Himachal By-Election Result- हिमाचल में BJP को बहुत बड़ा झटका; लोकसभा चुनाव जैसा कमाल नहीं, 2 सीटें हारी, कांग्रेस की फतेह

हिमाचल में BJP को बड़ा झटका; लोकसभा चुनाव जैसा कमाल नहीं, 3 सीटों के विधानसभा उप-चुनाव में 2 सीटें हारी, कांग्रेस की फतेह

BJP Big Blow In Himachal Vidhan Sabha By-Election 2024 Result Update

BJP Big Blow In Himachal Vidhan Sabha By-Election 2024 Result

Himachal By-Election 2024 Result: हिमाचल में देहरा, हमीरपुर और नालागढ़ जैसी 3 विधानसभा सीटों पर हुए उप-चुनाव में बीजेपी को बड़ा झटका लगा है। इन सीटों पर उप-चुनाव का रिजल्ट आज जारी किया गया। जिसमें बीजेपी 3 सीटों में केवल 1 सीट ही जीत पाई। मसलन, आम चुनाव में हिमाचल की सभी 4 लोकसभा सीटों पर क्लीन स्वीप करने वाली बीजेपी विधानसभा उप-चुनाव में अपना कमाल नहीं दिखा सकी। बता दें कि, बीजेपी ने हमीरपुर सीट पर जीत दर्ज की है। इसके अलावा देहरा और नालागढ़ दोनों विधानसभा सीटों पर कांग्रेस ने अपना कब्जा जमाया है।

हमीरपुर सीट से बीजेपी के आशीष शर्मा की जीत

बीजेपी ने हमीरपुर विधानसभा सीट से उपचुनाव के लिए आशीष शर्मा को अपना उम्मीदवार बनाया था। जबकि कांग्रेस ने पुष्पिंदर सिंह को चुनाव मैदान में उतारा था. आशीष शर्मा ने कांग्रेस के पुष्पिंदर सिंह को 1,571 वोटों के अंतराल से हराया है। शर्मा को कुल 27,041 वोट मिले। वहीं पुष्पिंदर सिंह को 25,470 वोट हासिल हुए। वहीं इस सीट पर वोटों की गिनती कुल 9 राउंड में की गई। शुरुवाती 4 राउंड में कांग्रेस उम्मीदवार पुष्पिंदर सिंह आगे चल रहे थे। लेकिन पांचवें राउंड से तस्वीर बदल गई और इसके बाद पुष्पिंदर सिंह आगे नहीं हो पाए और हार गए।

देहरा सीट से CM सुक्खू की पत्नी कमलेश ठाकुर जीतीं

वहीं देहरा विधानसभा सीट पर कांग्रेस उम्मीदवार और हिमाचल के सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू की पत्नी कमलेश ठाकुर ने विजय पताका लहराई है। कमलेश ठाकुर ने 32,737 वोटों के साथ जीत हासिल की। ठाकुर ने इस सीट पर अपने प्रतिद्वंदी BJP उम्मीदवार होशियार सिंह को 9,333 वोटों से हराया। होशियार सिंह को 23,338 वोटों के साथ संतोष करना पड़ा। जबकि शुरुवाती रुझानों में होशियार सिंह अपनी बढ़त बनाए हुए थे।

बता दें कि, देहरा विधानसभा सीट पर पड़े वोटों की गिनती कुल 10 राउंड में की गई। जिसमें 5 राउंड तक BJP उम्मीदवार होशियार सिंह अपनी बढ़त बनाए रहे। लेकिन पांचवें राउंड के बाद वह पिछड़ गए और कमलेश ठाकुर से आगे नहीं हो पाये। वहीं पांच राउंड पिछड़ने के बाद अगले पांच राउंड में कमलेश ठाकुर ने जीत हासिल कर ली।

पत्नी कमलेश ठाकुर की जीत पर क्या बोले सीएम सुक्खू?

पत्नी कमलेश ठाकुर की जीत पर मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू का बयान सामने आया है। सीएम सुक्खू ने कहा कि हमें हिमाचल की जनता ने 2022 के विधानसभा चुनाव में 40 सीटें दी थीं। इस उपचुनाव में हमने अपनी साख दांव पर लगा दी थी। क्योंकि सीएम के परिवार से जब कोई चुनाव लड़ता है तो सीएम की साख दांव पर लग जाती है। सुक्खू ने कहा कि पिछले 25 सालों से कांग्रेस को इस सीट पर जीत नहीं मिली थी। कमलेश ठाकुर को जिताने के लिए मैं देहरा के लोगों का धन्यवाद करता हूं।

नालागढ़ विधानसभा सीट पर कांग्रेस के हरदीप सिंह बावा की जीत

देहरा विधानसभा सीट के साथ नालागढ़ विधानसभा सीट पर भी कांग्रेस ने जीत दर्ज की है। कांग्रेस ने यहां से हरदीप सिंह बावा को उपचुनाव के लिए उम्मीदवार बनाया था। कांग्रेस उम्मीदवार हरदीप सिंह बावा ने 34,608 वोटों के साथ जीत हासिल की। साथ ही 8,990 वोटों के अंतराल से बीजेपी उम्मीदवार केएल ठाकुर को हराया। केएल ठाकुर को कुल 25,618 वोट मिले। इस सीट पर वोटों की गिनती कुल 9 राउंड में की गई। शुरुवाती से ही कांग्रेस उम्मीदवार हरदीप सिंह बावा अपनी बढ़त बनाए रहे। केएल ठाकुर एक भी राउंड में आगे नहीं हो पाए।

हिमाचल में लोकसभा चुनाव जैसा कमाल नहीं कर सकी BJP

सबसे बड़ा सवाल यह है कि, क्या लोगों का मूड और उनका नजरिया दो महीनों के अंदर ही बदल गया। तभी तो परिणाम यह हुआ आम चुनाव में हिमाचल की 4 लोकसभा सीटों पर क्लीन स्वीप करने वाली बीजेपी हिमाचल के विधानसभा उप-चुनाव में अपना कमाल नहीं दिखा सकी। बीजेपी की इस हार के पीछे कई सवाल हैं और कई कारण हो सकते हैं।

बता दें कि, लोकसभा चुनाव में हिमाचल की सबसे हॉट सीट मंडी से बीजेपी की कंगना रनौत ने कांग्रेस के विक्रमादित्य सिंह को हराकर चुनाव जीता था। वहीं हमीरपुर से अनुराग ठाकुर ने जीत हासिल की थी। जबकि शिमला की लोकसभा सीट पर बीजेपी के सुरेश कश्यप ने कांग्रेस के विनोद सुल्तानपुरी को पटखनी दी थी। वहीं कांगड़ा सीट से बीजेपी के राजीव भारद्वाज ने जीत हासिल की थी।

10 जुलाई को 13 विधानसभा सीटों पर हुई थी वोटिंग

ज्ञात रहे कि, 7 राज्यों की 13 विधानसभा सीटों पर 10 जुलाई को वोटिंग हुई थी। इन सीटों में बिहार में रूपौली, पश्चिम बंगाल में रायगंज, राणाघाट दक्षिण, बागदा और मानिकतला, तमिलनाडु में विक्रवंडी, मध्य प्रदेश में अमरवाड़ा, उत्तराखंड में बद्रीनाथ और मंगलौर, पंजाब में जालंधर पश्चिम और हिमाचल प्रदेश में देहरा, हमीरपुर और नालागढ़ जैसी शामिल रहीं। चुनाव आयोग के अनुसार, तमिलनाडु की विक्रवंडी विधानसभा सीट पर सबसे ज्यादा वोटिंग दर्ज की थी जबकि वहीं उत्तराखंड की बद्रीनाथ सीट पर सबसे कम वोट पड़े थे।

नोटिफिकेशन 14 जून को जारी किया गया

चुनाव आयोग ने लोकसभा चुनाव-2024 सम्पन्न होने और 4 जून को चुनाव रिजल्ट आने के बाद इन 13 विधानसभा सीटों पर 14 जून को उप-चुनाव की घोषणा की थी। जारी नोटिफिकेशन के मुताबिक, चुनाव में खड़े होने वाले उम्मीदवारों के लिए नॉमिनेशन फाइल करने की आखिरी तारीख 21 जून थी। वहीं नॉमिनेशन की स्क्रूटनी 24 जून को रखी गई थी। जबकि नामांकन वापस लेने की आखिरी तारीख 26 जून थी।