Seven years for the people of Haryana, equal to half-sati

हरियाणा वासियों के लिए सात साल, साढे साति के समान : नेटा डिसूजा

Neta-Disuza

Seven years for the people of Haryana, equal to half-sati

अखिल भारतीय महिला कांग्रेस की अध्यक्ष नेटा डिसूजा ने कहा है कि हरियाणा की भाजपा सरकार के कार्यकाल के सात साल पूरे हो रहे हैं यह जश्न मनाने का बल्कि शर्म का विषय है क्योंकि हरियाणा के लिए यह सात साल किसी साढ़ेसती से कम नहीं हैं। इन सात सालों में हरियाणा विकास के क्षेत्र में 70 साल पीछे चला गया है। नेटा डिसूजा सोमवार को पंचकूला में प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक में भाग लेने पहुंची थी। उन्होंने कहा कि हरियाणा में सात वर्षों के दौरान बेरोजगारी ने रिकार्ड तोड़ दिए हैं। प्रत्येक सर्वे में हरियाणा की बेरोजगारी दर लगातार बढ़ी है। हरियाणा में महिलाओं के साथ होने अपराधिक घटनाओं में वृद्धि हुई है। आज हालात यह हैं कि हरियाणा में डीएपी खाद के लिए मारा मारी हो रही है।

उन्होंने महिलाओं को पार्टी की एकजुटता के लिए लामबंद होने की अपील करते हुए कहा कि हरियाणा की महिलाएं अगर ठान लें तो प्रदेश की खट्टर सरकार को चलता कर सकती हैं। यहां की महिलाओं में ये क्षमता है कि वे जनविरोधी सरकार को सबक सिखा सकती हैं। उन्होंने कहा कि हम देश की आबादी की 50 प्रतिशत महिलाओं की होने की बात तो करते हैं, मगर उन्हें उनके हिसाब से अधिकार नहीं देते हैं। महिला कांग्रेस अभी से महिलाओं को राजनीति में पूरी भागेदारी देने के लिए तैयार करना चाहती है। ताकि हरियाणा में आने वाले निकाय चुनाव में उनकी भागेदारी को सुनिश्चित किया जा सके।

उन्होंने महिला पदाधिकारियों से कहा कि आज देश में जिस तरह से रसोई गैस, पैट्रोल-डीजल, सब्जियों, दालों के दाम आसमान को छू रहे हैं, उसका सबसे ज्यादा असर महिलाओं की रसोई पर ही पड़ रहा है। ये बात आमजन को घर घर जाकर समझानी होगी। उन्होंने कहा कि भाजपा देश की आधी आबादी को बराबरी का हक देने की बातें सिर्फ अपने भाषणों में ही करती है, जबकि हकीकत इसके विपरीत है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की तकरीबन 78 प्रतिशत महिलाएं बेरोजगार हैं।

इससे पहले हरियाणा महिला कांग्रेस की अध्यक्ष सुधा भारद्वाज ने नेटा डिसूजा का पंचकूला पहुंचने पर स्वागत करते हुए महिला कांग्रेस की ओर से अब तक किए गए कार्यों की जानकारी दी। सुधा ने बताया कि आने वाले समय में प्रदेश में महिला कांग्रेस और भी मजबूत संगठन के रुप में दिखाई देगी। उन्होंने कहा कि आज प्रदेश का हर वर्ग इस सरकार से नाराज चल रहा है और अपने अपने अधिकारों को पाने के लिए न सिर्फ सडक़ों पर संघर्ष कर रहा है बल्कि धरने प्रदर्शन भी कर रहा है।

इस मौके पर उनके साथ अखिल भारतीय महिला कांग्रेस की महासचिव एवं हरियाणा मामलों की प्रभारी ओनिका मेहरोत्रा, नंदिता हुड्डा, सचिव सुनीता सहरावत, नारायणगढ़ की विधायक शैली चौधरी, हरियाणा कांग्रेस सेवादल की अध्यक्ष विमला सरोहा और हरियाणा महिला सेवादल की अध्यक्ष सुनीता शर्मा ने भी महिलाओं को संबोधित किया।

नेटा ने हरियाणा की महिलाओं को दिया नारा

अखिल भारतीय महिला कांग्रेस अध्यक्ष नेटा डिसूजा ने हरियाणा दौरे के दौरान यहां की महिलाओं को नारा दिया कि घर-घर तक यह संदेश पहुंचाना है,अगली बार भाजपा को बाहर का रास्ता दिखाना है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की महिलाएं इसी संकल्प के साथ आगे बढ़ते हुए अपने साथ अधिक से अधिक संख्या में महिलाओं को जोड़ेंगी।

महिलाएं लड़ेंगी महिलाओं की लड़ाई

नेटा डिसूजा ने बताया कि हरियाणा में महिला उत्पीडऩ की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। जिसके चलते कांग्रेस पार्टी द्वारा महिलाओं की लड़ाई लड़ी जाएगी। उन्होंने बताया कि प्रदेश में हरियाणा महिला कांग्रेस की ओर से जिला स्तर पर कानूनी प्रकोष्ठ बनाए जांएगे जोकि महिलाओं को आने वाली किसी भी तरह की समस्याओं का समाधान करने में उनकी मदद करेंगी।