67.90 percent voting till 6 pm in Chandigarh

चंडीगढ़ में शाम 6 बजे तक 67.90 प्रतिशत वोटिंग

67.90 percent voting till 6 pm in Chandigarh

67.90 percent voting till 6 pm in Chandigarh

67.90 percent voting till 6 pm in Chandigarh- चंडीगढ़ (साजन शर्मा)। चंडीगढ़ में लोकसभा चुनाव के लिए देर शाम 6 बजे तक लोकसभा सीट पर 67.90  प्रतिशत वोटिंग हुई। गौरतलब है कि 2019 के लोकसभा चुनाव में चंडीगढ़ में करीब 70.54 प्रतिशत वोटिंग हुई थी। धनास गांव समेत अन्य कई जगहों पर मतदाताओं के लिए न तो पीने के पानी की व्यवस्था की गई थी और न ही टेंट की। इस कारण धनास गांव में मतदाताओं और पुलिस के बीच हाथापाई हो गई।

मौके पर मौजूद पुलिस अधिकारी स्थिति को शांत करने की कोशिश करते रहे। लोग तेज धूप में खड़े रहे। कई लोगों के गर्मी की वजह से बेहोश होने की भी सूचना है। चंडीगढ़ के बहुत से इलाकों, खासकर कालोनियों में सुबह 5 बजे से लंबी कतारें लग गई थी। मौली जागरां, हल्लोमाजरा, विकास नगर, बापू धाम, इंदिरा कालोनी, मलोया और धनास समेत सेक्टर 53 में लगी कतारों ने तो हद ही कर दी। बताया जा रहा है कि यहां मतदाता सुबह पांच बजे से ही कतारों में लग गये थे। 

इस सीट पर कुल 19 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। इनमें से मुख्य मुकाबला भाजपा के संजय टंडन और कांग्रेस-आप के मनीष तिवारी के बीच में है। कांग्रेस उम्मीदवार मनीष तिवारी अपने लिए वोट नहीं कर पाएंगे क्योंकि उनका वोट पंजाब के लुधियाना में पड़ता है। 

चंडीगढ़ की सीट पर कुल 6,59,805 मतदाता हैं। इनमें से 3,41,544 पुरुष, 3,18,226 महिला और 35 थर्ड जेंडर वोटर हैं। वहीं फर्स्ट टाइम वोटरों की संख्या 17,977 और दिव्यांग मतदाताओं की संख्या 3,816 है।

बूथों पर रही अव्यवस्थ

चंडीगढ़ प्रशासन ने शहर में चुनाव की उचित व्यवस्था की पूरी तरह से उपेक्षा की। बूथों पर व्यवस्थाओं का अभाव देखकर हर कोई आश्चर्यचकित हुआ। कॉलोनियों में मतदाताओं को पीने के पानी की कोई व्यवस्था नहीं होने पर चिलचिलाती धूप में लंबी कतारों में खड़ा होना पड़ा। मतदान केंद्रों पर वरिष्ठ नागरिकों के लिए अलग कतार नहीं थी। जिन लोगों ने अलग कतार की मांग की उन्हें कोरा सा जवाब मिला। कई वरिष्ठ नागरिक लंबी कतारों में खड़े पाए गये। कुछ जगहों पर तो गर्मी से चक्कर खाकर बुजुर्ग गिर गये। बूथों पर दिव्यांगों व बुजुर्गों के लिये व्हीलचेयर की भी व्यवस्था नहीं थी। व्हीलचेयर की आवाजाही संभव नहीं थी। पीने के पानी की कोई व्यवस्था नहीं थी। मतदाताओं को गर्मी में भी वोट देने के लिए घर से निकलने के लिए प्रेरित करने की कोई व्यवस्था नहीं की गयी। बहुत से बूथों पर इस तरह की शिकायतें सामने आई।

कईयों ने डाला मत

बॉलीवुड अभिनेता आयुष्मान खुराना ने मुंबई से आकर चंडीगढ़ में अपना वोट डाला। उन्होंने लोगों से बड़ी संख्या में मतदान करने की अपील की। सांसद और अभिनेत्री किरण खेर ने भी सेक्टर 7 में मतदान किया। भाजपा उम्मीदवार संजय टंडन ने परिवार सहित और हरियाणा के सीईओ अनुराग अग्रवाल ने भी वोट डाला। भाजपा के वरिष्ठ नेता सत्यपाल जैन ने भी परिवार सहित अपना वोट डाला। देवेश मोदगिल भी वोट डालने के लिये पहुंचे। पूर्व मेयर और वरिष्ठ नेता सुभाष चावला ने भी परिजनों सहित धनास में वोट डाला। जानकारी के मुताबिक मनीष तिवारी परिजनों सहित वोट नहीं डाल पाए क्योंकि उनका वोट लुधियाना में था। चंडीगढ़ कांग्रेस के प्रधान एचएस लक्की और एडवाइजर राजीव वर्मा ने अपने अपने मतदान केंद्र में जाकर वोट डाला। पूर्व सांसद व वरिष्ठ कांग्रेस नेता पवन बंसल ने भी परिवार समेत वोट डाला।

पेड़ का तना टूटकर वोटरों पर गिरा, दो घायल

सेक्टर 35 स्थित सरकारी स्कूल में बनाये गये पोलिंग बूथ में वोट डालने आए लोगों पर पेड़ का तना टूटकर गिर गया। इस घटना में दो युवक घायल हो गये। डड्डूमाजरा में मतदान करने पहुंचे एक बुजुर्ग को अचानक चक्कर आ गया और वह जमीन पर गिर गया। उन्हें सेक्टर 16 के अस्पताल ले जाया गया। बुजुर्ग के परिजनों ने बताया कि गर्मी की वजह से चक्कर आ गये। मतदान केंद्र में हवा पानी का प्रबंध नहीं था जिससे घबराहट हुई और चक्कर खाकर बुजुर्ग गिर गये।