प्रशासन पर ड्राफ्ट जारी न करने का आरोप, बाइक टैक्सी बंद करने की अपील
- By Vinod --
- Wednesday, 24 Jul, 2024

Accusation on administration of not issuing draft
Accusation on administration of not issuing draft- चंडीगढ़ (साजन शर्मा)I चंडीगढ़ में कैब और ऑटो चालकों ने एक बार फिर प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। कैब और ऑटो चालक सेक्टर 17 सर्कस ग्राउंड में एकत्र हुए और चंडीगढ़ प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन किया। उनका आरोप है कि पहले भी कई बार जब उन्होंने प्रदर्शन किया था तो चंडीगढ़ प्रशासन की ओर से उन्हें आश्वासन दिया गया था, लेकिन अभी तक उनकी कोई भी मांग पूरी नहीं हुई है।
उन्होंने कहा कि चंडीगढ़ में कई तरह की अवैध टैक्सियां चल रही हैं लेकिन प्रशासन की ओर से उनके खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की जाती। जब हम प्रशासन के सामने अपनी मांगें रखते हैं तो प्रशासन गाडिय़ों का चालान काटना शुरू कर देता है।
चंडीगढ़ कैब यूनियन के अध्यक्ष अमनदीप सिंह ने कहा कि कर्नाटक सरकार ने एक ड्राफ्ट तैयार किया है। इस ड्राफ्ट में टैक्सियों और कंपनियों के बीच दरें तय की गई हैं। पिछली हड़ताल के दौरान चंडीगढ़ प्रशासन ने कहा था कि जल्द ही इसके लिए ड्राफ्ट जारी किया जाएगा।
इसके नोटिफिकेशन के लिए 15 दिन का समय होगा। 15 दिन बाद इसे नोटिफाई कर दिया जाएगा लेकिन करीब 20 दिन बीत गए लेकिन ड्राफ्ट अभी तक तैयार नहीं हुआ है। जब तक प्रशासन ड्राफ्ट की कॉपी नहीं देता, तब तक वे हड़ताल खत्म नहीं करेंगे।
ऑटो यूनियन के अध्यक्ष अनिल कुमार ने कहा कि चंडीगढ़ में कई तरह की बाइक टैक्सी चल रही हैं जबकि इनके पास किसी तरह की परमिशन नहीं है। प्रशासन इनके खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं करता। इन बाइक पर कमर्शियल नंबर भी नहीं है लेकिन फिर भी ये सवारियां उठा रहे हैं। बाइक टैक्सी के रेट कम होने की वजह से सवारियां ज्यादातर बाइक टैक्सी का ही इस्तेमाल कर रही हैं। इस वजह से इनका कारोबार पूरी तरह से बंद हो गया है। ऑटो चालकों को भी सवारियां नहीं मिल रही हैं। इस वजह से परिवार चलाना मुश्किल हो चला है।