Haryana Election 2024- हरियाणा CM का दावा- BJP तीसरी बार सत्ता में आ रही; सैनी ने कहा- बड़े मैंडेट के साथ सरकार बनाएंगे

हरियाणा CM का दावा- BJP तीसरी बार सत्ता में आ रही; सैनी ने कहा- बड़े मैंडेट के साथ सरकार बनाएंगे, विपक्ष को दी ये नसीहत

Haryana CM Nayab Saini Claims BJP Govt Again Vidhan Sabha Chunav 2024

Haryana CM Nayab Saini Claims BJP Govt Again Vidhan Sabha Chunav 2024

Haryana Assembly Election 2024: हरियाणा में विधानसभा चुनाव-2024 का बिगुल बज चुका है। चुनाव आयोग ने चुनावी शेड्यूल की घोषणा कर दी है। जहां शेड्यूल जारी होने के बाद हरियाणा के सभी राजनीतिक दल एक्टिव हो गए हैं और सत्ता में आने के लिए तैयारी शुरू कर दी है। वहीं इस बीच हरियाणा के सीएम नायब सैनी का दावा है कि, बीजेपी लगातार तीसरी बार प्रदेश की सत्ता में काबिज होने वाली है। यानि 2014, 2019 के बाद अब 2024 में भी बीजेपी अपनी सरकार बनाएगी। सीएम नायब सिंह सैनी ने शनिवार को प्रेस वार्ता में यह बयान दिया. इस दौरान सीएम ने कैबिनेट बैठक और फैसलों की भी जानकारी दी।

CM सैनी ने कहा- बड़े मैंडेट के साथ सरकार बनाएंगे

सीएम नायब सैनी ने कहा कि, चुनाव आयोग ने हरियाणा विधानसभा चुनाव की घोषणा कर दी है। मैं इसका स्वागत करता हूं। बीजेपी चुनाव के लिए पूरी तरह से तैयार है और हरियाणा में तीसरी बार बड़े अंतर से सत्ता में आ रही है। हम हरियाणा में तीसरी बार सरकार बनाने जा रहे हैं। सीएम ने कहा कि, पिछले 10 सालों में हमने बिना किसी भेदभाव के हरियाणा का समुचित विकास किया है। मैं तथ्यों के साथ हरियाणा की विकास यात्रा का ब्योरा जनता के सामने रखूंगा।

CM सैनी ने कहा- विपक्ष केवल झूठ फैला रहा

सीएम नायब सैनी ने हरियाणा में सरकार बनाने के दावे के साथ विपक्ष पर भी करारा हमला बोला है और विपक्ष को झूठ न फैलाने की नसीहत दी है। सीएम सैनी ने कहा कि, विपक्ष को जनता के सामने झूठ बोलने की बजाय अपने काम के बारे में बात करनी चाहिए। विपक्ष के लोगों को जनता को बताना चाहिए कि उन्होने कौन से काम किए हैं। लेकिन विपक्ष के लोग इसकी बजाय झूठ फैलाने में लगे हुए हैं। इसलिए जनता से अनुरोध हैं कि वो इन्हें सबक सिखाये। वहीं सीएम ने हरियाणा की जनता से अपील की है कि वह चुनाव में बढ़-चढ़कर हिस्सा ले।

अनुसूचित जाति पर कोटे की जानकारी दी

सीएम नायब सैनी ने प्रेस वार्ता में एक बड़ी जानकारी भी दी। जो कि सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बाद अनुसूचित जाति में जातियों के वर्गीकरण से संबन्धित है। सीएम ने बताया कि, आज कैबिनेट में हरियाणा अनुसूचित जाति आयोग की रिपोर्ट को स्वीकार कर लिया गया है और इसकी फाइल आचार संहिता के चलते चुनाव आयोग को भेज दी गई है। सीएम ने कहा कि, हरियाणा में सरकारी नौकरियों में अनुसूचित जातियों के लिए 20 फीसदी कोटा है। आयोग ने सिफारिश की है कि इसमें से 10 फीसदी कोटा वंचित अनुसूचित जातियों को दिया जाना चाहिए और 10 फीसदी कोटा अन्य अनुसूचित जातियों को। सीएम ने कहा कि, चुनाव के बाद इसकी प्रक्रिया और कार्यवाही अमल में लाई जाएगी।

हरियाणा में 1 फेज में विधानसभा चुनाव के लिए वोटिंग

हरियाणा में विधानसभा चुनाव एक फेज में होगा। हरियाणा में 5 सितंबर को नामांकन के लिए अधिसूचना जारी की जाएगी। जिसमें नामांकन की लास्ट डेट 12 सितंबर होगी। वहीं चुनाव के लिए दाखिल नामांकनों की छटनी 13 सितंबर को की जाएगी। जबकि 16 सितंबर तक उम्मीदवार अपना नामांकन वापस ले सकेंगे। वहीं हरियाणा में विधानसभा चुनाव के लिए वोटिंग 1 अक्टूबर को होगी। जबकि हरियाणा और जम्मू-कश्मीर विधानसभा चुनाव का रिजल्ट एकसाथ 4 अक्टूबर को डिक्लेयर किया जाएगा।

हरियाणा में कितने पोलिंग स्टेशन और कितने वोटर

मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार ने जानकारी दी है कि, हरियाणा के 22 जिलों में कुल 90 विधानसभा सीटों पर वोटिंग होगी। इन 90 सीटों में 73 जनरल, 0 ST और 17 SC सीटें हैं। वहीं हरियाणा में कुल वोटरों की संख्या 2.01 करोड़ है। इन कुल वोटरों में 1.06 करोड़ पुरुष और 0.95 करोड़ महिला वोटर शामिल हैं।

वहीं हरियाणा में युवा वोटरों (उम्र-20 से 29) की संख्या 40.95 लाख है। जबकि फ़र्स्ट टाइम वोटरों (उम्र-18 से 19) की संख्या 4.52 लाख है। इसके साथ ही पीडबल्यूएस, बुजुर्ग और थर्ड जेंडर वोटर भी शामिल हैं। इसके अलावा हरियाणा में 10 हजार 495 लोकेशन पर 20 हजार 629 पोलिंग स्टेशन बनाए गए हैं। जहां लोग वोट डालने के लिए आएंगे।

रियाणा में इस बार जल्दी विधानसभा चुनाव

हरियाणा में मौजूदा विधानसभा का कार्यकाल 3 नवंबर 2024 को समाप्त होने वाला है। यानि हरियाणा में मौजूदा सरकार का कार्यकाल 3 नवंबर, 2024 को समाप्त हो जाएगा। हरियाणा में विधानसभा की कुल 90 सीटों पर पिछला विधानसभा चुनाव साल 2019 में हुआ था। तब चुनाव आयोग ने 27 सितंबर को चुनावी नामांकन के लिए अधिसूचना जारी की थी और 4 अक्टूबर तक नामांकन दाखिल किए गए थे। वहीं 7 अक्टूबर नामांकन वापस लेने की तिथि थी। जबकि 2019 में हरियाणा विधानसभा चुनाव के लिए वोटिंग 21 अक्टूबर को हुई थी। जिसके बाद 24 अक्टूबर को विधानसभा चुनाव में पड़े वोटों की गिनती की गई और रिजल्ट डिक्लेयर कर दिया गया था।

किसी भी पार्टी को नहीं मिला था बहुमत

2019 के हरियाणा विधानसभा चुनाव में किसी भी पार्टी को बहुमत हासिल नहीं हुआ था। हरियाणा की कुल 90 विधानसभा सीटों में बहुमत के लिए किसी पार्टी को अकेले दम पर 46 सीटों की जरूरत होती है। लेकिन रिजल्ट के बाद सत्ताधारी पार्टी बीजेपी ने 40 सीटें जीतीं, कांग्रेस ने 31 सीटें, जेजेपी ने 10 और अन्य ने 9 सीटें हासिल की थी। जिसके बाद बीजेपी और जेजेपी ने आपस में गठबंधन किया और राज्य में सीएम मनोहर लाल के नेतृत्व में गठबंधित सरकार चलाई।

लेकिन यह गठबंधित सरकार इस साल लोकसभा चुनाव से पहले बिखर गई। 12 मार्च को बीजेपी ने जेजेपी से गठबंधन तोड़ लिया और इसके साथ ही मनोहर लाल खट्टर ने मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया। जिसके बाद उसी दिन नायब सिंह सैनी ने सरकार बनाने के लिए तय विधायकों की संख्या के हरियाणा के नए मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली। इस समय नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में हरियाणा में बीजेपी सरकार है। वहीं इस बार के हरियाणा विधानसभा चुनाव 2024 में बीजेपी कांग्रेस, जेजेपी और आप के बीच चौतरफा मुकाबला होने की संभावना है। उधर इनेलो भी इस बार पूरी दमखम के साथ मैदान में है।

इनेलो और मायावती की बीएसपी पार्टी गठबंधन के साथ चुनाव मैदान में उतरे हैं। इस बार देखना यह होगा हरियाणा की जनता किस पार्टी को सत्ता में बैठाती है। ज्ञात रहे कि, हरियाणा लोकसभा चुनाव में बीजेपी को बड़ा झटका लग चुका है। 2019 के लोकसभा चुनाव में जहां बीजेपी ने राज्य की सभी 10 लोकसभा सीटें जीतीं थीं तो वहीं 2024 के लोकसभा चुनाव में बीजेपी को 5 सीटों पर हार का सामना करना पड़ा। ये सीटें कांग्रेस के खाते में गईं। जिसे 2019 में एक भी लोकसभा सीट नहीं मिली थी।