Haryana CM Oath Ceremony LIVE PM Modi Attend Haryana Government Ceremony

हरियाणा CM का शपथ समारोह LIVE; दूसरी बार मुख्यमंत्री बनेंगे नायब, PM मोदी-राजनाथ आ रहे, पहुंचने लगे कई राज्यों के मुख्यमंत्री

PM Modi Attend Haryana Government Oath Ceremony

Haryana CM Oath Ceremony LIVE: नायब सैनी आज लगातार दूसरी बार हरियाणा मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। इससे पहले वह कल बीजेपी विधायक दल के नेता चुने गए थे। जिसके बाद सैनी ने राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय के समक्ष हरियाणा में सरकार बनाने का दावा पेश किया था। सैनी के साथ इस दौरान गृह मंत्री अमित शाह भी मौजूद रहे। मनोनीत सीएम नायब सैनी का शपथ समारोह पंचकूला सेक्टर-5 स्थित दशहरा ग्राउंड में आयोजित किया गया है। इस शपथ समारोह को ग्रैंड बनाने के लिए बीजेपी ने जोरदार तैयारी की है।

पहुंचने लगे अलग-अलग राज्यों के मुख्यमंत्री

हरियाणा सीएम के शपथ समारोह में शामिल होने के लिए बीजेपी-एनडीए के कई शीर्ष नेता और अलग-अलग राज्यों के मुख्यमंत्री पंचकूला पहुंचने लगे हैं। इस शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल समेत केंद्र के कई मंत्रियों के साथ एनडीए दलों के शीर्ष नेता और बीजेपी शासित तमाम राज्यों के मुख्यमंत्री-उपमुख्यमंत्री और अन्य वीआईपीज शामिल होंगे तो वहीं हजारों आम लोगों के लिए समारोह स्थल पर कुर्सियों की व्यवस्था की गई है। हरियाणा के सभी 22 जिलों से शपथ समारोह में शामिल होने के लिए लोग पहुंचेंगे। इन लोगों में बीजेपी के कार्यकर्ता और समर्थक शामिल होंगे।

लगातार दूसरी बार हरियाणा के मुख्यमंत्री बनने जा रहे सैनी

नायब सैनी लगातार दूसरी बार हरियाणा के मुख्यमंत्री बनने जा रहे हैं। सैनी के एक बार हरियाणा सीएम बनने से उनके समर्थकों में खुशी की लहर दौड़ गई है। समर्थक जश्न मना रहे हैं। वहीं दूसरी बार सीएम पद की शपथ लेने से पहले नायब सिंह सैनी ने महर्षि वाल्मीकि जयंती के अवसर पर पंचकूला के वाल्मीकि मंदिर में पूजा-अर्चना की है। सैनी ने कहा कि, जब से हरियाणा में भाजपा की सरकार बनी है तब से सभी महापुरुषों की जयंती को मनाने का अवसर मिला है। सभी हमारे लिए आदरणीय हैं। मैं सभी को वाल्मिकी जयंती की बधाई देता हूं। डबल इंजन की सरकार हरियाणा को तीव्र गति के साथ आगे बढ़ाने का काम करेगी।

हरियाणा में मंत्री बनने वाले चेहरों पर खास नजर

हरियाणा सीएम के तौर पर नायब सैनी तो फाइनल हो गए लेकिन अब सबकी नजर नायब के मंत्रिमंडल पर है। यानि हरियाणा की इस नई सरकार में वो कौन से चेहरे होंगे, जिन्हें मंत्री बनाया जाएगा? ये देखना दिलचस्प होगा। फिलहाल, कुछ ही समय में मंत्रियों को लेकर पूरी तस्वीर साफ हो जाएगी। वहीं इससे पहले यह माना जा रहा है कि, नायब सैनी के साथ 10 से 12 विधायक मंत्री पद की शपथ ग्रहण कर सकते हैं। मंत्रिमंडल में जातिगत और क्षेत्रीय समीकरण साधने की पूरी कोशिश होगी।

ये विधायक चर्चा में

रिपोर्ट्स के मुताबिक, मंत्री बनने वाले विधायकों में अनिल विज, अरविंद शर्मा, मूल चंद शर्मा, कृष्ण बेदी, कृष्णलाल पंवार, महीपाल ढांडा, रणबीर गंगवा, गौरव गौतम, राव नरबीर सिंह, विपुल गोयल, सुनील सांगवान, कृष्णा गहलोत, श्याम सिंह राणा, राजेश नागर, कृष्ण मिड्डा और श्रुति चौधरी के नाम की चर्चा है। इसके अलावा राव इंद्रजीत के खेमे से आरती राव, बिमला चौधरी व लक्ष्मण यादव को भी मंत्री बनाए जाने की चर्चा है। इनमें से कितने मंत्री बनेंगे। ये देखने वाली बात होगी। आपको यह मालूम रहे कि, हरियाणा मंत्रिमंडल में मुख्यमंत्री समेत अधिकतम कुल 14 मंत्री ही रह सकते हैं।

लाडवा से जीतकर आए नायब सैनी

नायब सिंह सैनी लाडवा विधानसभा सीट से जीतकर आए हैं। सैनी ने 16 हजार से अधिक वोटों से विजय अपने नाम की। उन्होंने लाडवा सीट पर कांग्रेस उम्मीदवार मेवा सिंह को हराया है। नायब सैनी को कुल 70,177 मिले। जबकि कांग्रेस उम्मीदवार मेवा सिंह को 54,123 वोट ही हासिल हुए। इस तरह दोनों के बीच जीत का अंतर 16,054 वोटों का रहा।

BJP हाईकमान ने करनाल से यहां भेजा, फैसले पर खरे उतरे

लाडवा सीट से जीत के साथ ही नायब सैनी BJP हाईकमान के उस फैसले पर खरे उतरे। जिसमें उन्हें करनाल विधानसभा सीट से लाडवा के चुनावी मैदान में भेजा गया। दरअसल, नायब सैनी के सीएम होने और इस चुनाव में भी सीएम फेस होने के चलते बीजेपी सैनी पर कोई रिस्क नहीं लेना चाहती थी। बीजेपी हाईकमान द्वारा बेहद सोच-विचार करके लाडवा से सीएम सैनी की उम्मीदवारी तय की गई। सीएम सैनी के लिए लाडवा सीट एक सेफ सीट मानी गई। इस सीट पर सैनी समाज की एक अच्छी संख्या है।

सैनी ने करनाल से विधानसभा उपचुनाव जीता था

गौरतलब है कि, इसी साल मार्च में सीएम बनने के बाद नायब सैनी ने जून में करनाल से विधानसभा का उपचुनाव जीता था। करनाल विधानसभा उपचुनाव में नायब सिंह सैनी ने सरदार तरलोचन सिंह को 41 हजार 483 मतों के अंतर से हराया था। करनाल विधानसभा सीट मनोहर लाल के विधायक पद से इस्तीफे के बाद खाली हुई थी। मनोहर लाल करनाल लोकसभा सीट से चुनाव लड़ने उतरे थे। वह इस समय यहां से सांसद और केंद्र में मंत्री हैं।

कुरुक्षेत्र से सांसद रहे हैं नायब सैनी

लाडवा विधानसभा सीट, कुरुक्षेत्र जिले की सीट है और नायब सैनी कुरुक्षेत्र से सांसद रहे हैं। सैनी 2019 से 2024 तक कुरुक्षेत्र लोकसभा क्षेत्र से सांसद रहे। इससे पहले सैनी 2014 से 2019 तक नारायणगढ़ विधानसभा क्षेत्र से विधायक रहे और इस दौरान वह 2015 से 2019 तक हरियाणा सरकार के राज्य मंत्री पद पर भी रहे। वहीं सीएम सैनी को 2023 में हरियाणा बीजेपी का प्रदेश अध्यक्ष बनाया गया था। जबकि इसी साल मार्च 2024 में जेजेपी से गठबंधन टूटने और मनोहर लाल खट्टर के सीएम पद से इस्तीफे के बाद बीजेपी ने मनोहर लाल नायब सैनी को हरियाणा का सीएम बनाया गया था।

हरियाणा में BJP को 48 सीटें, बहुमत पार

हरियाणा का चुनावी रिजल्ट चौंकाने वाला रहा है। कांग्रेस लहर के दावे और तमाम एग्जिट पोल फेल साबित हुए। बीजेपी ने कांग्रेस को 37 सीटों पर समेट दिया। जबकि बीजेपी ने बहुमत पार कर 48 सीटों पर अपना कब्जा जमाया। हरियाणा में किसी भी पार्टी को अपनी सरकार बनाने के लिए कुल 46 सीटों की जरूरत होती है। बता दें कि, बीजेपी और कांग्रेस के अलावा इनेलो ने 2 सीटों पर जीत हासिल की। जबकि 3 सीटों पर आजाद उम्मीदवार जीते। वहीं तीनों आजाद उम्मीदवारों ने बीजेपी को अपना समर्थन दे दिया।