दिल्ली के बाद चंडीगढ़ में आप ने भाजपा का विजय रथ रोका

दिल्ली के बाद चंडीगढ़ में आप ने भाजपा का विजय रथ रोका

दिल्ली के बाद चंडीगढ़ में आप ने भाजपा का विजय रथ रोका

दिल्ली के बाद चंडीगढ़ में आप ने भाजपा का विजय रथ रोका

पहली बार चुनाव लड़ी आप को सर्वाधिक सीटें

भाजपा दूसरे तो कांग्रेस तीसरे नंबर पर 

पार्टी चुनाव चिन्ह पर लड़ा था सभी ने चुनाव 

चंडीगढ़। भारतीय जनता पार्टी के हाथ से चंडीगढ़ नगर निगम की सत्ता निकल गई है। यहां पहली बार चुनाव लड़ी आम आदमी पार्टी सर्वाधिक सीटों पर जीत दर्ज करके सबसे बड़ी पार्टी के रूप में सामने आई है। सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी दूसरे तो कांग्रेस तीसरे स्थान पर आई है। 35 सीटों वाले चंडीगढ़ नगर निगम में सरकार बनाने के लिए 18 के बहुमत की जरूरत है, जो किसी के पास नहीं आया है।
यहां सभी दलों ने अपनी पार्टी के अधिकारिक चुनाव चिन्ह पर चुनाव लड़ा था। नगर निगम चुनाव के परिणामों में बड़ा उलटफेर देखने को मिला है। भाजपा और कांग्रेस को पछाड़ते हुए आप की धमाकेदार एंट्री हुई है। आप ने कुल 35 सीटों में से 14 पर जीत हासिल की है। भाजपा ने 12 और कांग्रेस ने 8 सीटों पर जीत हासिल की है। अकाली दल को एक सीट पर जीत हासिल की है। भाजपा के मेयर रविकांत खुद वार्ड नंबर 17 से चुनाव हार गए हैं। उन्हें आम आदमी पार्टी (आप) के दमनप्रीत सिंह ने 828 वोटों से हराया है। भाजपा के तीन पूर्व मेयर भी हारे हैं। देवेश मौदगिल और राजेश कालिया भी चुनाव हारे हैं जबकि पूर्व मेयर एवं प्रदेशाध्यक्ष अरुण सूद अपने वार्ड में भाजपा प्रत्याशी को नहीं जिता पाए हैं। 
चंडीगढ़ में आम आदमी पार्टी भले ही सबसे अधिक सीट जीतकर आई हो लेकिन आप में मेयर का चेहरा बने चंद्रमुखी शर्मा को कांग्रेस प्रत्याशी सचिन गालव ने हरा दिया है। इस चुनाव को भारतीय जनता पार्टी व आम आदमी पार्टी ने पूरी गंभीरता के साथ लड़ा था। जिसके चलते प्रचार में यहां दोनों दलों के दिग्गज नेताओं ने अपना शक्ति प्रदर्शन किया था।
इसी दौरान दिल्ली के उपमुख्यमंत्री और वरिष्ठ आप नेता मनीष सिसोदिया ने ट्वीट करके कहा है कि चंडीगढ़ के लोगों ने आम आदमी पार्टी को ग्रांड वेलकम दिया है। इसके लिए वे प्रत्येक मतदाता और पार्टी वर्कर का आभार व्यक्त करते हैं।  
निगम चुनाव के दौरान वार्ड नंबर एक से आप प्रत्याशी जसविंदर कौर, वार्ड नंबर दो से भाजपा के महेश इंद्र सिद्धू, वार्ड नंबर तीन से भाजपा के दलीप शर्मा, वार्ड नंबर चार से आप की सुमन देवी, वार्ड नंबर पांच से कांग्रेस की दर्शना, वार्ड नंबर छह से भाजपा की सरबजीत कौर, वार्ड नंबर सात से भाजपा से मनु, वार्ड नंबर आठ से कांग्रेस के हरजीत सिंह, वार्ड नंबर नौ से भाजपा की विमला दुबे, वार्ड नंबर दस से कांग्रेस की हरप्रीत कौर बबला, वार्ड नंबर 11 से भाजपा के अनूप गुप्ता, वार्ड नंबर 12 से भाजपा के सौरभ जोशी, वार्ड नंबर 13 से कांग्रेस के सचिन गालव, वार्ड नंबर 14 से भाजपा के कुलजीत सिंह संधू, वार्ड नंबर 15 से आप के रामचंद्र, वार्ड नंबर 16 से आप की पूनम, वार्ड नंबर 17 से आप के दमनप्रीत सिंह, वार्ड नंबर 18 से आप के तरूण मेहता, वार्ड नंबर 19 से आप की नेहा, वार्ड नंबर 20 से कांग्रेस के गुरचरण सिंह, वार्ड नंबर 21 से आप के जसबीर सिंह, वार्ड नंबर 22 से आप की अंजू कटियाल, वार्ड नंबर 23 से आप की प्रेम लता, वार्ड नंबर 24 से कांग्रेस के जसबीर सिंह, वार्ड नंबर 25 से आप के योगेश ढींगरा, वार्ड नंबर 26 से आप के कुलदीप कुमार, वार्ड नंबर 27 से कांग्रेस की गुरबख्श सिंह, वार्ड नंबर 28 से कांग्रेस की निर्मला देवी, वार्ड नंबर 29 से आप के मुन्नवर राणा, वार्ड नंबर 30 से शिरोमणि अकाली दल के हरदीप सिंह, वार्ड नंबर 31 से आप के लखवीर सिंह बिल्लू, वार्ड नंबर 32 से भाजपा के जसमनप्रीत सिंह बब्बर, वार्ड नंबर 33 से भाजपा के कंवरप्रीत सिंह, वार्ड नंबर 34 से कांग्रेस के गुरप्रीत सिंह तथा वार्ड नंबर 35 से भाजपा के राजिंद्र शर्मा ने चुनाव में जीत हासिल की है।