ट्राईसिटी में नवकार मंत्र की रही धूम: जैन धर्म के सिद्धांत वर्तमान युग में भी प्रासंगिक: कटारिया

Navkar Mantra was a hit in Tricity

Navkar Mantra was a hit in Tricity

Navkar Mantra was a hit in Tricity- चंडीगढ़,/पंचकूला/मोहाली/जीरकपुर (साजन शर्मा)। पूरे देश में जीतो द्वारा करवाया गया नवकार मंत्र का जाप जहां हरियाणा पंजाब समेत अन्य कई प्रदेशों में धूम रही, वहीं ट्राईसिटी के सभी जैन मंदिरों, जैन स्थानकों में भी जैन श्रद्धालुओं ने बढ़चढक़र नवकार मंत्र में भाग लिया। मुख्य समारोह श्री दिगम्बर जैन मंदिर, सेक्टर 27, चंडीगढ़ में जीतो के तत्वाधान में आयोजित किया गया, जहां पर पंजाब के राज्यपाल व चंडीगढ़ प्रशासक गुलाब चंद कटारिया मुख्य अतिथि के तौर पर सम्मिलित हुए। जीतो के ही तत्वाधान में सेक्टर 28, सेक्टर 18 स्थानक, सेक्टर 24 तेरापंथी, जीरकपुर स्थानक, पंचकूला स्थानक, मोहाली स्थानक व पीर-मुछल्ला में भी सुबह 8.01 से लेकर 9.36 बजे तक नवकार मंत्र का जाप किया गया। श्री दिगंबर जैन मंदिर, सेक्टर 27 व पीर मुछल्ला में पंजाब के राज्यपाल व यूटी, चंडीगढ़ के प्रशासक गुलाब चंद कटारिया ने पूरे जैन समाज को अपील की कि पूरे समाज को एकजुट होकर इस तरह के आयोजनों में शिरकत करनी चाहिये।

उन्होंने कहा कि मैं सभी जैन समाज के लोगों से अपील करता हूं कि महावीर जयंती जैसा उपलक्ष्य चारों पंथों-श्वेतांबर, तेरापंथी, स्थानकवासी व दिगंबरों को एकजुट होकर मनाना चाहिये। उन्होंने इस मौके पर बड़ी घोषणा करते हुए कहा कि क्षमा वाणी जैसा पर्व राजभवन में आयोजित करवाया जाएगा। कटारिया ने भगवान महावीर स्वामी के सिद्धांतों—अहिंसा, सत्य, अपरिग्रह, अचौर्य और ब्रह्मचर्य को आधुनिक समय में भी अत्यंत प्रासंगिक बताया।

उन्होंने कहा कि जैन धर्म का मूल दर्शन न केवल अध्यात्म का मार्ग दिखाता है, बल्कि व्यक्ति के आचरण को भी दिशा देता है। उन्होंने कहा कि आज जब संपूर्ण विश्व शाकाहार की ओर अग्रसर हो रहा है, तो यह भगवान महावीर के विचारों की वैश्विक स्वीकार्यता का प्रमाण है। राज्यपाल ने रात्रिभोज त्याग के स्वास्थ्यवर्धक और आध्यात्मिक लाभों को रेखांकित करते हुए समाज के सभी वर्गों से महावीर जयंती को व्यापक स्तर पर मनाने का आह्वान  किया।

श्री कटारिया ने विशेष रूप से युवाओं को अपने बचपन से ही धर्म, संस्कृति और नैतिक मूल्यों से जोडऩे की आवश्यकता पर बल देते हुए कहा कि यही मार्ग उन्हें एक संतुलित, मूल्यनिष्ठ और जागरूक नागरिक बनाएगा। साथ ही उन्होंने जैन समाज के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि जनसंख्या के अनुपात में जैन समाज ने देश के आर्थिक, सामाजिक और सांस्कृतिक क्षेत्र में जो भूमिका निभाई है, वह अत्यंत सराहनीय और अनुकरणीय है।

इस मौके पर गणमान्य व्यक्तियों में जस्टिस राहुल जैन, जस्टिस पंकज जैन,  एडीशनल सॉलीसिटर जनरल सत्यपाल जैन, आईएएस ललित जैन एडीशनल कमिश्नर जीएसटी गौरव जैन के अलावा जीतो के वाइस चेयरमैन एवं श्री दिगम्बर जैन सोसाइटी के अध्यक्ष धरम बहादुर जैन, वाइस चेयरमैन महावीर जैन, चीफ सेक्रेट्री सुनील जैन, कोषाध्यक्ष सुधीर जैन, जीतो युवा के चेयरमैन अक्षित जैन के अलावा मंदिर के उपाध्यक्ष आदर्श जैन, महामंत्री संत कुमार जैन, कोषाध्यक्ष राजा बहादुर सिंह जैन उपमंत्री शरद जैन, उपमंत्री आशीष जैन, जैन मिलन चंडीगढ़ की और से अध्यक्ष  रमेश जैन समेत अन्य मौजूद  थे।

अनुव्रत भवन सेक्टर 24 में भी उच्चारण: अनुव्रत भवन सेक्टर 24 में श्री जैन श्वेतांबर तेरापंथी सभा द्वारा विश्व नवकार मंत्र समारोह का कार्यक्रम आयोजित किया गया। अनुव्रत समिति के प्रधान मनोज जैन ने बताया कि निर्धारित समयनुसार नवकार मंत्र का उच्चारण किया गया। सभा के प्रधान विजय जैन, सलील जैन, वेदप्रकाश जैन व अन्य लोग यहां मौजूद रहे।

भगवान महावीर स्वामी के जीवन को मानवता  के लिए प्रेरणास्रोत बताया

विश्व महामंत्र नवकार दिवस के पावन अवसर पर पीर मुछल्ला, जीरकपुर जैन स्थानक में पंजाब के राज्यपाल एवं चंडीगढ़ के प्रशासक गुलाब चंद कटारिया ने भव्य धार्मिक समारोह में साध्वी श्री सुनिधि जी महाराज, श्री सजग जी महाराज एवं श्री समाही जी महाराज के चरणों में श्रद्धा अर्पित की और नवकार महामंत्र के प्रति अपनी आस्था व्यक्त की। साध्वी श्री सुनिधि जी महाराज ने नवकार महामंत्र की दिव्यता और प्रभाव को विस्तार से समझाते हुए भगवान महावीर स्वामी के जीवन को मानवता के लिए प्रेरणा स्रोत बताया। उन्होंने राज्यपाल श्री कटारिया द्वारा नशामुक्ति और नारी सशक्तिकरण के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना की। राज्यपाल की उपस्थित श्रद्धालुओं को सेवा, संयम और आत्मिक शुद्धता के मार्ग पर अग्रसर होने की प्रेरणा दी। इस अवसर पर श्रीमती अनीता कटारिया एवं सुश्री अवनि भी राज्यपाल के साथ मौजूद रहीं। समारोह में प्रधान नरेश जैन, सतीश जैन, के.वी. जैन, अशोक जैन, पवन जैन, जयपाल जैन, सतीश जैन (मानसा), जतिन जैन जैसे प्रमुख नागरिकों ने आयोजन की भव्यता और व्यवस्था को सुनिश्चित किया। कार्यक्रम का संचालन अरविंद जैन (दिल्ली) द्वारा किया गया। कार्यक्रम के समापन पर साध्वी श्री ने राज्यपाल को नवकार मंत्र साहित्य भेंट किया।

विश्व के 108 देशों के अलावा देश भर में अलग अलग स्थानों पर गूंजा नवकार मंत्र: सुनील जैन

जीतो के चीफ सेक्रेट्री सुनील जैन ने बताया कि पूरे विश्वभर के 108 देशों में नवकार मंत्र का उच्चारण एक साथ किया गया। देश में अलग-अलग स्थानों पर नवकार मंत्र का जाप हुआ। जीतो ने इस आयोजन की योजनाबद्ध तरीके से भरपूर तैयारी की थी। जीतो एपेक्स के निर्देशों  को मानते हुए योजना तैयार हुई थी। 1 करोड़ 8 लाख से ज्यादा लोगों ने एक साथ सुबह 8.01 से लेकर 9.36 तक इस मंत्र का जाप किया। दिल्ली के विज्ञान भवन में जैन धर्म और उसके सिद्धांतों को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बताया। उन्होंने कहा कि हिंदुस्तान आज जहां है उसमें जैन समाज का महत्वपूर्ण रोल है। नवकार मंत्र की व्याख्या करते हुए मोदी ने कहा कि यह मंत्र सभी सिद्ध पुरुषों को नमस्कार करता है। यानि यह सबको साथ लेकर चलने की मूल भावना को लेकर चलता है। न केवल विश्व शांति बल्कि व्यक्तिगत तौर पर मानसिक शांति के लिये भी दुनिया भर में इसकी महिमा है। सुनील जैन ने बताया कि मोदी ने जैसे सबका साथ, सबका विकास का नारा दिया, ठीक उसी तर्ज पर हिंदुस्तान की विरासत में जैन समाज की अमूल्य विरासत है जिसने अहिंसा और सबको साथ लेकर चलने का संदेश दिया। सुनील जैन ने बताया कि जीतो ऐसा प्लेटफार्म है जहां जैन समाज के सभी संपद्राय जिसमें श्वेतांबर, दिगंबर, तेरापंथी व मंदिरवासी इक्ठ्ठे होकर चल रहे हैं। मोहाली, जीरकपुर, पीर मुछल्ला, डेराबस्सी, अंबाला में भी आज विश्व नवकार मंत्र दिवस पर बड़े कार्यक्रम हुए।  

भजन गाकर व व्याख्या कर समझाया नवकार मंत्र

एसएस जैन सभा, मोहाली ने भी जीतो के तत्वाधान में हुए कार्यक्रम में बढ़चढ़ कर शिरकत की। यहां भी स्क्रीन लगवाई गई थी जहां दिल्ली में हुए कार्यक्रम को प्रसारित किया गया। यहां भी पीएम मोदी का संबोधन मौजूद लोगों ने सुना। ज्ञान महोदधि श्री संतोष जी महाराज व मधुर गायिका विद्याभिलाषी श्री सुदेश जी महाराज के सानिध्य में नवकार मंत्र का सामूहिक जाप हुआ। साध्वी श्री संतोष जी महाराज ने नवकार मंत्र की महिमा बताते हुए कहा कि यह चौदह पूर्वों का सार, आध्यात्मिक विकास व शुभ व एकता का संदेश देने वाला महामंत्र है। साध्वी श्री सुदेश जी महाराज ने भजन के माध्यम से इस मंत्र का महात्म्य समझाया। सभा के मंत्री  सुरेश जैन ने मंच से जीतो संस्था का बहुत बहुत धन्यवाद किया और इस सफल आयोजन पर सबको बधाई दी। सभा के सभी पदाधिकारियों व बच्चों ने भी इसमें शिरकत की। जीतो की ओर से आयोजित समारोह के दौरान विश्वस्तरीय मंत्र जाप अपने आप में सराहनीय प्रयास है।

संतों व साध्वियों के सानिध्य में मंत्र जाप

पंचकूला जैन स्थानक सैक्टर 17 में अध्यक्ष सत्यनारायण जैन ने बताया कि नवकार मंत्र का जाप संतों व साध्वियों के सानिध्य में हुआ। उपाध्याय जितेंद्र मुनि जी महाराज (थाणे 6), उत्तर भारतीय उप परिवर्तनी मां साध्वी जी रमेश कुमारी जी महाराज (थाणे 7), उत्तर भारतीय उप परिवर्तनी करुणा जी महाराज (थाणे 4) इस दौरान मौजूद रहे।

दिल्ली के विज्ञान भवन को मंत्र जाप के बाद लाइव देखा

सेक्टर 18 डी जैन स्थानक के प्रधान सुभाष जैन ने बताया कि नवकार मंत्र का जाप तो निर्धारित समय के अनुसार हुआ ही, इसके साथ नई दिल्ली के विज्ञान भवन में जहां प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जीतो के कार्यक्रम में शिरकत की थी, का मौजूद लोगों ने संबोधन सुना। उन्होंने महावीर स्वामी के आदर्शों पर व जैन समाज के सिद्धांतों पर अपने भाषण का फोकस रखा। इसके बाद भी 15 मिनट तक नवकार मंत्र का जाप किया।

दुनिया के कई देशों में नवकार मंत्र का जाप देखा

जीरकपुर जैन स्थानक एसएस जैन सभा की ओर से भी कार्यक्रम आयोजित किया गया। उमेश जैन ने बताया कि नवकार मंत्र का जाप हुआ। स्क्रीन लगाकर विश्व भर से लाइव प्रसारण हुआ। सिंगापुर सहित कई अन्य देशों के अलाव इंदौर व देश के कई अन्य स्थानों पर भी मंत्र के जाप को मौजूद लोगों ने देखा। सभा के प्रधान जनक जैन, सचिव उमेश जैन के अलावा कैशियर संजय जैन, संरक्षक विनोद जैन (हॉलीवुड), विनोद जैन (लॉ परिजमा), सुशील जैन (सिलवर सिटी),  हरीश जैन, जीएम प्रेम जैन, वाइस प्रेसिडेंट अशोक जैन, राजेश जैन इत्यादि मौजूद रहे।