Man Slapped Kanhaiya Kumar- दिल्ली में कांग्रेस नेता कन्हैया कुमार पर हमला; शख्स ने माला पहनाकर मारा थप्पड़, VIDEO आया

दिल्ली में कांग्रेस नेता कन्हैया कुमार पर हमला; शख्स ने माला पहनाकर मारा थप्पड़, चुनाव प्रचार कर रहे थे, VIDEO सामने आया

Delhi Man Slapped Congress Leader Kanhaiya Kumar Video Viral Chunav 2024

Delhi Man Slapped Congress Leader Kanhaiya Kumar Video Viral Chunav 2024

Man Slapped Kanhaiya Kumar: लोकसभा चुनाव-2024 के लिए मैदान में उतरे उम्मीदवार अपने प्रचार-प्रसार में लगे हुए हैं। लेकिन इस चुनाव प्रचार के दौरान उनपर हमला भी हो जा रहा है। राजधानी दिल्ली में इंडिया गठबंधन के उम्मीदवार और कांग्रेस नेता कन्हैया कुमार पर हमला हो गया। वह शुक्रवार को उत्तर पूर्वी दिल्ली में प्रचार कर रहे थे। इस दौरान उनका फूल-मालाओं और नारों के साथ स्वागत किया जा रहा था। जहां इसी दौरान भीड़ में एक शख्स कन्हैया कुमार को माला पहनाने के लिए आगे बढ़ा। वहीं शख्स ने कन्हैया कुमार को माला पहनाने के बाद उन्हें थप्पड़ मार दिया। साथ ही कन्हैया कुमार पर स्याही भी फेंकी। मारपीट की यह पूरी घटना कैमरों में रिकॉर्ड हुई। पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

 

हमला करने वाले शख्स को कन्हैया के समर्थकों ने पीटा

हालांकि, कन्हैया कुमार को थप्पड़ जड़ने के बाद शख्स सेफ नहीं बच पाया। कन्हैया के समर्थकों और वहां मौजूद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने शख्स को पकड़ लिया और जमकर उसपर लात-घूंसे चलाये। समर्थकों द्वारा शख्स की पिटाई किए जाने का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल है। लेकिन कन्हैया कुमार को थप्पड़ मारने और फिर मार खाने के बाद भी हमलावर शख्स ने अपना एक वीडियो जारी किया है। जिसमें वह कह रहा है कि, कन्हैया कुमार का बढ़िया इलाज कर दिया है।

 

कन्हैया कुमार को थप्पड़ मारने वाला शख्स कौन है?

रिपोर्ट्स के अनुसार, कन्हैया कुमार पर हमला करने वाले हमलावर का नाम है दक्ष चौधरी। दक्ष चौधरी ने इस घटना के बाद का जो वीडियो जारी किया है। उस वीडियो में दक्ष चौधरी समेत दो लोग दिख रहे हैं। हमले के दौरान दोनों साथ ही थे। वीडियो में दक्ष चौधरी ने कहा है- जय श्री राम, जय गौ माता की... जिस कन्हैया ने नारे लगाए थे भारत तेरे टुकड़ें होंगे, अफजल हम शर्मिंदा हैं तेरे कातिल जिंदा हैं, उसको हम दोनों ने उसके चुनाव प्रचार में मुंह पर चांटे से जवाब दिया है।

दक्ष चौधरी ने आगे कहा कि जब तक हमारे जैसे सनातनी जिंदा हैं तब तक भारत के टुकड़े कोई नहीं कर सकता है। वहीं दक्ष चौधरी ने कहा कि, जो कन्हैया कुमार के भक्त थे, सेवक थे। उन्होंने मेरा सिर फाड़ दिया है। वहीं दक्ष के साथ मौजूद दूसरा व्यक्ति कहता है कि कन्हैया कुमार देश को तोड़ने की बात करता है इसको दिल्ली में घुसने नहीं देंगे। भारतीय सैनिकों को रेपिस्ट कहता है। दक्ष ने आगे कहा, "जो कहा था वो कर दिया, उसका बढ़िया इलाज कर दिया है। सबका बदला लिया है।

 

बीजेपी-कांग्रेस के बीच आरोप-प्रत्यारोप शुरू

हमलावार दक्ष चौधरी के खिलाफ पहले भी सांप्रदायिक माहौल बिगाड़ने का आरोप लग चुका है। वहीं कन्हैया कुमार पर हुए हमले के बाद अब राजनीति भी तेज हो गई है। बीजेपी-कांग्रेस के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर शुरू हो गया है। कांग्रेस नेताओं का कहना है कि जिस शख्स ने कन्हैया कुमार पर हमला किया, उसकी तस्वीरें भाजपा के नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ देखी गई हैं। कांग्रेस का कहना है कि बीजेपी द्वारा यह हमला कन्हैया कुमार पर कराया गया है।

दिल्ली में 25 मई को लोकसभा चुनाव

दिल्ली में कुल 7 लोकसभा सीटें हैं। इन सातों सीटों पर 4 पर आम आदमी पार्टी चुनाव लड़ रही है, बाकी 3 सीटों पर कांग्रेस चुनाव लड़ रही है। कांग्रेस नेता कन्हैया कुमार उत्तर पूर्वी दिल्ली से उम्मीदवार हैं। कन्हैया कुमार का मुकाबाल दो बार के भाजपा सांसद मनोज तिवारी से है। बीजेपी ने मनोज तिवारी को उत्तर पूर्वी दिल्ली से उम्मीदवार बनाया है। दिल्ली में 25 मई को लोकसभा चुनाव के लिए वोटिंग होनी है।