी पार्टी को अकेले दम पर 46 सीटों की जरूरत होती है। लेकिन रिजल्ट के बाद सत्ताधारी पार्टी बीजेपी ने 40 सीटें जीतीं, कांग्रेस ने 31 सीटें, जेजेपी ने 10 और अन्य ने 9 सीटें हासिल की थी। जिसके बाद बीजेपी और जेजेपी ने आपस में गठबंधन किया और राज्य में सीएम मनोहर लाल के नेतृत्व में गठबंधित सरकार चलाई। इस दौरान जेजेपी प्रधान महासचिव दुष्यंत चौटाला हरियाणा के डिप्टी सीएम रहे।
लेकिन यह गठबंधित सरकार इस साल लोकसभा चुनाव से पहले बिखर गई। 12 मार्च को बीजेपी ने जेजेपी से गठबंधन तोड़ लिया और इसके साथ ही मनोहर लाल खट्टर ने मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया। जिसके बाद उसी दिन नायब सिंह सैनी ने सरकार बनाने के लिए तय विधायकों की संख्या के हरियाणा के नए मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली। इस समय नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में हरियाणा में बीजेपी सरकार है। वहीं इस बार के हरियाणा विधानसभा चुनाव 2024 में बीजेपी कांग्रेस, जेजेपी और आप के बीच चौतरफा मुकाबला होने की संभावना है। उधर इनेलो भी इस बार पूरी दमखम के साथ मैदान में है।
इनेलो और मायावती की बीएसपी पार्टी गठबंधन के साथ चुनाव मैदान में उतरे हैं। इस बार देखना यह होगा हरियाणा की जनता किस पार्टी को सत्ता में बैठाती है। ज्ञात रहे कि, हरियाणा लोकसभा चुनाव में बीजेपी को बड़ा झटका लग चुका है। 2019 के लोकसभा चुनाव में जहां बीजेपी ने राज्य की सभी 10 लोकसभा सीटें जीतीं थीं तो वहीं 2024 के लोकसभा चुनाव में बीजेपी को 5 सीटों पर हार का सामना करना पड़ा। ये सीटें कांग्रेस के खाते में गईं। जिसे 2019 में एक भी लोकसभा सीट नहीं मिली थी।