कौन होगा दिल्ली का नया सीएम? सस्पेंस से आज उठ जाएगा पर्दा, ये 2 नाम फ्रंट रनर, BJP विधायक दल की बैठक में अंतिम निर्णय

Delhi BJP New CM Candidate Announcement Who Is Rekha Gupta Parvesh Verma
Delhi New CM Name: दिल्ली का अगला सीएम कौन बनने जा रहा है। इस पर अब तक सस्पेंस गहराया हुआ है। मगर आज इस सस्पेंस से पर्दा उठ जाएगा। बीजेपी आज अपने दिल्ली सीएम के नाम की घोषणा कर देगी। सीएम के नाम पर अंतिम मुहर लगाने के लिए आज BJP विधायक दल की बैठक बुलाई गई है। दिल्ली बीजेपी प्रदेश कार्यालय में 3 बजे विधायक दल की बैठक रखी गई है। जिसके लिए पार्टी ने सभी विधायकों को सूचित कर दिया है। केंद्रीय पर्यवेक्षकों की मौजूदगी में विधायक दल के नेता चयन किया जाएगा।
वहीं इससे पहले दिल्ली में दोपहर 12 बजे के करीब बीजेपी संसदीय दल की बैठक भी होने जा रही है। यह बैठक भी दिल्ली सीएम से ही संबन्धित है। इसमें एक बार फिर दिल्ली के नए सीएम के नाम पर मंथन होगा। जिसके बाद केंद्रीय पर्यवेक्षक विधायक दल की बैठक में विधायक दल के नेता का नाम रखेंगे। जिस पर सर्वसम्मति से विधायकों की राय ली जाएगी। इसके बाद दिल्ली के सीएम का ऐलान कर दिया जाएगा।
20 फरवरी को दिल्ली CM का शपथ समारोह
दिल्ली के नए सीएम के शपथ समारोह को लेकर शपथ समारोह की डेट भी सामने आ गई है। कल 20 फरवरी को नए सीएम का शपथ ग्रहण दिल्ली के रामलीला मैदान में होगा। शपथ समारोह में दिल्ली में सीएम के साथ छह मंत्री शपथ ले सकते हैं। पार्टी सूत्रों के मुताबिक, मंत्री बनने वालों के नामों का ऐलान शपथ ग्रहण समारोह से पहले ही किया जाएगा. रामलीला मैदान में शपथ ग्रहण की तैयारियां जोर-शोर से जारी हैं।
दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा, भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री तरुण चुघ, विनोद तावड़े और महामंत्री संगठन बीएल संतोष इन तैयारियों पर नजर बनाए हुए हैं। शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री मोदी, गृहमंत्री अमित शाह, रक्षामंत्री राजनाथ सिंह समेत तमाम केंद्रीय मंत्री, भाजपा और NDA शासित राज्यों के मुख्यमंत्री, डिप्टी CM और वरिष्ठ भाजपा नेता शामिल होंगे। इसके अलावा कई उद्योगपति, फिल्म स्टार, क्रिकेट खिलाड़ी, साधु-संत और राजनयिक भी आएंगे। बीजेपी सूत्रों के मुताबिक, दिल्ली के 12 से 16 हजार लोगों को भी बुलाने की तैयारी की गई है।
दिल्ली की प्रगति का नया अध्याय शुरू होने जा रहा है। ‘विकसित दिल्ली शपथ समारोह’ के साथ ही हम सभी मिलकर दिल्ली में विकास की नई ऊंचाइयों की ओर अग्रसर होंगे।
आइए रामलीला मैदान, और इस ऐतिहासिक पल के साक्षी बनें !#ViksitDelhi pic.twitter.com/HJ6zoOl0dx
दिल्ली CM के लिए ये 2 नाम फ्रंट रनर
दिल्ली के नए सीएम पर लगातार सस्पेंस बेशक बरकरार है। लेकिन इस बीच सीएम बनने की रेस में कई नामों पर अटकलें जरूर लग रहीं हैं। वहीं दिल्ली CM के लिए ये 2 नाम फ्रंट रनर बताए जा रहे हैं। दिल्ली सीएम बनने की रेस में पहला नाम प्रवेश वर्मा का सामने आ रहा है। दिल्ली सीएम के लिए प्रवेश वर्मा को प्रमुख दावेदार माना जा रहा है। प्रवेश वर्मा, दिल्ली के पूर्व सीएम साहिब सिंह वर्मा के बेटे हैं।
वह पश्चिमी दिल्ली से लगातार 2 बार सांसद रहे हैं। 2019 में प्रवेश वर्मा ने 5.98 लाख वोटों से चुनाव जीता था। जो दिल्ली के इतिहास की सबसे बड़ी जीत थी. वहीं इस बार उन्होंने नई दिल्ली सीट से पूर्व सीएम अरविंद केजरीवाल को 4 हजार वोटों के अंतर से हराया है। प्रवेश वर्मा दिल्ली बीजेपी के नेताओं में सुर्खियों में भी रहते हैं।
दिल्ली CM के लिए दूसरी फ्रंट रनर रेखा गुप्ता
इस समय देश के अधिकांश राज्यों में बीजेपी की सरकार है, मगर किसी भी राज्य में कोई महिला सीएम नहीं है। जबकि पीएम मोदी और बीजेपी द्वारा बार-बार नारी शक्ति की बात की जाती है। महिलाओं को मुख्य धारा में लाने को कहा जाता है। साथ ही खास बात यह है कि, इस बार दिल्ली में 43 फीसदी महिलाओं ने बीजेपी को वोट किया है। ये पिछली बार के मुकाबले आठ फीसदी ज्यादा है।
ऐसे में इस चर्चा पर ज़ोर है कि, बीजेपी दिल्ली सीएम पद के लिए महिला फेस भी आगे कर सकती है। दिल्ली महिला सीएम के लिए सबसे ज्यादा चर्चा में रेखा गुप्ता का नाम सामने आ रहा है। माना जा रहा है कि, बीजेपी दिल्ली सीएम के लिए रेखा गुप्ता के नाम पर मुहर लगा सकती है। रेखा गुप्ता (Who Is Rekha Gupta) का नाम सबसे मजबूत माना जा रहा है। हालांकि उनसे जब सवाल किया तो उन्होंने खुद को इस रेस से दूर बताया है।
हरियाणा से ताल्लुक रखती हैं रेखा गुप्ता
दिल्ली सीएम उम्मीदवार के तौर पर चर्चा में आईं रेखा गुप्ता हरियाणा में जींद की रहने वाली हैं। रेखा इसी महीने हुए दिल्ली विधानसभा चुनाव में शालीमार बाग सीट से विधायक चुनीं गई। उन्होंने AAP की वंदना कुमारी को 29,595 वोटों से हराया। रेखा स्टूडेंट लाइफ से ही पॉलिटिक्स में सक्रिय रही हैं। कॉलेज टाइम से वह RSS से जुड़ गईं। वह पीएम मोदी और अमित शाह की करीबी भी मानी जाती हैं। पीएम मोदी और अमित शाह ने खुद इस बार दिल्ली चुनाव में रेखा गुप्ता के लिए रैलियां की थीं। रेखा गुप्ता इससे पहले मेयर भी रह चुकी हैं।
रेखा गुप्ता के अलावा इन महिला नेताओं के नाम पर भी चर्चा
दिल्ली की शालीमार बाग सीट से रेखा गुप्ता के अलावा पूर्व सांसद स्मृति ईरानी का नाम भी दिल्ली सीएम के रूप में सामने आ रहा है। इसके अलावा ग्रेटर कैलाश से शिखा रॉय भी चर्चा में बना हुआ है। इसके अलावा बीजेपी दिल्ली सीएम के लिए बिहार चुनाव और जातिगत और क्षेत्रवाद समीकरण भी साधती हुई दिखेगी। क्योंकि दिल्ली की सत्ता के लिए अलग अलग जाति और समूह के लोग दावेदार भी माने जा रहे हैं। बहराल किसकी किस्मत किस कुर्सी पर ले जाकर बिठा देगी ये फिलहाल भविष्य के गर्भ में है। लेकिन अटकलों का दौर जारी है. सूत्रों के हवाले से संभावनाओं को टटोला जा रहा है।
दिल्ली CM के लिए ये चेहरे भी दौड़ में
बीजेपी की तरफ से भोजपुरी एक्टर और सिंगर मनोज तिवारी को दिल्ली सीएम बनाया जा सकता है। मनोज तिवारी पूर्वांचल का बड़ा चेहरा हैं और दिल्ली में पूर्वांचल के लोगों पर उनका अच्छा होल्ड है। वह हर बार पूर्वांचल वोट (लगभग 30%) को बंटने से बचाने कामयाब रहते हैं और उसका फायदा बीजेपी को होता है। मनोज तिवारी उत्तर-पूर्वी दिल्ली से लगातार 3 बार लोकसभा चुनाव जीते हैं। वह 2016 से 2020 तक यानि लगभग 4 साल दिल्ली बीजेपी के अध्यक्ष भी रहे हैं। तिवारी ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि जो भी सीएम बनेगा वो दिल्ली का विकास करेगा।
मनजिंदर सिंह सिरसा का भी नाम
मनजिंदर सिंह सिरसा 2 बार 2013 और 2017 में शिरोमणि अकाली दाल की टिकट पर विधानसभा चुनाव जीते चुके हैं। इस बार उन्होंने तीसरी बार राजौरी गार्डन विधानसभा सीट से जीत दर्ज की है। वह दिल्ली में सीख समुदाय के बड़े नेता हैं। सिरसा को सीएम बना बीजेपी पंजाब में एक संदेश दे सकती है और वहां अपनी पकड़ मजबूत कर सकती है। वहीं सिरसा ने मीडिया से बात करते हुए कहा, दिल्ली के मुख्यमंत्री का चयन पार्टी हाईकमान द्वारा किया जाएगा। दिल्ली एक बहुत ही महत्वपूर्ण शहर है और जो भी प्रधानमंत्री मोदी के विजन को लागू करेगा, वो मुख्यमंत्री होगा।
वीरेंद्र सचदेवा का भी नाम चर्चा में
दिल्ली बीजेपी के अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने इस चुनाव में काफी मेहनत की। उनका नाम भी दिल्ली बीजेपी के बड़े नामों में शामिल है। चर्चा है कि, बीजेपी वीरेंद्र सचदेवा को भी सीएम का चेहरा बना सकती है। वीरेंद्र सचदेवा 2007 से 2009 तक चाँदनी चौक और 2014 से 2017 तक मयूर विहार बीजेपी जिला अध्यक्ष रहे। वहीं 2020 से 2023 तक वह दिल्ली बीजेपी के प्रदेश उपाध्यक्ष रहे। 2023 में ही वीरेंद्र सचदेवा को दिल्ली बीजेपी का अध्यक्ष नियुक्त किया गया था। वीरेंद्र सचदेवा की संगठन पर अच्छी पकड़ मानी जाती है।
सीएम पद के दावेदार में विजेंदर गुप्ता का भी नाम
दिल्ली के रोहिणी विधानसभा से जीत हासिल करने वाले विजेंदर गुप्ता का नाम भी सीएम पद के दावेदार में आ रहा है। गुप्ता की गिनती दिल्ली में धाकड़ नेता के रूप में होती है। आम आदमी पार्टी के खिलाफ लगातार विपक्ष की भूमिका उन्होंने बखूबी निभाई है। वहीं गुप्ता की पकड़ पार्टी के कैडर और संगठन में भी मजबूत बताई जाती है। माना जा रहा है कि, बीजेपी विजेंदर गुप्ता पर भी विश्वास जता सकती है और दिल्ली सीएम पद पद आसीन कर सकती है।
27 साल बाद दिल्ली में BJP का CM होगा
दिल्ली की सत्ता का चक्र एक बार फिर घूम चुका है। 27 साल पहले दिल्ली सत्ता में काबिज रहने वाली बीजेपी फिर से वापस हुई है और इसी के साथ ही अब दिल्ली में फिर बीजेपी का सीएम बनने जा रहा है। इस बार बीजेपी ने दिल्ली में 70 में 48 सीटें जीत दर्ज कर शानदार प्रदर्शन किया है। इससे पहले 1993 में दिल्ली के अंदर बीजेपी की पहली बार 49 सीटों के साथ सरकार बनी थी और 1998 तक बीजेपी ने दिल्ली में 5 साल में 3 CM बनाए थे। दिल्ली में बीजेपी की अंतिम सीएम सुषमा स्वराज रहीं। वह लगभग 52 दिन ही दिल्ली सीएम की गद्दी पर रहीं थीं।