हरियाणा में बांध तोड़ने पर गोलियां चलीं; दो गांवों में टकराव, पुलिस ने स्थिति संभाली, प्रदेश के 12 जिलों में लोग भीषण रूप से प्रभावित

Fatehabad Dam Breaking Firing
Fatehabad Dam Breaking Firing: भारी बारिश के बाद बाढ़ की स्थिति से जूझ रहे हरियाणा में बांध तोड़ने पर बड़ा विवाद खड़ा हो गया। दो गांवों के लोगों में टकराव हुआ और इस बीच एक पक्ष से गोलीबारी की गई। हालांकि, इस गोलीबारी में किसी को नुकसान नहीं हुआ। दरअसल, पूरी घटना हरियाणा के फतेहाबाद जिले की है। यहां गांव मूसाखेड़ा और ढाणी बबनपुर गांव के बीच घग्गर का एक बांध बना है। जहां इस बांध को ढाणी बबनपुर गांव के लोगों ने तोड़ दिया। बांध टूटने के बाद वहां का पानी गांव मूसाखेड़ा आना था। जहां पहले से ही पानी भरा हुआ है।
इधर, जब गांव मूसाखेड़ा के लोगों को बांध तोड़ने की जानकारी हुई तो वह मौके पर पहुँच गए और इसी बीच उनमें से एक शख्स ने ढाणी गांव के लोगों को ललकार दिया और अपनी बंदूक से फायर झोक दिए। जिसके बाद मौके पर अफरा-तफरा मच गई। वहीं घटना की जानकारी होने पर स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और टकराव को शांत किया। पुलिस ने दोनों गांवों के लोगों से बात की और बांध को फिर से जोड़ दिया गया।
हरियाणा के 12 जिलों में स्थिति खराब
पिछले दिनों की भारी बारिश ने हरियाणा की स्थिति बिगाड़कर रख दी। आलम यह है कि, घग्गर और यमुना में उफान के चलते अब तक खेत-मैदान पानी में डूबे हुए हैं। लोगों के घरों में भी पानी भरा है। हरियाणा के अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, सिरसा, फतेहाबाद, फरीदाबाद, काथल, करनाल, पानीपत, पंचकुला, पलवल और सोनीपत जैसे 12 जिलों के लोग भीषण रूप से प्रभावित हैं। इन जिलो के करीब 1000 से ज्यादा गाँव बाढ़ की चपेट में हैं। भारी बारिश और बाढ़ के चलते अब तक प्रदेश में 30 के करीब लोगों की मौत हो गई है। जबकि कई लोग घायल भी हैं। हरियाणा सरकार की तरफ से राहत-बचाव का कार्य लगातार जारी है।