Three Farm Laws Repeal

अचानक धमाका कर गए PM मोदी, तीनों कृषि कानून वापस

Three Farm Laws Repeal

Three Farm Laws Repeal

जिसकी उम्मीद नहीं की जा रही थी, आज 19 नवंबर 2021 दिन शुक्रवार को वैसा काम हो गया| दरअसल, बात केंद्र की मोदी सरकार द्वारा लाये गए तीन कृषि कानूनों की है| प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार सुबह देव दीपावली और गुरू नानक देव जी के पवित्र प्रकाश पर्व के अवसर पर देश को सम्बोधित किया और इस दौरान बड़ा ऐलान किया कि सरकार तीनों कृषि कानून वापस ले रही है|

पीएम मोदी ने कहा कि, आज देव दीपावली का पावन पर्व है और गुरू नानक देव जी का भी पवित्र प्रकाश पर्व है। मैं दुनिया के सभी लोगों को और सभी देशवासियों को इस पावन पर्व पर हार्दिक बधाई देता हूं| इसके साथ ही आज मैं सभी को बताना चाहता हूं कि हमने तीनों कृषि कानून को निरस्त करने का फ़ैसला किया है| इस महीने के अंत में शुरू होने जा रहे संसद सत्र में, हम इन तीनों कृषि कानूनों को Repeal करने की संवैधानिक प्रक्रिया को पूरा कर देंगे| मैं सभी आंदोलन किसान साथियों से आग्रह कर रहा हूं कि अब आप अपने-अपने घर और खेतों की तरफ़ लौटें|

किसानों के हित में थे कानून लेकिन ...

पीएम मोदी ने जहां कानूनों को वापस लेने का ऐलान किया, वहीं साथ ही उन्होंने जो बात कही| उससे साफ़ लग रहा है कि मोदी सरकार कानूनों को वापस नहीं करना चाहती थी लेकिन उसे मजबूर होना पड़ा| पीएम मोदी ने कहा कि  हमारी सरकार, किसानों के कल्याण के लिए, खासकर छोटे किसानों के कल्याण के लिए, देश के कृषि जगत के हित में, देश के हित में, गांव गरीब के उज्जवल भविष्य के लिए, पूरी सत्य निष्ठा से, किसानों के प्रति समर्पण भाव से, नेक नीयत से ये कानून लेकर आई थी|

पीएम मोदी ने कहा कि किसानों की स्थिति को सुधारने के इसी महाअभियान में देश में तीन कृषि कानून लाए गए थे। मकसद ये था कि देश के किसानों को, खासकर छोटे किसानों को, और ताकत मिले, उन्हें अपनी उपज की सही कीमत और उपज बेचने के लिए ज्यादा से ज्यादा विकल्प मिले| लेकिन इतनी पवित्र बात, पूर्ण रूप से शुद्ध, किसानों के हित की बात, हम अपने प्रयासों के बावजूद कुछ किसानों को समझा नहीं पाए। कृषि अर्थशास्त्रियों ने, वैज्ञानिकों ने, प्रगतिशील किसानों ने भी उन्हें कृषि कानूनों के महत्व को समझाने का भरपूर प्रयास किया पर कुछ हो न सका|

पीएम मोदी का संबोधन- video - https://twitter.com/narendramodi/status/1461537443337818113