बीजेपी के ये 6 विधायक बनेंगे दिल्ली में मंत्री; रेखा गुप्ता के साथ शपथ ग्रहण करेंगे, मंत्रिमंडल के लिए किस-किसका नाम, यहां जानिए

Delhi BJP New Ministers List Taken Oath With New CM Rekha Gupta
Delhi BJP New Ministers: आखिरकार रिजल्ट के 12 दिनों में बीजेपी ने दिल्ली के लिए सीएम चुन ही लिया। 19 फरवरी को विधायक दल की बैठक के बाद रेखा गुप्ता को सीएम बनाए जाने की घोषणा कर दी है। रेखा इसी महीने हुए दिल्ली विधानसभा चुनाव में पहली बार शालीमार बाग सीट से विधायक चुनीं गईं हैं। इससे पहले वह दक्षिण दिल्ली एमसीडी में मेयर रहीं। वहीं अब रेखा गुप्ता दिल्ली की कमान संभालेंगी।
रेखा गुप्ता का सीएम शपथ ग्रहण समारोह आज दोपहर 12.35 बजे दिल्ली के रामलीला मैदान में होने जा रहा है। जहां तमाम दिग्गज नेता और विभिन्न हस्तियों की शिरकत हो रही है। रेखा गुप्ता के साथ उनके मंत्रिमंडल में शामिल होने वाले अन्य विधायक भी मंत्री पद की शपथ लेंगे। ज्ञात रहे कि, दिल्ली में मुख्यमंत्री को मिलाकर कुल सात मंत्री ही बनाए जा सकते हैं। जहां ऐसे में रेखा गुप्ता के साथ 6 विधायक मंत्री पद की शपथ लेते हुए दिखेंगे। इनके नाम भी सामने आ गए हैं.
दिल्ली बीजेपी मंत्रिमंडल में जिन 6 विधायकों को मंत्री पद की शपथ दिलाई जा रही है। उनमें जो नाम सामने आए हैं। वे क्रमशा- प्रवेश वर्मा (जाट), आशीष सूद (पंजाबी), मनजिंदर सिंह सिरसा (सिख), पंकज सिंह (राजपूत), रविंदर सिंह इंद्राज (दलित) और कपिल मिश्रा (ब्राह्मण) हैं। इन 6 विधायकों को मंत्रिमंडल में जगह दी जा रही है। हालांकि, इससे पहले प्रवेश वर्मा सीएम पद के मजबूत दावेदार माने जा रहे थे। उन्हें भी उम्मीद थी कि वह सीएम बनाए जा सकते हैं। लेकिन ऐसा नहीं हुआ। इसकी मायूसी भी वर्मा के चेहरे देखी गई।
दिल्ली की चौथी महिला CM होंगी रेखा गुप्ता
रेखा गुप्ता दिल्ली की चौथी महिला CM बनने जा रहीं हैं। इसी के साथ वह बीजेपी नेता के रूप में दिल्ली की दूसरी महिला सीएम होंगी। इससे पहले बीजेपी की ओर से सुषमा स्वराज दिल्ली की पहली सीएम रह चुकी हैं। बीजेपी नेता सुषमा स्वराज ने 1998 में थोड़े समय के लिए दिल्ली की 5वीं मुख्यमंत्री के रूप में काम किया था और दिल्ली की पहली महिला मुख्यमंत्री बनीं थीं। इसके बाद कांग्रेस नेता शीला दीक्षित दिल्ली की दूसरी महिला मुख्यमंत्री बनीं।
वहीं दिल्ली की दूसरी महिला सीएम शीला दीक्षित रहीं। वह 1998 से 2013 तक करीब 15 साल दिल्ली में कांग्रेस की सरकार रहते मुख्यमंत्री रहीं। इसके बाद आम आदमी पार्टी की सरकार में आतिशी दिल्ली की तीसरी महिला CM बनी थीं। पिछले साल ही अरविंद केजरीवाल के इस्तीफे के बाद आतिशी को दिल्ली का सीएम बनाया गया था। जिसके बाद अब तक उन्होंने दिल्ली सीएम के रूप में कार्य किया।
दिल्ली CM के लिए फ्रंट रनर थीं रेखा गुप्ता
बता दें कि, पहले से ही ये माना जा रहा था कि, रेखा गुप्ता का दिल्ली का सीएम बनना तय है। क्योंकि आरएसएस ने भी उनके नाम का प्रस्ताव दिया। बीजेपी भी रेखा गुप्ता के नाम पर राजी हुई। दरअसल, इस समय देश के अधिकांश राज्यों में बीजेपी की सरकार है, मगर किसी भी राज्य में कोई महिला सीएम नहीं है। जबकि पीएम मोदी और बीजेपी द्वारा बार-बार नारी शक्ति की बात की जाती है। महिलाओं को मुख्य धारा में लाने को कहा जाता है।
साथ ही खास बात यह है कि, इस बार दिल्ली में 43 फीसदी महिलाओं ने बीजेपी को वोट किया है। ये पिछली बार के मुकाबले आठ फीसदी ज्यादा है। ऐसे में यह जरूरी थी कि बीजेपी दिल्ली सीएम पद के लिए महिला फेस आगे करे। कहीं ना कहीं यही कारण रहा कि, बीजेपी ने दिल्ली में महिला सीएम का चुनाव किया।
हरियाणा से ताल्लुक रखती हैं रेखा गुप्ता
रेखा गुप्ता हरियाणा में जींद की रहने वाली हैं। उन्होंने दिल्ली चुनाव में शालीमार बाग सीट से AAP की वंदना कुमारी को 29,595 वोटों से हराया। वह पीएम मोदी और अमित शाह की करीबी भी मानी जाती हैं। पीएम मोदी और अमित शाह ने खुद इस बार दिल्ली चुनाव में रेखा गुप्ता के लिए रैलियां की थीं।
फिलहाल, रेखा गुप्ता के सीएम बनने के पीछे आरएसएस की अहम भूमिका है। रेखा गुप्ता आरएसएस के साथ पिछले 32 वर्षों से जुड़ी हैं। कॉलेज टाइम से एबीवीपी कार्यकर्ता रहते हुए उन्होंने राजनीति की शुरुवात की। यानि वह स्टूडेंट लाइफ से ही पॉलिटिक्स में सक्रिय रही हैं और कॉलेज टाइम से RSS से जुड़ गईं।
वहीं रेखा गुप्ता बीजेपी संगठन में लंबे समय तक काम कर चुकी हैं। वह दिल्ली बीजेपी की महासचिव और महिला मोर्चा की उपाध्यक्ष रहीं। रेखा गुप्ता के बारे में एक और खास बात यह है कि उनके परिवार का कोई अन्य सदस्य राजनीति में सक्रिय नहीं है। यहां कहीं न कहीं बीजेपी परिवारवाद से भी बचती दिखी है।