9 साल का इश्क, लव मैरिज और बेटियों के सामने बीवी का कत्ल... अब नए हत्याकांड से दहल उठा मेरठ

9 साल का इश्क, लव मैरिज और बेटियों के सामने बीवी का कत्ल... अब नए हत्याकांड से दहल उठा मेरठ

Wife Murder in Meerut

Wife Murder in Meerut

Wife Murder in Meerut: ब्रह्मपुरी क्षेत्र के माधवपुरम सेक्टर-3 में टैक्सी चालक मोहित शर्मा ने शुक्रवार रात पत्नी सलोनी शर्मा (32) की दो मासूम बेटियों के सामने दुपट्टे से गला दबाकर हत्या कर दी। शनिवार सुबह करीब चार बजे आरोपी ने 112 नंबर पर कॉल करके पुलिस को सूचना दी और फिर थाने पहुंचकर आत्मसमर्पण कर दिया। सलोनी के पिता प्रेमराज शर्मा ने दामाद के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई है। आरोपी के माता-पिता, दोस्त और रिश्तेदारों पर भी बेटी को परेशान करने का आरोप लगाया।

माधवपुरम सेक्टर-3 निवासी मोहित टैक्सी चलाता था। करीब नौ साल पहले उसने गाजियाबाद के लाजपतनगर निवासी सलोनी से लव मैरिज की थी। शादी के बाद मोहित पत्नी को किराए के मकान में लेकर रहने लगा। दोनों की दो बेटियां बेटी ईशु (6) व अराध्या (7) हैं। वह सेक्टर-3 में फकीरचंद के मकान में रह रहा था। 

शुक्रवार रात मोहित शराब पीकर घर पहुंचा। पति-पत्नी के बीच झगड़ा हुआ और मोहित ने गला दबाकर सलोनी की हत्या कर दी। मोहित को गिरफ्तार करने के बाद पुलिस ने मौके से साक्ष्य जुटाए और शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा।

आरोपी बोला, बेटी से मारपीट करती थी

एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह के मुताबिक पूछताछ में मोहित ने बताया कि सलोनी उससे अपने परिवार से अलग रहने के लिए कहती थी। बड़ी बेटी अराध्या के साथ आए दिन मारपीट करती थी। रोजाना किसी न किसी बात को लेकर झगड़ा करती थी। इससे वह काफी परेशान रहता था। शुक्रवार रात भी उनका परिवार की बातों को लेकर झगड़ा हुआ। शराब के नशे में उसने रोजाना के झगड़े को खत्म करने के लिए पत्नी की हत्या कर दी।

सलोनी ने किया बचाव

आरोपी ने पुलिस को बताया कि पत्नी बेड पर सो रही थी। दोनों बेटी नीचे जमीन पर बिछे बिस्तर पर सो रही थीं। रात करीब तीन बजे उसने पत्नी का गला दबाया। इसके बाद दुपट्टे से गला घोंट दिया। सलोनी ने खुद को बचाने की पूरी कोशिश की। आरोपी को नाखूनों से नोचा, लेकिन उसने सांस थमने तक सलोनी का गला दबाए रखा। आरोपी को पुलिस ने पूछताछ के बाद कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।

नौ साल में प्रेम कहानी का दर्दनाक अंत

मोहित और सलोनी की प्रेम कहानी का नौ साल में दर्दनाक अंत हो गया। दोनों ने वर्ष 2016 में प्रेम विवाह किया था। शुरुआत में सलोनी के परिजन लव मैरिज के खिलाफ थे। बाद में उन्होंने भी यह रिश्ता स्वीकार कर लिया। मोहित के परिजन मोदीनगर में रहते थे। बताया गया कि शादी के कुछ दिनों बाद पति-पत्नी में अकसर झगड़ा होने लगा। सलोनी के परिजनों का दखल भी परिवार में काफी बढ़ गया था। मोहित ने पुलिस की पूछताछ में बताया कि वह घर खर्च के लिए पैसा देता था। कभी पैसा कम पड़ जाए तो सलोनी के परिवार वाले घर आकर उसे ताना देते थे। सलोनी भी अपने परिजनों की बातों में आकर उस पर झूठे आरोप लगाती थी। बात पुलिस तक पहुंची, लेकिन पुलिस ने उसकी नहीं सुनी। पत्नी के व्यवहार से वह तंग आ चुका था।

बेटियों ने पिता को मां का लगा दबाते देखा

मोहित शनिवार शाम घर पहुंचा तो उसे नशे में देखकर सलोनी झगड़ा करने लगी। काफी देर तक झगड़ने के बाद दोनों अलग कमरों में सोने चले गए। बेटियां भी सो गईं। रात करीब तीन बजे मोहित उठा और दूसरे कमरे में सो रही पत्नी का गला दबा दिया। मां के चिल्लाने की आवाज सुनकर ईशु और आराध्या की आंख खुल गई। वह दोनों कुछ समझ नहीं पाई और रोते हुए पिता को मां का गला दबाते हुए देखती रहीं। सुबह घर में पुलिस पहुंची और कार्रवाई की।

बच्चियों को ले गए सलोनी के परिजन

सलोनी के परिजन दोनों बच्चियों को अपने साथ ले गए। मकान मालकिन विमलेश ने बताया कि सलोनी और मोहित के बीच आए दिन झगड़ा होता था। रात में भी दोनों के बीच झगड़े की आवाज सुनाई दे रही थी। फिर दोनों शांत हो गए। सुबह जब पुलिस घर पर आई तो उन्हें पता चला कि मोहित ने सलोनी की हत्या कर दी और खुद ही थाने पहुंच गया।

सलोनी ने जनवरी में चौकी पर की थी शिकायत

सलोनी के पिता ने दर्ज कराई रिपोर्ट में आरोप लगाया कि मोहित उनकी बेटी के साथ आए दिन मारपीट करता था। मोहित का सहयोग उसके पिता ब्रजेश शर्मा, मां बाला देवी, दोस्त सोनू, अमन, अमित, जीजा अर्जुन और बहन डॉली भी करते थे। मारपीट से तंग आकर उनकी बेटी ने बीती 15 जनवरी को माधवपुरम चौकी पर तहरीर भी दी थी। शनिवार रात करीब 11:30 बजे उनकी फोन पर बेटी से बात हुई थी। उसने बताया था कि मोहित परेशान कर रहा है। वह उसकी हत्या भी कर सकता है। सुबह बेटी के मकान मालिक फकीरचंद ने उन्हें फोन करके सूचना दी कि सलोनी की मोहित ने गला दबाकर हत्या कर दी। वह पत्नी पुष्पा और बेटे अमन शर्मा के साथ मौके पर आए तो बेटी का शव बिस्तर पर मिला। पुलिस भी वहां आ चुकी थी।