केंद्र सरकार ने पेट्रोल-डीजल पर एक्साइज ड्यूटी बढ़ाई; प्रति लीटर इतने रुपये की बढ़ोतरी की गई, आज आधी रात से प्रभावी होगी यह बढ़त

Central Government Increased Petrol-Diesel Excise Duty Notification
Petrol-Diesel Excise Duty: केंद्र सरकार ने पेट्रोल-डीजल पर एक्साइज ड्यूटी बढ़ाने का ऐलान किया है। इस संबंध में केंद्रीय वित्त मंत्रालय के राजस्व विभाग ने अधिसूचना जारी की है। सरकार ने पेट्रोल और डीजल पर 2-2 रुपए प्रति लीटर उत्पाद शुल्क बढ़ाया है। यह बढ़त आज आधी रात 12 बजे (8 अप्रैल) से प्रभावी हो जाएगी। हालांकि, राहत भरी जानकारी यह है कि एक्साइज ड्यूटी बढ्ने के बाद भी आम लोगों की जेब को झटका नहीं लगेगा।
बताया जा रहा है कि, पेट्रोल-डीजल की कीमत नहीं बढ़ेगी। दरअसल, पेट्रोल-डीजल पर एक्साइज ड्यूटी बढ़ाने के ऐलान के साथ ही यह माना जा रहा था कि पेट्रोल-डीजल भी 2-2 रुपए प्रति लीटर महंगा हो जाएगा। लेकिन अधिसूचना जारी होने के कुछ देर बाद ही केंद्रीय पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय ने जानकारी दी कि, एक्साइज ड्यूटी बढ़ने के बाद भी पेट्रोल-डीजल के दाम नहीं बढ़ेंगे। यानि आम जनता की ज़ेब पर कोई असर नही होगा।
बताया जाता है कि, केवल तेल कंपनियों के लिए एक्साइज ड्यूटी बढ़ाई गई है। एक्साइज ड्यूटी में बढ़त को कच्चे तेल की घटी कीमतों से एडजस्ट किया जाएगा। केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्री हरदीप पुरी ने बताया कि, कच्चे तेल की अंतरराष्ट्रीय कीमत घटकर करीब 60 डॉलर प्रति बैरल रह गई है. जबकि जनवरी में कच्चे तेल की कीमत 83 डॉलर थी, जो बाद में घटकर 75 डॉलर रह गई थी।
वहीं पेट्रोल-डीजल की कीमत में कमी को लेकर पुरी ने कहा कि, वैश्विक कीमतों के अनुरूप तेल विपणन कंपनियां पेट्रोल और डीजल की कीमतों में कमी करेंगी।जानकारी के अनुसार, अभी सरकार पेट्रोल पर 19.90 रुपए लीटर और डीजल पर 15.80 रुपए लीटर एक्साइज ड्यूटी वसूल रही है। इस बढ़ोतरी के बाद पेट्रोल पर 21.90 रुपए लीटर और डीजल पर 17.80 रुपए प्रति एक्साइज लीटर ड्यूटी लगेगी।