हरियाणा मंत्रिमंडल का विस्तार आज

हरियाणा मंत्रिमंडल का विस्तार आज

हरियाणा मंत्रिमंडल का विस्तार आज

हरियाणा मंत्रिमंडल का विस्तार आज

भाजपा-जजपा कोटे से बनेगा एक-एक मंत्री 

देवेंद्र बबली व कमल गुप्ता का नाम सबसे आगे

ज्ञान चंद गुप्ता भी हो सकते हैं मंत्रिमंडल में शामिल

चंडीगढ़, 27 दिसंबर। हरियाणा की मनोहर सरकार मंगलवार को मंत्रिमंडल का विस्तार करने जा रही है। इस विस्तार के साथ ही मंत्रियों के विभागों में फेरबदल भी हो सकता है। यह बदलाव गठबंधन सरकार के सत्ता में आने के करीब सवा दो साल बाद होने जा रहा है। इस बात की जानकारी मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने अपने अधिकारिक ट्वीटर पर ट्वीट से दी। 28 दिसंबर को शाम 4 बजे हरियाणा राजभवन में शपथ ग्रहण समारोह होगा।
वर्तमान में 90 विधायकों वाली हरियाणा विधानसभा में मंत्रियों के दो पद खाली हैं। जिसमें से एक पद भाजपा तो दूसरा गठबंधन के सहयोगी जननायक जनता पार्टी के कोटे में जाएगा। जननायक जनता पार्टी के कोटे से टोहाना के विधायक देवेंद्र बबली का नाम तय है। उन्हें खाद्य एवं आपूर्ति विभाग दिया जा सकता है। अभी तक यह विभाग उप मुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला के पास है।
भाजपा कोटे से मंत्री बनाए जाने के लिए चार नाम चर्चा में हैं। सबसे ऊपर विधानसभा स्पीकर ज्ञानचंद गुप्ता का नाम चल रहा है, जिन्हें स्पीकर से पद से अलग कर मनोहर कैबिनेट में शामिल किया जा सकता है। ज्ञानचंद गुप्ता यदि मंत्री बनते हैं तो विधानसभा के बजट सत्र से पहने होने वाले स्पेशल सत्र में नए स्पीकर का चयन किया जा सकता है। 
भाजपा कोटे से ही हिसार के विधायक डा. कमल गुप्ता का नाम मंत्री पद के लिए लंबे समय से राजनीतिक गलियारों में घूम रहा है। इसके अलावा पलवल के विधायक दीपक मंगला का नाम भी मंत्री पद के लिए चल रहा है। भाजपा वैश्य कोटे से मंत्री बनाना चाह रही है। दीपक मंगला सीएम की पसंद हो सकते हैं, जबकि ज्ञानचंद गुप्ता केंद्रीय नेताओं की पसंद माने जा रहे हैं। मंगलवार सुबह तक इस बात को लेकर स्थिति साफ हो जाएगी कि मनोहर सरकार में कौन-कौन नए मंत्री बनेंगे और किनके विभागों में बदलाव होगा।