बाबा सिद्दीकी मर्डर पर चंडीगढ़ सांसद का बयान; मनीष तिवारी बोले- वो लंबे समय तक कांग्रेस में रहे, हमारे पुराने संबंध थे, सरकार पर हमला

Chandigarh Congress MP Manish Tewari Statement On Baba Siddique Murder

Chandigarh Congress MP Manish Tewari Statement On Baba Siddique Murder

Manish Tewari Baba Siddique: महाराष्ट्र के पूर्व मंत्री और NCP (अजित पवार) गुट के सीनियर नेता बाबा सिद्दीकी की रविवार रात हत्या कर दी गई। बांद्रा ईस्ट में दफ्तर के पास 3 शूटरों ने बाबा सिद्दीकी पर गोलीबारी की। इस दौरान बाबा सिद्दीकी के पेट और सीने में तीन से चार गोलियां लगीं। जिसके बाद उन्हें आनन-फानन में मुंबई के लीलावती अस्पताल में ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने बाबा सिद्दीकी को मृत घोषित कर दिया। बाबा सिद्दीकी की इस प्रकार हत्या से पूरे महाराष्ट्र में खलबली मची हुई है। इसके साथ ही महाराष्ट्र और देश का सियासी माहौल भी गर्म है। बाबा सिद्दीकी NCP में आने से पहले कांग्रेस में थे। उनकी हत्या पर कांग्रेस ने महाराष्ट्र सरकार पर जमकर हमला बोला है।

बाबा सिद्दीकी मर्डर पर चंडीगढ़ सांसद मनीष तिवारी का भी बयान सामने आया है। मनीष तिवारी ने कहा कि, बाबा सिद्दकी के साथ हमारे बहुत ही पुराने संबंध थे। जब मैं NSUI का राष्ट्रीय अध्यक्ष था तब वो भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन में काम करते थे। जो हुआ है बहुत ही दुर्भाग्यपूर्ण है और अत्यंत निंदनीय है। सरकार को ये पूरी कोशिश करनी चाहिए कि जो भी इसका जिम्मेदार है और जो भी इसके पीछे है उसे सख्त से सख्त सजा दी जाए। मेरी संवेदनाएं उनके परिवार के साथ है। वो बहुत लंबे समय तक कांग्रेस में कार्य करते रहे। महाराष्ट्र में जो कानून-व्यवस्था की परिस्थिति है यह घटना उसका जीता-जागता उदाहरण है।


मुंबई में सलमान खान के घर पर सुरक्षा बढ़ाई गई; हथियारबंद पुलिस जवान तैनात, बाबा सिद्दीकी मर्डर के बाद लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने नाम लिया

राहुल गांधी बोले- महाराष्ट्र में कानून-व्यवस्था खराब

बाबा सिद्दीकी की हत्या पर लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने कहा कि, बाबा सिद्दीकी का निधन चौंकाने वाला और दुखद है। इस कठिन समय में मेरी संवेदनाएं उनके परिवार के साथ हैं। यह भयावह घटना महाराष्ट्र में कानून-व्यवस्था की पूर्ण गिरावट को उजागर करती है। सरकार को जिम्मेदारी लेनी चाहिए और न्याय होना चाहिए।

''सलमान खान की हेल्प जो भी करेगा, वो अपना हिसाब रखे''; लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने महाराष्ट्र में बाबा सिद्दीकी के मर्डर की जिम्मेदारी ली

मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा- प्रशासन की बहुत बड़ी विफलता

वहीं सिद्दीकी की हत्या पर कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा कि हमने तो खुले तौर पर कहा है कि महाराष्ट्र में कानून-व्यवस्था ठीक नहीं है। सिद्दीकी द्वारा जान का खतरा जताने के बाद भी पुलिस अगर उनका रक्षण नहीं कर पाई तो यह प्रशासन की बहुत बड़ी विफलता है। मुंबई जैसे क्षेत्र में पुलिस को हमेशा सतर्क रहना चाहिए। दिन-दहाड़े यह जो घटनाएं हो रही हैं इस पर सरकार यदि चिंता नहीं जताती है तो मैं समझता हूं कि वे इन घटनाओं को नजरअंदाज कर रहे हैं।

इधर, कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने कहा कि, विश्वास नहीं होता कि बाबा सिद्दीकी नहीं रहे। कांग्रेस में कई साल हमने साथ काम किया। मुंबई के एक इतने वरिष्ठ राजनेता की इस तरह हत्या कर दी जाए ये सुन कर विश्वास नहीं होता। भगवान उनके परिवार को हिम्मत दे इससे ज्यादा कुछ कहने की क्षमता नहीं है।

वहीं महाराष्ट्र कांग्रेस अध्यक्ष नाना पटोले ने कहा, "ये दुखद घटना है। महाराष्ट्र सरकार की गुनहगारों का समर्थन करने की जो नीयत है ये उसी का परिणाम है। नाना पटोले ने कहा कि, महाराष्ट्र की कानून व्यवस्था पूरी तरह से बर्बाद हो चुकी है और उसी का परिणाम है कि वहां पर सत्ता पक्ष के नेता भी सुरक्षित नहीं हैं। महाराष्ट्र की स्थिति क्या है यह अब सबको पता चल गया है। महाराष्ट्र में बच्चियां, महिलाएं और आम जनता सुरक्षित नहीं है।

कांग्रेस नेता हरीश रावत ने NCP नेता बाबा सिद्दीकी की हत्या पर कहा कि, यह बहुत दुखद है। बाबा सिद्दीकी राजनीतिक कारणों से कई लोगों के निशाने पर थे, वह बहुत प्रभावशाली नेता थे। मुझे इससे गहरा दुख हुआ है। जो भी इसके पीछे है, उसका पर्दाफाश होना चाहिए।

NCP नेता बाबा सिद्दीकी की हत्या मामले पर कांग्रेस नेता सुप्रिया श्रीनेत ने कहा कि, बाबा सिद्दीकी को श्रद्धांजलि देती हूं और उनके परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करती हूं...आज महाराष्ट्र में जिस तरह से कानून-व्यवस्था दम तोड़ चुकी है, वो अपने-आप में गंभीर विषय है। Y-श्रेणी की सुरक्षा होने के बावजूद, पुलिस के इतने बंदोबस्त के बावजूद दिन-दहाड़े हत्यारे आते हैं और हत्या करके चले जाते हैं? यह क्या दिखाता है?