Delhi New CM Atishi: आतिशी इस दिन दिल्ली मुख्यमंत्री पद की लेंगी शपथ; इन नेताओं का मंत्री बनना लगभग तय

आतिशी इस दिन दिल्ली मुख्यमंत्री पद की लेंगी शपथ; LG ने सरकार बनाने के लिए बुलाया, इन AAP नेताओं का मंत्री बनना लगभग तय

AAP Atishi Marlena Delhi New Chief Minister Oath Ceremony

AAP Atishi Marlena Delhi New Chief Minister Oath Ceremony

Delhi New CM Atishi: अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली के सीएम पद से इस्तीफा दे दिया है। वहीं अब आतिशी दिल्ली में आम आदमी पार्टी विधायक दल की नेता हैं। यानि दिल्ली में आम आदमी पार्टी की सरकार का नेतृत्व अब आतिशी करेंगी। दिल्ली सीएम की कमान आतिशी के हाथों में होंगी। बताया जा रहा है कि, आतिशी 21 सितंबर को दिल्ली सीएम पद की शपथ लेने जा रहीं हैं।

आतिशी को एलजी वीके सक्सेना 21 सितंबर को मुख्यमंत्री पद की शपथ दिलाएंगे। माना जा रहा है कि, आतिशी के नेतृत्व में सरकार गठन के साथ मंत्रिमंडल में शामिल होने वाले आम आदमी पार्टी के नेताओं को भी मंत्री पद की शपथ दिलाई जाएगी। इस मौके पर अरविंद केजरीवाल, मनीष सिसोदिया और संजय सिंह समेत आम आदमी पार्टी के कई नेता मौजूद रहेंगे।

आतिशी ने मंगलवार को सरकार बनाने का दावा पेश किया

मालूम रहे कि, बीते मंगलवार को अरविंद केजरीवाल जब उपराज्यपाल वीके सक्सेना के पास इस्तीफा देने के लिए पहुंचे थे तो इस दौरान आतिशी भी केजरीवाल के साथ मौजूद रहीं। इस बीच आतिशी ने उपराज्यपाल वीके सक्सेना से मिलकर सीएम बनने और सरकार बनाने का दावा पेश किया। बताया जा रहा है कि, अब एलजी वीके सक्सेना के कार्यालय से आतिशी को सरकार बनाने के लिए आमंत्रित कर दिया गया है।

इन आप नेताओं का मंत्री बनना लगभग तय

माना जा रहा है कि, केजरीवाल सरकार में मंत्री रहे नेताओं को फिर से मंत्री पद की शपथ दिलाई जाएगी। केजरीवाल कैबिनेट में जो मंत्री पहले शामिल थे उन्हें रिपीट किया जा सकता है। गोपाल राय, इमरान हुसैन, कैलाश गहलोत और सौरभ भारद्वाज का फिर से कैबिनेट मंत्री बनना लगभग तय है। इसके अलावा दो नए विधायकों को भी कैबिनेट में शामिल किया जा सकता है। हालांकि आधिकारिक ऐलान अभी नहीं किया गया है। ज्ञात रहे कि, दिल्ली में मुख्यमंत्री को मिलाकर कुल सात मंत्री बनाए जा सकते हैं।

कैबिनेट मंत्री रहते कई मंत्रालय एकसाथ संभाले

दिल्ली की कालकाजी सीट से पहली बार विधायक बनीं आतिशी मार्लेना वर्तमान में दिल्ली सरकार में कैबिनेट मंत्री की ज़िम्मेदारी संभाल रहीं थीं। आतिशी के पास शिक्षा, वित्त, जल, पीडबल्यूडी, टूरिज़म, बिजली, सतर्कता, जनसंपर्क जैसे कई मंत्रालयों का जिम्मा था। सिसोदिया के जेल जाने के बाद उनके मंत्रालय आतिशी को ही दिये गए थे। आतिशी केजरीवाल सरकार में सबसे ज्यादा मंत्रालय संभाल रही थीं। आतिशी को अरविंद केजरीवाल के सबसे करीबियों में से एक माना जाता है। वह केजरीवाल की काफी भरोसेमंद हैं।

केजरीवाल के जेल जाने के बाद उनके पीछे से दिल्ली सरकार के अंदर आतिशी मुख्य चेहरा रहीं। जिन्होंने संकट की स्थिति में पार्टी के साथ सरकार को भी संभाला। दिल्ली सीएम को लेकर आतिशी के नाम की चर्चा सबसे ज्यादा थी। क्योंकि केजरीवाल सबसे ज्यादा भरोसा आतिशी पर ही जता रहे थे। इससे पहले केजरीवाल ने 15 अगस्त को तिरंगा फहराने के लिए अपनी जगह आतिशी का नाम एलजी को भेजा था। दिल्ली सीएम पद के लिए आतिशी के अलावा सौरभ भारद्वाज और गोपाल राय का नाम भी रेस में था। वहीं पीछे से केजरीवाल की पत्नी सुनीता केजरीवाल की भी चर्चा चल रही थी।

दिल्ली की तीसरी महिला CM होंगी आतिशी

आतिशी मार्लेना ने ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी से पढ़ाई की है और अब वह दिल्ली की तीसरी महिला CM बनने जा रहीं हैं। आतिशी से पहले बीजेपी की ओर से सुषमा स्वराज और कांग्रेस की ओर से शीला दीक्षित दिल्ली की महिला मुख्यमंत्री रह चुकी हैं। बीजेपी नेता सुषमा स्वराज ने 1998 में थोड़े समय के लिए दिल्ली की 5वीं मुख्यमंत्री के रूप में काम किया था और दिल्ली की पहली महिला मुख्यमंत्री बनीं थी। इसके बाद कांग्रेस नेता शीला दीक्षित दिल्ली की दूसरी महिला मुख्यमंत्री बनीं। शीला दीक्षित 1998 से 2013 तक करीब 15 साल दिल्ली में कांग्रेस की सरकार रहते मुख्यमंत्री थीं।