चौटाला परिवार में फिर चले शब्दों के तीर: देखें अभय ने किसको बनाया निशाना

Abhay

चरखी दादरी। Abhay Singh Chautala: हरियाणा के इनेलो विधायक अभय सिंह चौटाला ने किसानों के बहाने भाभी नैना चौटाला पर निशाना साधा है। बाढड़़ा में उन्होंने आरोप लगाया कि राजस्व विभाग ने किसानों के नुकसान की भरपाई के लिए आयी 8 करोड़ की राशि लौटा दी। क्षेत्र की विधायिका भी सरकार में शामिल है, उसकी जिम्मेदारी बनती थी, लेकिन किसानों को मुआवजा नहीं मिला।

ये तो केवल वोट की राजनीति वाले लोग रह गए हैं। उन्होंने डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला के बयान पर चुटकी लेते हुए कहा कि देर सवेर जजपा का भाजपा में विलय तय है।

हरियाणा के चरखी दादरी पहुंचे इनेलो विधायक अभय सिंह चौटाला ने बाढड़़ा के किसान भवन में किसानों से मुलाकात की। किसानों ने अभय को उनके क्षेत्र में स्पेशल गिरदावरी की आई राशि नहीं मिलने बारे ज्ञापन सौंपा और विधानसभा में उनकी आवाज उठाने की अपील की। किसानों की बात सुनने के बाद अभय चौटाला बोले कि किसानों के साथ स्पेशल गिरदावरी के मुआवजे मामले में नाइंसाफी हुई है।

इनेलो विधायक ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि स्पेशल गिरदावरी के बाद किसानों को राहत पहुंचाने के लिए 17 करोड़ रुपए मंजूर हुए थ। इनमें से 9 करोड़ रुपए ही वितरित हुए हैं। जबकि राजस्व विभाग द्वारा किसानों की 8 करोड़ रुपए की राशि वापस भेज दी गई। इस मामले को लेकर मुख्यमंत्री को पत्र लिखा जाएगा। साथ ही जिस अधिकारी द्वारा गिरदावरी में गड़बड़ी की गई है, उसके खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए।

अभय ने अपनी भाभी और डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला की मां एवं विधायक नैना चौटाला को भी निशाने पर लिया। उन्होंने कहा कि इस क्षेत्र की विधायिका भी सरकार में शामिल है। उसकी जिम्मेदारी बनती थी कि किसानों से मुआवजे में किसी प्रकार का भेदभाव न हो और पूरी राशि किसानों तक पहुंचे, लेकिन किसानों को मुआवजा नहीं मिला। वह तो केवल वोट की राजनीति वाले लोग हैं।

अभय चौटाला ने बाद में चरखी दादरी में दुष्यंत चौटाला पर भी करारा वार किया। उन्होंने कहा कि जजपा का भाजपा में विलय तय है। गौरतलब है कि दुष्यंत ने कहा कि ताऊ देवीलाल के समय से ही उनके भाजपा के साथ मधुर रिश्ते रहे हैं। अभय ने कहा कि जजपा पूरी तरह से भाजपा के रंग में रंग चुकी है। जजपा वाले भाजपा के लोगों से बिके हुए हैं।

इनेलो नेता ने कहा कि हरियाणा की गठबंधन सरकार कृषि के नाम पर चौथा काला कानून ला रही है। इनेलो पार्टी इसका पुरजोर विरोध करेगी और फरवरी माह से जिला स्तर पर प्रदर्शन करेगी। सरकार ने अगर कृषि कानून लागू किया तो कृषि कानूनों के खिलाफ चले आंदोलन की तर्ज पर फिर से आंदोलन करेंगे। अभय चौटाला चरखी दादरी क्षेत्र के कई गांव में पहुंचे थे।