चंडीगढ़ में मौसम विभाग का येलो अलर्ट; इतने दिनों तक भारी बारिश, पंचकूला और अंबाला में भी जमकर बरसेंगे बादल, यमुनानगर भी खूब भीगेगा

Chandigarh Panchkula Rain Warning
Chandigarh Panchkula Rain Warning: मानसूनी मौसम है तो जाहिर सी बात है कि बारिश का सिलसिला चलता रहेगा। जहां इसी सिलसिले में अब मौसम विभाग ने हरियाणा और चंडीगढ़ में बारिश को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है। यानि हरियाणा और चंडीगढ़ में भारी बारिश की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग के अनुसार, चंडीगढ़ में वीरवार और शुक्रवार को गरज-चमक के साथ भारी बारिश हो सकती है। वहीं इसी प्रकार मौसम विभाग ने हरियाणा के अंबाला, पंचकूला और यमुनानगर में भारी बारिश की चेतावनी दी है।
यमुनानगर में तीन दिनों की भारी बारिश
मौसम विभाग ने हरियाणा के अंबाला, पंचकूला में वीरवार और शुक्रवार को गरज-चमक के साथ भारी बारिश की संभावना जताई है। लेकिन यमुनानगर में तीन दिनों की भारी बारिश हो सकती है। मौसम विभाग के मुताबिक, यमुनानगर में शनिवार को भी भारी बारिश जारी रह सकती है। जबकि कुरुक्षेत्र, करनाल और कैथल में वीरवार और शुक्रवार को मौसम साफ रहने वाला है। इन तीन जिलों में शनिवार के लिए बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है। यानि तीनों जिलों में भारी बारिश हो सकती है।

पिछली भारी बारिश ने त्राहि-त्राहि मचा दी
बीते शनिवार से सोमवार तक चली तीन दिनों की भारी बारिश ने चंडीगढ़, पंजाब, हरियाणा और हिमाचल में त्राहि-त्राहि मचा दी। बारिश के चलते आलम ऐसा रहा कि, मौसम खुलने के बाद अभी तक बाढ़ आपदा से निपटने की कोशिश जारी है। जगह-जगह सड़कें ढह गईं हैं। जहां आवागमन बाधित हो रहा है। वहीं लोगों के घर पानी में डूबे हैं। लोग का जीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। वहीं बात अगर हरियाणा की करें तो यहां सबसे ज्यादा नुकसान अंबाला, यमुनानगर, पंचकूला और कुरुक्षेत्र को हुआ है। इसके साथ ही बाढ़ आपदा में पंजाब के तमाम जिलों के सैकड़ों गांव पानी में डूबे हुए हैं। जिन्हें वहां से रेस्क्यू किया जा रहा है। रेस्क्यू कार्य में NDRF, SDRF और सेना की टीमें लगी हुईं हैं।