Corona's speed increased again in the country

देश में फिर तेज हुई कोरोना की रफ्तार, देखें कहां बढ़े कितने मामले

Corona

Corona's speed increased again in the country

नई दिल्ली। देश में कोरोना एक बार फिर से रफ्तार पकड़ ली है। देश में कोरोना मामलों में एक बार फिर तेजी देखने को मिल रही है। लगातार चौथे दिन कोरोना के 2,000 से अधिक मामलों की पुष्टि हुई है। बीते दिन देश में कुल 2,527 नए कोरोना केस मिले, जबकि 33 लोगों की मौत हुई है। पिछली बार कोविड केस कम होने के दौरान 17 मार्च को 2,528 केस मिले थे।

देश में एक्टिव केस यानी इलाज करा रहे मरीजों की संख्या 15,079 है। पिछली बार 15 हजार से अधिक एक्टिव (15,378) केस 28 मार्च को दर्ज किए गए थे। केसेस में लगातार हो रही बढ़ोतरी से बहुत जल्द चौथी लहर की आशंका जताई जा रही है।

इस बीच, तमिलनाडु के स्वास्थ्य सचिव जे राधाकृष्णन ने शनिवार को बताया कि आईआईटी मद्रास में अब तक कुल 55 लोग कोविड पॉजिटिव पाए गए हैं। तमिलनाडु में शुक्रवार को 57 लोग पॉजिटिव पाए गए, जबकि गुरुवार को यह संख्या 39 थी। जे राधाकृष्णन ने गुरुवार को आईआईटी मद्रास कैंपस का दौरा भी किया था।

राजधानी दिल्ली के साथ ही देश के प्रमुख राज्यों में कोरोना केसेज में बढ़ोत्तरी हुई है। दिल्ली में शुक्रवार को 1,042 केस दर्ज किए गए। इस दौरान पॉजिटिविटी रेट 4.64 प्रतिशत रही। आखिरी बार 10 फरवरी को इतनी संख्या में कोरोना केस मिले थे।

दिल्ली में बढ़ते मामलों का असर इससे सटे हरियाणा में भी देखने को मिल रहा है। देश में दूसरे सबसे ज्यादा कोरोना केस हरियाणा में ही मिले हैं। यहां पिछले 24 घंटे में कोरोना के 385 केस मिले हैं। वहीं पॉजिटिविटी रेट 3.48त्न पहुंच गई है। हरियाणा में बीते दिन कुल 10,880 लोगों के कोविड टेस्ट किए गए।

केरल में शुक्रवार को 315 नए केस मिले। राहत की बात यह है कि यहां कोई मौत नहीं हुई। पिछले दिनों हुई 31 मौतों को नए आंकड़ों में शामिल किया गया। यहां कोरोना मामले घटने के बाद सभी तरीके के प्रतिबंध हटाए जा चुके हैं। लोगों को कोविड प्रोटोकॉल फॉलो करने के लिए कहा गया है।

यूपी में बीते दिन 187 केस दर्ज किए गए। यहां अकेले नोएडा में 107 नए केस मिले। राज्य में एक्टिव केस, यानी इलाज करा रहे मरीजों की संख्या 1,044 है। सीएम योगी ने कोरोना के बढ़ते मामलों को देखते हुए बचाव और इलाज की व्यवस्थाओं को चुस्त-दुरुस्त बनाए रखने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने यह भी कहा कि कोरोना के संबंध में हर स्तर पर सावधानी एवं सतर्कता बरती जाए।

महाराष्ट्र में शुक्रवार को 121 केस दर्ज किए गए, जबकि कोई मौत नहीं हुई है। यहां एक दिन में 26,313 लोगों के कोविड टेस्ट किए गए हैं। सबसे अधिक मुंबई में 68 नए केस मिले हैं। यहां एक्टिव मरीज अब 474 हैं। पिछले दिनों ही यहां के स्वास्थ्य मंत्री राजेश टोपे ने कोरोना मामलों की समीक्षा की थी।