BJP cornered Congress on the pretext of Kumari Selja

कुमारी सैलजा के बहाने भाजपा ने कांग्रेस को घेरा, पूर्व सीएम मनोहर लाल ने दिया बीजेपी में आने का न्यौता

BJP cornered Congress on the pretext of Kumari Selja

BJP cornered Congress on the pretext of Kumari Selja

BJP cornered Congress on the pretext of Kumari Selja- चंडीगढ़। हरियाणा में चुनाव प्रचार से दूर हो चुकी सिरसा की सांसद कुमारी सैलजा के बहाने सत्तारूढ़ भाजपा ने कांग्रेस को घेर लिया है। भाजपा ने चुनाव प्रचार के दौरान प्रदेश के दलितों को इस मुद्दे पर एकजुट करना शुरू कर दिया है।

कांग्रेस हाईकमान तथा पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा जहां सैलजा के मुद्दे पर चुप हैं वहीं बीजेपी ने शनिवार को इसे चुनावी मुद्दा बना लिया। केंद्र के एक मंत्री ने सैलजा को बीजेपी में आने का न्यौता दिया तो दूसरे ने हुड्डा पिता-पुत्र को इस मुद्दे पर घेर लिया। पंचकूला से कांग्रेस प्रत्याशी एवं पूर्व उपमुख्यमंत्री चंद्रमोहन बिश्नोई ने भी सैलजा का पक्ष लेते हुए उन्हें भावी मुख्यमंत्री करार दिया।

कांग्रेस के ही कुछ कार्यकर्ताओं द्वारा जातिगत व निजी टिप्पणियां किए जाने के बाद से कुमारी सैलजा हरियाणा के चुनाव प्रचार से बाहर हैं। पिछले करीब एक सप्ताह से सैलजा सार्वजनिक कार्यक्रमों में भाग नहीं ले रही हैं। इस मुद्दे पर कांग्रेस हाईकमान तथा हरियाणा में नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा चुप हैं। वहीं बीजेपी ने कुमारी सैलजा के अपमान को चुनावी मुद्दा बना लिया है।

हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री और केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर ने चुनाव के बीच कुमारी शैलजा को ऑफर दिया है। खट्टर ने उन्हें बीजेपी में शामिल होने का न्योता दिया है। मनोहर लाल ने शनिवार को एक टीवी चैनल को दिए इंटरव्यू में कहा कि कांग्रेस पार्टी ने दलित नेता कुमारी शैलजा का अपमान किया है। सैलजा को गाली तक दी गई और अब वह घर पर बैठी हैं। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता भूपेंद्र सिंह हुड्डा और गांधी परिवार को उनका अपमान करने के बाद भी शर्म नहीं आ रही है। दलित समुदाय की ओर इशारा करते हुए उन्होंने कहा कि एक बड़ा वर्ग सोच रहा है कि क्या करें। हम अपने साथ कई नेताओं को लेकर आए हैं और हम उन्हें भी अपने साथ लाने के लिए तैयार हैं।

उधर हरियाणा दौरे पर आए केंद्रीय कानून मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने कुमारी सैलजा पर कांग्रेसियों द्वारा की गई टिप्पणियों की निंदा करते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी की परंपरा ही दलितों का अपमान करने की रही है। भारतीय जनता पार्टी किसी भी नेता का अपमान बर्दाश्त नहीं करती, न ही अपशब्दों के प्रयोग को बढ़ावा देती है। जिस प्रकार भूपेन्द्र सिंह हुड्डा और उनके समर्थकों ने कुमारी सैलजा का अपमान किया है, उसे हरियाणा की जनता कभी नहीं भूलेगी, और कांग्रेस को इसका खामियाजा भुगतना पड़ेगा।

पंचकूला से कांग्रेस प्रत्याशी एवं पूर्व उपमुख्यमंत्री चंद्रमोहन ने सैलजा के साथ हुए घटनाक्रम की निंदा करते हुए कहा कि वह पार्टी की वरिष्ठ नेता हैं और प्रदेश की भावी मुख्यमंत्री हैं। उनके साथ ऐसा व्यवहार उचित नहीं है।

वहीं भजनलाल के दूसरे बेटे एवं भाजपा नेता कुलदीप बिश्नोई ने हिसार में कहा कि कुमारी सैलजा कांग्रेस की सम्मानित नेता हैं, मगर पार्टी में उनके साथ अच्छा व्यवहार नहीं हो रहा। सैलजा की अनदेखी का खामियाजा हरियाणा विधानसभा चुनाव में कांग्रेस को भुगतना पड़ेगा।

कैथल के गुहला चीका विधानसभा में चुनावी जनसभा को संबोधित करने पहुंचे हरियाणा के कार्यकारी मुख्यमंत्री नायब सैनी कुमारी सैलजा का पक्ष लेते नजर आए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पूरी तरह से बौखला चुकी है, कांग्रेस के लोगों ने कुमारी सैलजा को मानसिक रूप से प्रताड़ित किया है, इससे उनके मन को ठेस पहुंची है।

नायब सैनी ने कहा कि वह कांग्रेस की सीनियर लीडर हैं, उसने पार्टी के लिए अपना जीवन लगाया है, वह मुख्यमंत्री पद की दावेदारी जता सकती हैं, यह उसका हक है। कांग्रेस के लोग दलित समाज को देखकर खुश नहीं हैं, यह कुमारी सैलजा को दबाना चाहते हैं जो दुर्भाग्यपूर्ण है। आज उनके नेताओं को ना व्यापारी दिख रहा है, ना दलित दिख रहा है। इसलिए यह बौखलाए हुए फिरते हैं, 8 तारीख के बाद ही अपने घरों में आराम से बैठ जाएंगे।