चंडीगढ़ में नग्न लाश मिलने से हड़कंप; पानी में मृत पड़ा था 13 साल का बच्चा, बदन पर कोई कपड़ा नहीं, घर नहीं लौटने पर तलाश हुई

Chandigarh Child Nude Dead Body Found In The Pit Full Of Water
Chandigarh Child Body Found: चंडीगढ़ में 13 साल के एक बच्चे की संदिग्ध हालत में लाश मिली है। मौली जागरां के पास बच्चा बरसाती पानी से भरे एक गड्ढे में मृत पाया गया। जिसके चलते हड़कंप मच गया। फिलहाल, मौके पर पहुंची पुलिस ने बच्चे की लाश अपने कब्जे में ले ली है। पोस्टमार्टम के लिए बच्चे की लाश मोर्चरी में रखवा दी गई है।
शुरुवाती जांच में बच्चे की मौत पानी में डूबने से मानी जा रही है। हालांकि, पुलिस अभी स्पष्ट कुछ भी कहने से बच रही है। पुलिस का कहना है कि, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने की बाद ही मौत की स्थिति साफ हो पाएगी। मामले में पुलिस द्वारा हर एंगल से जांच-पड़ताल शुरू कर दी गई है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है। वहीं घर-परिवार में मातम पसर गया है।
बच्चे के बदन पर नहीं था कोई कपड़ा
बताया जा रहा है कि, मृत बच्चा पानी से भरे गड्ढे में नग्न पड़ा था। उसके बदन पर कोई कपड़ा नहीं था। पानी में उसकी नग्न लाश उतराती हुई देखी गई। जिसके बाद पुलिस द्वारा बच्चे को पानी से बाहर निकाला गया। पुलिस उसे अस्पताल लेकर पहुंची। जहां डॉक्टरों ने भी उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस का कहना है कि, मौली जागरां के पास एक गड्डा सा है, जिसमें बरसात में पानी भर जाता है। जिसमें बच्चे खेल-खेल में नहाने उतर जाते हैं।
पुलिस के मुताबिक, यह मृतक बच्चा एक महीने पहले भी अपने दोस्तों के साथ वहां नहाने गया था। माना जा रहा है कि, इस बार भी यह नहाने ही वहां पर गया था और इस दौरान वह पाने में डूब गया और उसकी मौत हो गई। अभी यह मालूम नहीं चल पाया है कि, बच्चे के साथ और भी बच्चे मौजूद थे या नहीं। बच्चे के कपड़े वहीं पास में मिले हैं।
हल्लोमाजरा का रहने वाला, रविवार दोपहर से गायब था
उक्त मृतक बच्चा हल्लोमाजरा का रहने वाला था। वह अपने परिवार के साथ यहां रह रहा था और एक किराने की दुकान पर काम भी करने जाता था। परिवार के मुताबिक, बीते रविवार को वह काम पर नहीं गया और करीब दोपहर 2 बजे घर से कहीं बाहर चला गया। इसके बाद जब वह शाम होने तक नहीं लौटा और उसके बारे में कोई जानकारी नहीं मिली तो चिंता होने लगी। जिसके बाद पुलिस को बच्चे के बारे में शिकायत दी गई।
घर नहीं लौटने पर तलाश हुई
बच्चे के घर नहीं लौटने पर परिवार ने हल्लोमाजरा पुलिस चौकी में शिकायत दर्ज कराई थी। जिसके बाद पुलिस ने भी बच्चे के लापता होने की शिकायत दर्ज जांच शुरू कर दी। एक तरफ जहां परिवार बच्चे की तलाश कर रहा था तो वहीं पुलिस अपने स्तर पर छानबीन करने में जुटी हुई थी। इसी बीच तलाश के दौरान मौली जागरां के पास बरसाती पानी से भरे एक गड्ढे में बच्चे की लाश मिली। बच्चे को इस हालत में देखकर परिवार के होश उड़ गए। बच्चे की मौत से परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।
रिपोर्ट- रंजीत शम्मी