पंजाब में सुबह-सुबह AAP सांसद पर ED की रेड; आवास समेत कई ठिकानों पर एजेंसी की ताबड़तोड़ छापेमारी, भड़के मनीष सिसोदिया

ED Raids Punjab AAP Rajya Sabha MP Sanjeev Arora
AAP MP Sanjeev Arora: आम आदमी पार्टी के नेताओं पर प्रवर्तन निदेशालय (ED) की कार्रवाई लगातार जारी है। अब ईडी ने पंजाब में सोमवार सुबह-सुबह AAP राज्यसभा सांसद संजीव अरोड़ा पर रेड की है। लुधियाना स्थित आवास समेत अरोड़ा के कई ठिकानों पर केंद्रीय जांच एजेंसी की ताबड़तोड़ छापेमारी हुई है।
बताया जा रहा है कि, जालंधर और दिल्ली में भी संजीव अरोड़ा और उनके सहयोगियों से जुड़े ठिकानों पर छापेमारी की गई है। वहीं संजय अरोड़ा पर ईडी की यह कार्रवाई जमीन धोखाधड़ी मामले को लेकर हो रही है। अरोड़ा पर फर्जीवाड़े से जमीन हासिल करने का आरोप है। ईडी ने अरोड़ा पर मनी लॉन्ड्रिंग का मामला दर्ज किया है।
ED की रेड पर संजय अरोड़ा का बयान
ED की रेड को लेकर AAP राज्यसभा सांसद संजीव अरोड़ा ने अपना बयान जारी किया है। अरोड़ा ने सोशल मीडिया हैंडल एक्स पर लिखा- मैं कानून का पालन करने वाला नागरिक हूं, ED के तलाशी अभियान के कारण के बारे मुझे स्पष्ट जानकारी नहीं है। लेकिन मैं एजेंसी के साथ पूरा सहयोग करूंगा और सुनिश्चित करूंगा कि सभी प्रश्नों का उत्तर दे सकूँ।
I am a law abiding citizen, am not sure about the reason for search operation, will cooperate fully with agencies and make sure all their queries are answered.
संजय अरोड़ा पर ED रेड से भड़के मनीष सिसोदिया
AAP राज्यसभा सांसद संजीव अरोड़ा पर ED की छापेमारी कार्रवाई से दिल्ली के पूर्व डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया भड़क उठे हैं। सिसोदिया ने इसे लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर सीधा हमला बोला है। मनीष सिसोदिया ने कहा, 'आज फिर मोदीजी ने अपने तोता-मैना को खुला छोड़ दिया है। जिसके बाद सुबह से आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद संजीव अरोड़ा के घर ED द्वारा रेड की जा रही है।
मनीष सिसोदिया ने सोशल मीडिया हैंडल एक्स पर लिखा, आज सुबह से आम आदमी पार्टी के राज्य सभा सांसद संजीव अरोड़ा जी के घर ED वाले रेड कर रहे है। पिछले दो सालों में इन्होंने अरविंद केजरीवाल के घर रेड कर कर लिया, मेरे घर रेड कर दिया, संजय सिंह के घर रेड दिया, सत्येंद्र जैन के घर रेड कर दिया। कहीं भी कुछ भी नहीं मिला। लेकिन पूरी शिद्दत से मोदीजी की की एजेंसियां एक के बाद एक फर्जी केस बनाने में लगी हुई हैं।
मनीष सिसोदिया ने आगे कहा- आम आदमी पार्टी को तोड़ने के लिए यह लोग किसी भी हद तक जाएंगे। लेकिन कोशिश कितनी भी कर ले, आम आदमी पार्टी वाले ना रुकेंगे, ना बिकेंगे, ना डरेंगे।
आज फिर मोदीजी ने अपने तोता मैना को खुला छोड़ दिया है।
आज सुबह से आम आदमी पार्टी के राज्य सभा सांसद संजीव अरोड़ा जी के घर ED वाले रेड कर रहे है। पिछले दो सालों मैं इन्होंने अरविंद केजरीवाल के घर रेड कर लिया, मेरे घर रेड कर दिया, संजय सिंह के घर रेड दिया, सत्येंद्र जैन के घर रेड…
वहीं आप सांसद संजय सिंह ने भी बीजेपी को घेरा है। उन्होंने कहा, 'आप सांसद संजीव अरोड़ा के घर ED वाले पहुंचे हैं, मोदीजी की फर्जी केस बनाने वाली मशीन 24 घंटे आम आदमी पार्टी के पीछे पड़ी हुई है। SC ने भी कई बार इनको लताड़ा की झूठे केस बनवाना बंद करो, लेकिन फिर भी ED को समझ नहीं आ रहा, ये एजेंसियां कोर्ट को को नहीं मानती, सिर्फ अपने आका की मानती हैं। लेकिन मोदी जी का अहंकार आम आदमी पार्टी के नेताओं के हौसलों के सामने बिल्कुल फेल है।
नेता के अलावा नामी बिजनेसमैन भी हैं संजय अरोड़ा
आम आदमी पार्टी से सांसद होने के साथ-साथ संजय अरोड़ा एक नामी बिजनेसमैन भी हैं। संजीव अरोड़ा का अपना बिजनेस है और उनकी गिनती लुधियाना के बड़े बिजनेसमैन में होती है। अरोड़ा कृष्णा प्राण ब्रेस्ट कैंसर चैरिटेबल ट्रस्ट का संचालन भी करते हैं। पंजाब विधानसभा में जीत के बाद आप ने 5 राज्यसभा सांसदों के नाम तय किए थे। इनमें राघव चड्ढा, हरभजन सिंह और अशोक मित्तल के साथ ही टेक्सटाइल बिजनेसमैन संजीव अरोड़ा का नाम भी शामिल था।
AAP सुप्रीमो केजरीवाल भी ED की जद में
इससे पहले बड़े AAP नेताओं पर ED की कार्रवाई होती आ रही है। यहां तक की AAP सुप्रीमो अरविंद केजरीवाल भी ईडी की जद में हैं। उन्हें दिल्ली शराब नीति घोटाले में ईडी ने गिरफ्तार किया था और उन्हें लगभग 6 महीन तिहाड़ में रखा। इस समय केजरीवाल सुप्रीम कोर्ट से जमानत मिलने के बाद जेल से बाहर हैं। केजरीवाल की गिरफ्तारी सही थी या नहीं इस पर सुप्रीम कोर्ट फ़ैसला नहीं कर पाया है।
वहीं केजरीवाल ही नहीं बल्कि मनीष सिसोदिया, संजय सिंह और विजय नायर को ED ने गिरफ्तार किया था, सबको ज़मानत मिल चुकी है। वहीं दिल्ली में आम आदमी पार्टी के विधायक अमानतुल्लाह खान को हाल में ईडी द्वारा गिरफ्तार किया गया है। इसके अलावा दिल्ली सरकार में तत्कालीन स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन को मई 2022 में गिरफ्तार किया था, जैन फिलहाल जेल में हैं।