Haryana Result 2024: एग्जिट पोल के उलट होगा हरियाणा चुनाव रिजल्ट? BJP फुल कॉन्फिडेंस में, बडौली का बड़ा बयान

एग्जिट पोल के उलट होगा हरियाणा चुनाव रिजल्ट? BJP फुल कॉन्फिडेंस में, प्रदेश अध्यक्ष ने कहा- मुंगेरी लाल के हसीन सपने देख रही कांग्रेस

Haryana Chunav Result 2024 BJP Fully Confident For Winning News

Haryana Chunav Result 2024 BJP Fully Confident For Winning News

Haryana Chunav Result 2024: हरियाणा में कल 8 अक्टूबर को विधानसभा चुनाव में पड़े वोटों की गिनती की जाएगी। जहां रिजल्ट जारी होने के साथ यह पता चल जाएगा कि हरियाणा में किसकी सरकार बनी है। लेकिन इससे पहले एग्जिट पोल रिजल्ट में हरियाणा में कांग्रेस सरकार बनने को लेकर बीजेपी ने बड़ा बयान दिया है। बीजेपी का कहना है कि, हरियाणा चुनाव रिजल्ट एग्जिट पोल के उलट होगा। उसके पास उसकी अपनी जमीनी और बूथ रिपोर्ट्स हैं। जिनसे यह साफ है कि, हरियाणा में बीजेपी की सरकार स्पष्ट बहुमत के साथ बनने जा रही है और इस तरह बीजेपी लगातार तीसरी बार हरियाणा की सत्ता में वापसी करेगी।

प्रदेश अध्यक्ष ने कहा- मुंगेरी लाल के हसीन सपने देख रही कांग्रेस

हरियाणा बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बडौली ने कांग्रेस पर बड़ा तंज़ कसा है। बडौली ने कहा कि, एग्जिट पोल देखकर कांग्रेस मुंगेरी लाल के हसीन सपने देख रही है। जबकि सच यह है कि, हरियाणा में कांग्रेस हारने वाली है। जबकि बीजेपी पूर्ण और स्पष्ट बहुमत के साथ हरियाणा में अपनी सरकार बनाने जा रही है। 8 अक्टूबर को जब रिजल्ट जारी होगा तो पूरी तस्वीर सबके सामने आ जाएगी। रिजल्ट में बीजेपी की जीत होगी।

सीएम सैनी ने कहा- कांग्रेस वाले कहेंगे EVM खराब है

वहीं हरियाणा विधानसभा चुनाव 2024 के एग्जिट पोल पर मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि 8 तारीख को बीजेपी की सरकार पूर्ण बहुमत से बन रही है। मेरे पास रिपोर्ट्स हैं। 8 अक्टूबर को कांग्रेस को जनता जवाब देगी और कांग्रेसी कहेंगे कि EVM खराब' है। सीएम सैनी ने कहा कि, डबल इंजन की सरकार ने मिलकर हरियाणा के लोगों के हित में जो निर्णय लिए हैं वो लाजवाब हैं। हरियाणा में बीजेपी सरकार ने लोगों के काम आसान किए हैं। उन्हें सरल रूप से सुविधाएं प्रदान की हैं।

2019 में किसी भी पार्टी को नहीं मिला था बहुमत

2019 के हरियाणा विधानसभा चुनाव में किसी भी पार्टी को बहुमत हासिल नहीं हुआ था। हरियाणा की कुल 90 विधानसभा सीटों में बहुमत के लिए किसी पार्टी को अकेले दम पर 46 सीटों की जरूरत होती है। लेकिन रिजल्ट के बाद सत्ताधारी पार्टी बीजेपी ने 40 सीटें जीतीं, कांग्रेस ने 31 सीटें, जेजेपी ने 10 और अन्य ने 9 सीटें हासिल की थी। जिसके बाद बीजेपी और जेजेपी ने आपस में गठबंधन किया और राज्य में सीएम मनोहर लाल के नेतृत्व में गठबंधित सरकार चलाई। इस दौरान जेजेपी प्रधान महासचिव दुष्यंत चौटाला हरियाणा के डिप्टी सीएम रहे।

लेकिन यह गठबंधित सरकार इस साल लोकसभा चुनाव से पहले बिखर गई। 12 मार्च को बीजेपी ने जेजेपी से गठबंधन तोड़ लिया और इसके साथ ही मनोहर लाल खट्टर ने मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया। जिसके बाद उसी दिन नायब सिंह सैनी ने सरकार बनाने के लिए तय विधायकों की संख्या के हरियाणा के नए मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली। फिलहाल, इस बार यह देखना होगा कि, हरियाणा की जनता किस पार्टी को सत्ता में बैठाती है।

लोकसभा चुनाव में BJP को लगा था झटका

ज्ञात रहे कि, इसी साल लोकसभा चुनाव में बीजेपी को बड़ा झटका लग चुका है। 2019 के लोकसभा चुनाव में जहां बीजेपी ने हरियाणा की सभी 10 लोकसभा सीटें जीतीं थीं तो वहीं 2024 के लोकसभा चुनाव में बीजेपी को 5 सीटों पर हार का सामना करना पड़ा। हरियाणा की 5 ये सीटें कांग्रेस के खाते में गईं। जिसे 2019 में एक भी लोकसभा सीट नहीं मिली थी। लोकसभा चुनाव के इस रिजल्ट को देखते हुए यह माना जाने लगा था कि, हरियाणा में कांग्रेस का ग्राफ बढ़ना शुरू हो गया है और बीजेपी की नैया गोते खाने लगी है।